अब बौनेपन को भी माना जाएगा दिव्यांगता, केंद्र सरकार का बड़ा फैसला
केंद्र सरकार ने दिव्यांगजन अधिकार अधिनियम, 2016 के तहत दिव्यांगता की आठ श्रेणियों के आकलन के लिए संशोधित दिशानिर्देश जारी किए हैं।

बौनेपन को माना जाएगा दिव्यांगता (AI जेनरेटेड फोटो)
HighLights
दिव्यांगता आकलन के लिए संशोधित दिशानिर्देश जारी किए गए।
बौनेपन को अब दिव्यांगता की श्रेणी में शामिल किया।
147 सेंटीमीटर से कम लंबाई वाले वयस्क बौनेपन में।
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। केंद्र सरकार ने दिव्यांगजन अधिकार अधिनियम, 2016 के तहत दिव्यांगता की आठ श्रेणियों के आकलन के लिए संशोधित दिशानिर्देश जारी किए हैं। ये दिशानिर्देश मार्च, 2024 में जारी मानकों की जगह लेंगे।
इसमें बौनेपन को भी दिव्यांगता माना जाएगा और बौनेपन की परिभाषा में 147 सेंटीमीटर (4 फीट 8 इंच) से कम लंबाई के वयस्कों को शामिल किया गया है।
दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग ने 18 नवंबर को ये दिशानिर्देश जारी किए। इनमें चलने-फिरने संबंधी दिव्यांगता, दृष्टिबाधा, श्रवणबाधा और वाणी एवं भाषा संबंधी दिव्यांगता, सीखने की क्षमता संबंधी दिव्यांगता, बौद्धिक दिव्यांगता एवं ऑटिज्म स्पेक्ट्रम विकार, मानसिक बीमारी, रक्त विकार, बहु-दिव्यांगता एवं दीर्घकालिक तंत्रिका संबंधी विकार शामिल हैं।
चलने-फिरने संबंधी दिव्यांगता
चलने-फिरने संबंधी दिव्यांगता के मामले में ऊपरी अंगों के आकलन में बांह एवं हाथ की गति की सीमा, मांसपेशियों की ताकत, समन्वित गतिविधियां, पकड़ने की क्षमता और संवेदना को शामिल किया गया है। इसमें अंग-विच्छेदन, सेरेब्रल पाल्सी, कुष्ठ रोग से ठीक हुए लोग, बौनापन, मस्कुलर डिस्ट्रॉफी और रीढ़ की विकृतियां शामिल हैं।
अंग-विच्छेदन के मामलों को छोड़कर ऐसे मामलों में छह माह तक लक्षण रहने के बाद अस्थायी दिव्यांगता प्रमाणपत्र जारी किए जाएंगे। स्थायी प्रमाणपत्र 18 वर्ष की आयु पूरी होने के बाद जारी किए जाएंगे।
दिव्यांग व्यक्ति के अनुरोध पर या विषय विशेषज्ञ की सिफारिश पर हर 10 वर्ष में फिर आकलन किया जाएगा। बौनेपन की परिभाषा में 147 सेंटीमीटर (4 फीट 8 इंच) से कम लंबाई के वयस्क को शामिल किया गया है।
लंबाई में हर एक इंच की कमी पर चार प्रतिशत स्थायी शारीरिक दिव्यांगता मानी जाएगी। इससे जुड़ी हड्डियों की विकृतियों का आकलन अलग से होगा।
दृष्टिबाधा
अंधता में दृष्टि का पूरी तरह नहीं होना, यथासंभव सुधार के बाद बेहतर आंख की दृष्टि की स्पष्टता 3/60 से कम होना या दृष्टि क्षेत्र 10 डिग्री से कम होना शामिल है। अल्प दृष्टि में दृष्टि की स्पष्टता 6/18 से कम और 3/60 तक, या दृष्टि क्षेत्र 40 डिग्री से कम और 10 डिग्री तक होना शामिल है।
श्रवणबाधा और वाणी एवं भाषा संबंधी दिव्यांगता
श्रवणबाधा संबंधी दिव्यांगता का आकलन प्योर टोन आडियोमेट्री से किया जाएगा। इसमें 500, 1000, 2000 और 4000 हर्ट्ज पर सुनने की सीमा मापी जाएगी।
वाणी एवं भाषा संबंधी दिव्यांगता के आकलन में लैरिंजेक्टामी (गले से स्वरयंत्र निकालने की सर्जरी), ग्लोसेक्टोमी (जीभ निकालने की सर्जरी), दोनों स्वर तंत्रियों का पक्षाघात (बाइलैटरल वोकल कार्ड्स पैरालिसिस), डिसार्थ्रिया (बोलने की मांसपेशियों की कमजोरी) और एप्रेक्सिया ऑफ स्पीच (बोलने में कठिनाई) जैसी स्थितियां शामिल हैं।
बाद की दो स्थितियों का आकलन पंजीकृत स्पीच लैंग्वेज पैथोलाजिस्ट की ओर से नियमित एवं दर्ज स्पीच थेरेपी के एक वर्ष बाद किया जाएगा।
बौद्धिक दिव्यांगता एवं ऑटिज्म स्पेक्ट्रम विकार
बौद्धिक दिव्यांगता के आकलन में बौद्धिक क्षमता और अनुकूल व्यवहार पर विचार किया जाएगा। बार्डरलाइन दिव्यांगता के लिए 25 प्रतिशत, माइल्ड के लिए 50 प्रतिशत, मोडरेट के लिए 75 प्रतिशत, सीवियर के लिए 90 प्रतिशत और प्रोफाउंड के लिए 100 प्रतिशत दिव्यांगता तय की गई है।
एक वर्ष से अधिक और पांच वर्ष तक की आयु के बच्चों में निदान ग्लोबल डेवलपमेंट डिले (जीडीडी) के आधार पर किया जाएगा, जबकि पांच वर्ष से अधिक आयु के बच्चों का आकलन बौद्धिक दिव्यांगता के लिए होगा।
ऑटिज्म स्पेक्ट्रम विकार का निदान एम्स-मोडिफाईड आइएनसीएलईएन टूल से किया जाएगा। छह वर्ष से कम आयु के बच्चों में मोडरेट ऑटिज्म का निदान किया जाएगा और उन्हें अस्थायी प्रमाणपत्र दिया जाएगा।
छह वर्ष या उससे अधिक आयु में उनका फिर से आकलन होगा। छह वर्ष या उससे अधिक आयु के लोगों में इंडियन स्केल फॉर असेसमेंट ऑफ ऑटिज्म (आइएसएए) स्कोर 70 होने पर दिव्यांगता 40 प्रतिशत, 71 से 88 के बीच स्कोर पर 50 प्रतिशत, 89 से 106 पर 60 प्रतिशत, 107 से 123 पर 70 प्रतिशत, 124 से 140 पर 80 प्रतिशत, 141 से 153 पर 90 प्रतिशत और 153 से अधिक स्कोर पर 100 प्रतिशत होगी। 70 से कम स्कोर का मतलब है कि ऑटिज्म नहीं है।
सीखने की क्षमता संबंधी दिव्यांगता
सीखने की क्षमता संबंधी दिव्यांगता में पढ़ने, लिखित अभिव्यक्ति और गणित संबंधी कठिनाइयां शामिल हैं। साक्ष्य आधारित सुधार की कोशिशों के बावजूद ये कठिनाइयां कम से कम छह महीने तक बनी रहनी चाहिए।
आकलन के लिए आइक्यू स्कोर 85 या उससे अधिक होना जरूरी है। 18 वर्ष तक के बच्चों के लिए निमहंस परीक्षण व एनआइईपीआइडी ग्रेड लेवल असेसमेंट इंस्ट्रूमेंट फार स्कूल्स निर्धारित किए गए हैं। जबकि वयस्कों के लिए एनआइईपीआइडी अडल्ट असेसमेंट टूल फार स्पेसिफिक लर्निंग डिसएबिलिटी निर्धारित है।
मानसिक बीमारी
मानसिक बीमारी का आकलन मनोचिकित्सक की चिकित्सकीय जांच और इंडियन डिसएबिलिटी इवैल्यूएशन एंड असेसमेंट स्केल से होगा। इसमें खुद की देखभाल, पारस्परिक गतिविधियां, संवाद एवं समझ तथा काम को शामिल किया गया है।
माइल्ड दिव्यांगता के लिए 25 प्रतिशत, मोडरेट के लिए 55 प्रतिशत, सीवियर के लिए 85 प्रतिशत और प्रोफाउंड के लिए 100 प्रतिशत तय किया गया है। स्थायी प्रमाणपत्र के लिए बीमारी की न्यूनतम अवधि दो वर्ष होनी चाहिए।
दो वर्ष से कम अवधि की बीमारी के लिए निश्चित अवधि वाला प्रमाणपत्र जारी किया जा सकता है, हालांकि सीवियर या प्रोफाउंड मामलों में स्थायी प्रमाणपत्र पर विचार किया जा सकता है।
रक्त विकार
रक्त विकारों में हीमोफीलिया, थैलेसीमिया और सिकल सेल विकार शामिल हैं। सीवियर हीमोफीलिया, थैलेसीमिया मेजर या इंटरमीडिया, ट्रांसफ्यूजन-डिपेंडेंट थैलेसीमिया इंटरमीडिया, होमोजाइगस सिकल सेल बीमारी और सीवियर कंपाउंड हेटेरोजाइगस सिकल सेल सिंड्रोम (जिनमें सिकल-बीटा थैलेसीमिया और सिकल-एचबी डी शामिल) के मानदंड पूरे करने वाले मरीजों के लिए 40 प्रतिशत मानक दिव्यांगता तय की गई है।
हीमोफीलिया के मानदंडों में फैक्टर 8 या 9 का स्तर (रक्त का थक्का जमाने वाले कारक) पांच प्रतिशत से कम होना शामिल है। इसके साथ प्रमुख जोड़ों में दो या अधिक बार रक्तस्राव, मस्तिष्क के भीतर एक बार रक्तस्राव या मांसपेशी में एक बार रक्तस्राव का इतिहास भी होना चाहिए।
बहु-दिव्यांगता एवं दीर्घकालिक तंत्रिका संबंधी विकार
बहु-दिव्यांगता के मामलों में दो या अधिक निर्धारित स्थितियों का अलग-अलग आकलन किया जाएगा। कुल गणना में केवल 25 प्रतिशत या उससे अधिक दिव्यांगता वाली स्थितियां शामिल होंगी।
निर्धारित फॉर्मूले में दिव्यांगता के अधिक और कम प्रतिशत को मिलाया जाता है। उदाहरण के लिए, 40 प्रतिशत श्रवण दिव्यांगता और 30 प्रतिशत दृष्टि दिव्यांगता से कुल दिव्यांगता 58 प्रतिशत होगी। संयुक्त प्रतिशत 100 से अधिक नहीं हो सकता।
पार्किंसन रोग और मल्टीपल स्क्लेरोसिस समेत दीर्घकालिक तंत्रिका संबंधी विकारों का आकलन चलने-फिरने, दृष्टि, श्रवण, वाणी, संज्ञानात्मक और मनोसामाजिक क्षमताओं में आई दिव्यांगता के आधार पर किया जाएगा।
मिर्गी के मामले में एक बार दौरा पड़ने पर दिव्यांगता शून्य प्रतिशत, महीने में एक से पांच दौरे पड़ने पर 25 प्रतिशत, छह से 10 दौरे पड़ने पर 50 प्रतिशत और महीने में 10 से अधिक दौरे पड़ने पर 75 प्रतिशत तय की गई है। राज्य सरकारें और केंद्र शासित प्रदेशों के प्रशासन दिव्यांगता प्रमाणपत्र और विशिष्ट दिव्यांगता पहचान कार्ड जारी करने के लिए आवश्यक योग्यता और अनुभव वाले लोगों को प्रमाणन प्राधिकारी नियुक्त करेंगे।
परिभाषाओं, वर्गीकरण या मूल्यांकन प्रक्रियाओं की व्याख्या से जुड़े संदेह वाले मामलों पर स्वास्थ्य मंत्रालय के स्वास्थ्य सेवा महानिदेशक निर्णय लेंगे।
(समाचार एजेंसी पीटीआई के इनपुट के साथ)
यह भी पढ़ें- 'शिकायत झूठी निकली तो भुगतने होंगे नतीजे', सुप्रीम कोर्ट ने डाटाबेस बनाने की मांग वाली PIL याचिका की खारिज
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।