परिसीमन बिल रोकने के लिए INDI गठबंधन ने झोंकी ताकत, पहली बार मैदान में उतरीं सोनिया गांधी
लोकसभा की सीटें बढ़ाने वाले परिसीमन विधेयक को रोकने की आईएनडीआईए की कोशिशें विफल रहीं, क्योंकि द्रमुक प्रमुख स्टालिन और राकांपा की सुप्रिया सुले ने इसका समर्थन किया।
-1795975056360_m.webp)
आईएनडीआईए परिसीमन विधेयक रोकने के अंतिम प्रयास में विफल (फोटो- ANI)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण ब्यूरो, नई दिल्ली। लोकसभा की 50 प्रतिशत सीटें बढ़ाने के लिए लाए जा रहे परिसीमन से जुड़े 132वें संविधान संशोधन विधेयक की राह रोकने के लिए तुरूप के पत्ते द्रमुक प्रमुख स्टालिन को मनाने की आईएनडीआई की आखिरी कोशिश कामयाब नहीं हो सकी।
विपक्ष के शीर्षस्थ नेता सोनिया गांधी, मल्लिकार्जुन खरगे, राहुल गांधी से लेकर ममता बनर्जी का अभूतपूर्व कदम उठाते हुए चेन्नई जाकर स्टालिन से मिलकर उन्हें समझाने का अंतिम प्रयास भी विफल हो गया और उन्हें मायूसी ही हाथ लगी।
आईएनडीआईए परिसीमन बिल रोकने के अंतिम प्रयास में विफल
स्टालिन ने विपक्षी नेताओं का शिष्टाचार बस स्वागत तो किया, मगर परिसीमन बिल का विरोध करने से यह कहते हुए इन्कार कर दिया कि तमिलनाडु के हित में इस विधेयक का समर्थन करने के अलावा द्रमुक के पास दूसरा विकल्प नहीं है।
लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी ने स्टालिन से मुलाकात के बाद कहा कि द्रमुक जो भी कहे पर हकीकत है कि लोकसभा की सीटों को बढ़ाकर 850 करने से भाजपा को भारत के चुनावी नक्शे को अपने पक्ष में बदलने की ताकत मिल जाएगी और लोकतंत्र खत्म हो जाएगा।
कांग्रेस के नेतृत्व में खंडित आईएनडीआईए रविवार को इस कोशिश में चेन्नई से लेकर मुंबई तक की दौड़ लगाता रहा कि किसी तरह परिसीमन विधेयक की राह रोकी जाए।
खासकर कांग्रेस के लिए यह इतना अहम हो गया था कि 2004 के बाद पहली बार सोनिया गांधी को भी इस कवायद में जुटना पड़ा और चेन्नई जाकर स्टालिन से विधेयक को समर्थन नहीं देने की गुहार लगानी पड़ी।
हालांकि, उन्हें कामयाबी नहीं मिली। चेन्नई में स्टालिन को मनाने का प्रयास विफल होने के बाद सोनिया गांधी को छोड़कर अन्य विपक्षी नेता मुंबई के लिए रवाना हो गए।
राकांपा शरद पवार ने समर्थन के लिए जरी किया आठ व्हिप
राकांपा शरद पवार की कार्यकारी अध्यक्ष सुप्रिया सुले ने विपक्षी गठबंधन को गच्चा देते हुए परिसीमन बिल पर संसद में सरकार का समर्थन करने के लिए अपने आठ सांसदों को व्हिप जारी कर दी है।
हालांकि, इस मुद्दे पर पार्टी में मतभेद सामने आ गया है। शरद पवार के पोते रोहित पवार ने सुप्रिया के कदम का विरोध करते हुए उन्हें पत्र लिखकर इसे सीनियर पवार की 60 साल की वैचारिक तपस्या भंग करने वाला कदम बताया है।
परिसीमन विधेयक पर द्रमुक तथा राकांपा शरद पवार के सरकार के पाले में जाने के बाद आइएनडीआइए का नेतृत्व कर रही कांग्रेस के पास बिल का रास्ता रोकने के लिए स्टालिन और पवार को वापस लाने के अलावा कोई दूसरा रास्ता बचा नहीं है।
इसीलिए अंतिम प्रयास के तहत सोनिया गांधी समेत तमाम शीर्ष विपक्षी नेता रविवार को दो अलग-अलग चार्टर प्लेन में सवार होकर पहले स्टालिन से मिलने चेन्नई पहुंचे।
70 मिनट की बातचीत के बाद खली हाथ लौटा विपक्ष
स्टालिन ने अपने आवास पर सोनिया गांधी, खरगे, राहुल गांधी, ममता बनर्जी, अभिषेक बनर्जी, माकपा महासचिव एमए बेबी आदि का स्वागत सत्कार करने के बाद करीब 70 मिनट की बातचीत की, मगर उन्हें खाली हाथ लौटा दिया।
विपक्षी नेताओं को विदा करने के बाद स्टालिन ने पत्रकारों से बातचीत में साफ कहा कि अगर 1971 की जनगणना के आधार पर परिसीमन किया जाता है तो तमिलनाडु ही नहीं, सभी दक्षिणी राज्यों पर इसका बुरा असर होगा।
यह दक्षिण भारत की राजनीतिक पार्टियों के लिए अस्तित्व की लड़ाई है। ऐसे में इस विधेयक का समर्थन करने के अलावा हमारे पास न कोई और रास्ता है न कोई दूसरा विकल्प।
स्टालिन ने इसे अपने लिए फायदे का सौदा बताने से भी यह कहते हुए गुरेज नहीं किया कि संसद में अपनी ताकत के दम पर हमने अगले 25 वर्षों के लिए तमिलनाडु के राजनीतिक भविष्य को सुरक्षित कर लिया है।
विपक्षी दिग्गजों के घर पर दस्तक देने के बावजूद अपने रुख से टस से मस नहीं होने का संदेश देते हुए स्टालिन ने कहा कि इस मामले में कोई भी भावुक या जल्दबाजी में लिया गया फैसला करने की गुंजाइश नहीं है। पूरे देश से आए विपक्ष के नेताओं को हमने अपना यह रुख बता दिया और हमारे लिए तमिलनाडु का हित सबसे पहले है।
यह देश में लोकतंत्र को खत्म कर देगा: राहुल
स्टालिन से मुलाकात के बाद चेन्नई एयरपोर्ट के बाहर पत्रकारों से बातचीत करते हुए राहुल गांधी ने द्रमुक नेता के रुख पर कोई टिप्पणी नहीं की, मगर कहा कि लोकसभा की 850 सीटों को तैयार करने का अधिकार मिलने के साथ ही भाजपा पूरे देश का चुनावी मानचित्र बदलकर अपने फायदे के हिसाब से परिसीमन करेगी।
यह देश में लोकतंत्र को खत्म कर देगा। भाजपा को मिली यह ताकत न केवल पूरे भारत बल्कि विशेष रूप से दक्षिण भारत और तमिलनाडु के लिए बेहद नुकसानदेह साबित होगी।
तमिल संस्कृति के प्रबल समर्थक भाई स्टालिन से आग्रह किया है कि वह तमिलनाडु की रक्षा करें और यह सुनिश्चित करें कि भाजपा की यह कुटिल योजना लागू न हो पाए। राहुल गांधी ने कहा-यह सिर्फ कुछ सीटों का मामला नहीं है।
हर एक निर्वाचन क्षेत्र की सीमाएं फिर से तय की जाएंगी और इन्हें कौन तय करेगा? एक परिसीमन आयोग, जिसमें ज्ञानेश कुमार भी शामिल हैं। वही व्यक्ति जिसे भाजपा को वोट चुराने में मदद करते हुए पकड़ा गया था।
असम और जम्मू-कश्मीर में हम पहले ही देख चुके हैं कि इसका क्या अंजाम होता है। समुदायों को तोड़ने और विपक्ष की आवाज दबाने के लिए सीमाओं में फेरबदल कर दी जाती है।
पहले उन्होंने वोट चुराए। अब वे चुनावी नक्शे को ही हथियाना चाहते हैं। अगर वे इसमें कामयाब हो गए तो एक भी वोट पड़ने से पहले ही चुनाव का नतीजा तय हो जाएगा।
यह भी पढ़ें- चेन्नई से खाली हाथ लौटा विपक्ष, अब पवार से आस: परिसीमन बिल पर स्टालिन की राहुल को 'ना'
यह भी पढ़ें- INDI गठबंधन की बैठक के कुछ ही मिनट बाद स्टालिन ने परिसीमन पर यू-टर्न से किया इनकार, क्या बोले राहुल गांधी?
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।