विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

हैदराबाद में डांडिया इवेंट में बवाल, VHP-बजरंग दल ने किया 22 गैर हिंदुओं को पकड़ने का दावा; पंडाल में हुई हाथापाई

Published: Fri, 16 Oct 2026 01:35 PM (IST)

हैदराबाद में डांडिया नाइट्स के दौरान VHP और बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने पंडाल में 22 गैर-हिंदुओं को पाया, जिससे तनाव पैदा हो गया।

हैदराबाद में डांडिया इवेंट में हाथापाई (प्रतीकात्मक फोटो)

हैदराबाद में डांडिया इवेंट में हाथापाई (प्रतीकात्मक फोटो)

HighLights

  1. VHP-बजरंग दल को डांडिया पंडाल में 22 गैर-हिंदू मिले।

  2. गैर-हिंदुओं की उपस्थिति पर हाथापाई हुई, पुलिस ने संभाला।

  3. महिलाओं के वीडियो बनाने के आरोप, पुलिस जांच में जुटी।

डिजिटल डेस्क, हैदराबाद। हैदराबाद में डांडिया नाइट्स के दौरान तनाव पैदा हो गया। विश्व हिंदू परिषद (VHP) और बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने पंडाल में 22 गैर-हिंदुओं को पाया, जिसके बाद लोगों के बीच हाथापाई हो गई।

यह घटना हैदराबाद के बेगमपेट स्थित हॉकी ग्राउंड्स में गुरुवार रात हुई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। बेगमपेट पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि मामले की जांच चल रही है।

महिलाओं के वीडियो बना रहे थे लोग

तेलंगाना बजरंग दल के मुताबिक, सूचना मिलने पर उनके कार्यकर्ता कार्यक्रम स्थल पर पहुंचे, जहां उन्हें 22 गैर-हिंदू लोग मिले जो इस उत्सव में शामिल हुए थे।

संगठन का आरोप है कि इनमें से कुछ लोग महिलाओं के साथ डांडिया खेल रहे थे, जबकि कुछ अन्य महिलाओं के वीडियो बना रहे थे।

कार्यकर्ताओं का दावा है कि जब उन्होंने इन लोगों से उनके बारे में पूछताछ की, तो उन्होंने उन पर हमला करने की कोशिश की। इसके बाद VHP और बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने इन लोगों को पुलिस के हवाले कर दिया और शिकायत दर्ज कराई।

गैर-हिंदुओं के डांडिया कार्यक्रम में शामिल होने पर विवाद

बजरंग दल और VHP इससे पहले भी तेलंगाना पुलिस को ज्ञापन सौंपकर मांग कर चुके हैं कि डांडिया कार्यक्रमों में गैर-हिंदुओं को शामिल होने की अनुमति न दी जाए।

इन दलों ने कार्यक्रम आयोजकों से भी अपील की थी कि वे गैर-हिंदुओं के प्रवेश पर रोक लगाएं, क्योंकि नवरात्रि मुख्य रूप से हिंदुओं का त्योहार है।

पुलिस ने बेगमपेट के हॉकी ग्राउंड्स में पहुंचकर स्थिति को सामान्य किया। साथ ही हैदराबाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

(समाचार एजेंसी एएनआइ के इनपुट के साथ)

यह भी पढ़ें- तिरुपति-रक्सौल एक्सप्रेस, हैदराबाद-रक्सौल एक्सप्रेस और दरभंगा-गोमतीनगर अमृत भारत को मिला नया स्टॉपेज