विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

आर्मी चीफ बोले- भारत ऑपरेशन सिंदूर 2.0 की तैयारी में, तीनों सेनाएं 24 घंटे तैयारी कर रहीं, अभी केवल संघर्ष विराम

Published: Sat, 30 May 2026 11:50 AM (IST)Updated: Sat, 30 May 2026 01:55 PM (IST)

सेना प्रमुख उपेंद्र द्विवेदी ने कहा कि भारत 'ऑपरेशन सिंदूर 2.0' की तैयारी कर रहा है, जो पहलगाम हमले के बाद पाकिस्तान की हरकतों का जवाब है।

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। सेना प्रमुख उपेंद्र द्विवेदी ने शनिवार को कहा, "भारत ऑपरेशन सिंदूर 2.0 की तैयारी कर रहा है।" उन्होंने जोर देकर कहा कि पहलगाम आतंकी हमले के बाद पाकिस्तान की हरकतों के जवाब में सेना ने जो रुख अपनाया था, वह अभी भी कायम है।

न्यूज एजेंसी एएनआई से बात करते हुए सेना प्रमुख ने इस बात पर जोर दिया कि ऑपरेशन सिंदूर अभी भी जारी है और मौजूदा हालात को दुश्मनी में अस्थायी विराम बताया।

पाकिस्तान को दिया कड़ा संदेश

जनरल द्विवेदी ने पाकिस्तान का सीधे तौर पर नाम लिए बिना भारत की सैन्य तैयारियों जिक्र करते हुए एक कड़ा संदेश दिया। उन्होंने संकेत दिया कि अगर कोई नया ऑपरेशन जरूरी हो जाता है तो न केवल सेना, बल्कि वायुसेना और नौसेना भी पूरी तरह तैयार हैं।

सेना प्रमुख ने कहा, "भारतीय सेना और तीनों सेनाएं ऑपरेशन सिंदूर 2.0 के लिए अच्छी तैयारी कर रही हैं, अगर ऐसा होता है तो। फिलहाल, हम तीनों सेनाओं के बीच तालमेल बढ़ाने पर ध्यान दे रहे हैं और अगले युद्ध के लिए खुद को तैयार कर रहे हैं... 24x7।"

'रहना होगा बहुत सतर्क'

उन्होंने आगे कहा, "युद्ध का मैदान इतना खुला है कि हर हरकत की जानकारी दूसरी तरफ वालों को होती है। इसलिए, हमें अपनी तैनाती, इस्तेमाल और अपने सैनिकों के साथ-साथ सीमावर्ती इलाकों में रहने वाले नागरिकों की सुरक्षा के मामले में बहुत ज्यादा सतर्क रहना होगा।"

जनरल द्विवेदी ने कहा कि इन्फॉर्मेशन वॉरफेयर तभी सफल होता है, जब यह पूरे देश को एक साझा नैरेटिव के पीछे एकजुट कर दे। उन्होंने कहा, "सूचना युद्ध तभी सफल होता है जब पूरा देश एकजुट हो जाए और उन लोगों पर भरोसा करे जो जानकारी दे रहे हैं। अगर ऐसा होता है तो मैं आपको यकीन दिला सकता हूं कि जो देश एक-दूसरे पर और इन सभी हितधारकों पर भरोसा करता है, वह हमेशा युद्ध जीतेगा।"

पिछले साल भारत ने 7 और 8 मई, 2025 की दरमियानी रात को पाकिस्तान-प्रायोजित आतंकवाद के कड़े जवाबी सैन्य कदम के तौर पर 'ऑपरेशन सिंदूर' शुरू किया था। यह ऑपरेशन 22 अप्रैल को दक्षिण कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद शुरू किया गया था, जहां पाकिस्तान-समर्थित आतंकवादियों ने सुरम्य बैसरन घाटी में गोलीबारी की थी, जिसमें 26 लोगों की मौत हो गई थी।

यह भी पढ़ें: 'ऑपरेशन सिंदूर में देखने को मिली भारत की स्मार्ट पावर', बोले सेना प्रमुख उपेंद्र द्विवेदी