बिना इंटरनेट मोबाइल पर आएगा आपदा अलर्ट, केंद्र सरकार ने शुरू किया सेल ब्रॉडकास्ट सिस्टम
केंद्र सरकार ने आपदाओं और आपात स्थितियों के लिए 'सेल ब्रॉडकास्ट अलर्ट सिस्टम' (सचेत) लॉन्च किया है। यह स्वदेशी तकनीक ...और पढ़ें

बिना इंटरनेट मोबाइल पर आएगा आपदा अलर्ट (यह तस्वीर AI द्वारा बनाई गई है।)
HighLights
केंद्र सरकार ने 'सचेत' सेल ब्रॉडकास्ट अलर्ट सिस्टम लॉन्च किया
यह प्रणाली आपदाओं में नागरिकों को तत्काल संदेश भेजेगी
बिना इंटरनेट भी मोबाइल पर क्षेत्रीय भाषाओं में अलर्ट मिलेगा
जागरण ब्यूरो, नई दिल्ली। शनिवार सुबह सबकुछ सामान्य था, लेकिन देशभर में करोड़ों नागरिक अचानक सकते में आ गए। कुछ पल के लिए वह समझ ही नहीं पाए कि अचानक उनके घर के प्रत्येक मोबाइल फोन से बीप की आवाज आने लगी।
मोबाइल स्क्रीन ने धड़कन थोड़ी और बढ़ाई, क्योंकि उस पर ऊपर ही रेड सिग्नल के साथ लिखा था- ''एक्सट्रीमली सीवियर एलर्ट!'' फिर एक आडियो गूंजा और तसल्ली से जब उस फ्लैश मैसेज को पढ़ा तो मालूम हुआ कि यह देश की एक उपलब्धि का संदेश है।
यह देश की उस स्वदेशी तकनीक का शुभारंभ है, जिसके माध्यम से किसी भी आपदा या आपात स्थिति में पलक झपकते ही नागरिकों के पास इमरजेंसी अलर्ट का संदेश अब ''सेल ब्राडकास्ट अलर्ट सिस्टम'' के माध्यम से पहुंच जाया करेगा।
गृह मंत्रालय के अधीन आने वाले राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (एनडीएमए) और केंद्रीय संचार मंत्रालय के सेंटर फार डेवलपमेंट आफ टेलीमेटिक्स (सी. डाट) ने कामन अलर्टिंग प्रोटोकाल पर आधारित इंटीग्रेटेड अलर्ट सिस्टम ''सचेत'' विकसित किया है।
इसका शुभारंभ शनिवार सुबह केंद्री संचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने नई दिल्ली से किया। उनके रिमोट बटन दबाने के साथ ही सुबह 11.42 मिनट पर देशभर में करोड़ों मोबाइल उपभोक्ताओं के पास ट्रायल का एलर्ट मैसेज पहुंचा। चूंकि, तीन बार बीप की आवाज के साथ यह मैसेज अचानक फ्लैश हुआ, इसलिए नागरिक थोड़ा घबराए जरूर, लेकिन इसका उद्देश्य स्पष्टत: उस संदेश में लिखा था।
संदेश था- ''भारत ने स्वदेशी तकनीक का उपयोग करते हुए सेल ब्राडकास्ट सेवा शुरू की है, जिससे नागरिकों को आपदा की तत्काल सूचना मिल सकेगी। सतर्क नागरिक, सुरक्षित देश। इस संदेश को प्राप्त करने पर जनता को कोई कार्रवाई करने की आवश्यकता नहीं है। यह एक परीक्षण संदेश है।- भारत सरकार।''
दरअसल, सरकार की ओर से बताया गया है कि इस प्रणाली के माध्यम से आपदाओं, आपात स्थितियों और जन सुरक्षा से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी सीधे और तुरंत नागरिकों के मोबाइल फोन पर भेजी जाएगी। इस पहल के अंतर्गत ही आज देशव्यापी परीक्षण किया गया, जिसके दौरान देश भर के मोबाइल फोनों पर बीप ध्वनि के साथ आपातकालीन चेतावनी संदेश प्रदर्शित किए गए।
यह परीक्षण प्राकृतिक आपदाओं, गंभीर मौसम की घटनाओं और अन्य आपातकालीन स्थितियों के दौरान त्वरित चेतावनी प्रसार सुनिश्चित करने के लिए की गई तैयारियों का हिस्सा है। बताया गया है कि यह ऐसी तकनीक है कि यदि मोबाइल फोन में इंटरनेट कनेक्टिविटी नहीं होगी तो भी यह लक्षित क्षेत्रों में हिंदी और अंग्रेजी के अलावा क्षेत्रीय भाषाओं में अलर्ट मैसेज भेजा जा सकेगा।
