विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'हिंद-प्रशांत की स्थिरता के लिए भारत-जापान के बीच मजबूत साझेदारी जरूरी', 2+2 वार्ता में बोले जयशंकर

Published: Wed, 18 Nov 2026 08:26 PM (IST)

विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने भारत-जापान संबंधों को बदलते वैश्विक हालात में भरोसेमंद साझेदारी बताया, जो हिंद-प्रशांत क्षेत्र की शांति और स्थिरता के लिए महत्वपूर्ण है।

जापान के विदेश मंत्री तोशिमित्सु मोतेगी के साथ विदेश मंत्री जयशंकर (फोटो-पीटीआई)

जापान के विदेश मंत्री तोशिमित्सु मोतेगी के साथ विदेश मंत्री जयशंकर (फोटो-पीटीआई)

HighLights

  1. जयशंकर ने भारत-जापान संबंधों को भरोसेमंद साझेदारी बताया।

  2. हिंद-प्रशांत क्षेत्र की शांति और स्थिरता पर जोर दिया।

  3. टोक्यो में भारत-जापान 2+2 वार्ता सैन्य सहयोग पर केंद्रित।

जागरण ब्यूरो, नई दिल्ली। विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने भारत और जापान के बीच हर क्षेत्र में मजबूत और प्रगाढ़ संबंधों की वकालत करते हुए कहा है कि बदलते वैश्विक हालात में दोनों देशों के बीच भरोसेमंद साझेदारी करना अब समय की जरूरत बन गई है।

जयशंकर ने कहा कि हिंद-प्रशांत क्षेत्र के दो प्रमुख देश होने के नाते भारत और जापान पूरे क्षेत्र को शांतिपूर्ण, स्थिर और समान अवसर वाला बनाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।

भारत-जापान टू प्लस टू वार्ता

जयशंकर और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह बुधवार को टोक्यो पहुंचे, जहां 19 नवंबर को भारत-जापान टू प्लस टू वार्ता होनी है। इसमें जापान के रक्षा मंत्री शिंजिरो कोइजुमी और विदेश मंत्री तोशीमित्सु मोतेगी हिस्सा लेंगे। यह बैठक सैन्य सहयोग, हिंद-प्रशांत में रणनीतिक साझेदारी और विश्वसनीय सप्लाई चेन पर फोकस करेगी।

रायसीना टोक्यो के उद्घाटन पर बोलते हुए जयशंकर ने वैश्विक परिदृश्य की पांच प्रमुख विशेषताओं का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय व्यवस्था को कोविड महामारी, दो बड़े संघर्षों, व्यापार व्यवधानों और आर्थिक अस्थिरता के झटकों का सामना करना पड़ा है।

संसाधन, ऊर्जा, बाजार पहुंच, तकनीक और वित्त को हथियार बनाया जा रहा है, जबकि चोकपॉइंट्स (आपूर्ति को बाधित करना) रणनीतिक एजेंडे का हिस्सा बन गए हैं। अत्यधिक प्रतिस्पर्धा और जोखिम लेने की प्रवृत्ति बढ़ रही है।

जयशंकर ने जोर दिया कि अनिश्चितता के इस दौर में भरोसेमंद साझेदारियां और छोटी सप्लाई चेन ज्यादा मूल्यवान हो गई हैं। जयशंकर ने कहा कि हिंद-प्रशांत क्षेत्र में ये पांचों कारक खासतौर पर प्रभावी हैं। स्वतंत्र और खुले हिंद-प्रशांत को बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध भारत और जापान को अपने राष्ट्रीय हितों की रक्षा करनी होगी, साथ ही साझेदारों को मजबूत बनाने और विश्वसनीय सहयोग के आधार को गहरा करना होगा। यही भारत-जापान एजेंडे का मूल है।

विदेश मंत्री ने कहा कि बदलते वैश्विक संदर्भ ने दोनों देशों की राष्ट्रीय क्षमताओं को मजबूत करने और प्रमुख क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने का सबसे मजबूत तर्क दिया है। दोनों एक-दूसरे के पूरक साझेदार हैं। इतिहास में कभी हितों का टकराव नहीं रहा और लोकतांत्रिक व्यवस्था में संबंध पक्षपात से परे रहे हैं। अब राजनीतिक नेतृत्व, रणनीतिक संदर्भ और आर्थिक सुरक्षा की प्राथमिकता ने नए गति की जरूरत पैदा कर दी है।

जयशंकर ने जापानी साझेदारों के लिए छह सुझाव दिए और भारत में निवेश बढ़ाने, उन्नत मैन्युफैक्चरिंग, सेमीकंडक्टर, क्रिटिकल मिनरल्स, स्वच्छ ऊर्जा और फार्मास्यूटिकल्स में सहयोग बढ़ाने के लिए आमंत्रित किया। उन्होंने कहा कि संबंधों को विस्तार देने से न केवल हिंद-प्रशांत स्थिर होगा, बल्कि बहुध्रुवीय एशिया और दुनिया को एक महत्वपूर्ण स्तंभ मिलेगा।

इसी बीच टोक्यो में टू प्लस टू वार्ता की तैयारी जोरों पर है। विदेश मंत्रालय के अनुसार, भारत-जापान विशेष रणनीतिक और वैश्विक साझेदारी लोकतंत्र, स्वतंत्रता और कानून के शासन पर आधारित है तथा स्वतंत्र, खुले और लचीले हिंद-प्रशांत के लिए प्रतिबद्ध है।

राजनाथ सिंह को गार्ड ऑफ ऑनर

राजनाथ सिंह को जापानी रक्षा मंत्रालय में गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। उन्होंने कोइजुमी के साथ योकोसुका में जापान मैरीटाइम सेल्फ-डिफेंस फोर्स के मोगामी-क्लास स्टील्थ फ्रिगेट जेएस नाटोरी का निरीक्षण भी किया।

राजनाथ सिंह ने कहा कि बढ़ता समुद्री सहयोग मुक्त, खुले और नियम-आधारित हिंद-प्रशांत के प्रति गहरे विश्वास को दर्शाता है।

जयशंकर ने जापान-भारत एसोसिएशन के चेयरमैन और पूर्व प्रधानमंत्री फुमियो किशिदा से मुलाकात की तथा रणनीतिक अभिसरण और आर्थिक सुरक्षा पर चर्चा की। दोनों मंत्री अलग-अलग द्विपक्षीय बैठकें भी करेंगे। वार्ता में 2025 और 2026 के शिखर सम्मेलनों में हुए समझौतों की समीक्षा भी होगी।

यह भी पढ़ें- लाइव डिबेट शो के दौरान हाथापाई, एंकर और गेस्ट के बीच चले लात-घूसे... आर्मेनिया में TV Debate में अफरा-तफरी

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।