राजनाथ के लिए गृह मंत्रालय तैयार
गृह मंत्रालय नए मंत्री के रूप में राजनाथ सिंह के स्वागत के लिए पूरी तरह तैयार है। मंत्रालय के अधिकारियों ने राजनाथ सिंह के लिए तीन घंटे का प्रजेंटेशन भी तैयार किया है जिसमें आंतरिक सुरक्षा, जम्मू-कश्मीर, नक्सल समस्या के साथ-साथ लंबित मुद्दों के बारे में जानकारी दी गई है। राजनाथ सिंह गुरुवार को गृहमंत्री का कार्यभार संभालेंगे।
नई दिल्ली [जागरण ब्यूरो]। गृह मंत्रालय नए मंत्री के रूप में राजनाथ सिंह के स्वागत के लिए पूरी तरह तैयार है। मंत्रालय के अधिकारियों ने राजनाथ सिंह के लिए तीन घंटे का प्रजेंटेशन भी तैयार किया है जिसमें आंतरिक सुरक्षा, जम्मू-कश्मीर, नक्सल समस्या के साथ-साथ लंबित मुद्दों के बारे में जानकारी दी गई है। राजनाथ सिंह गुरुवार को गृहमंत्री का कार्यभार संभालेंगे।
दरअसल, राजनाथ ने खुद मंगलवार को गृह सचिव अनिल गोस्वामी को मंत्रालय के कामकाज पर विस्तृत प्रजेंटेशन तैयार करने का निर्देश दिया था। उसके बाद सभी संयुक्त सचिव अपने-अपने विभागों के प्रजेंटेशन को अंतिम रूप देने में जुटे हैं। अनिल गोस्वामी ने सुबह सवा नौ बजे इस प्रजेंटेशन की तैयारियों की खुद समीक्षा की। बैठक में तय किया गया कि औपचारिक रूप से कार्यभार संभालने के बाद राजनाथ सिंह को मंत्रालय के संयुक्त सचिव एक-एक कर अपने-अपने विभागों के संबंधित प्रजेंटेशन देंगे। पहला प्रजेंटेशन आंतरिक सुरक्षा से संबंधित होगा, जिसमें इंडियन मुजाहिदीन, सिमी और दूसरे आतंकी संगठनों का विवरण होगा।
आंतरिक सुरक्षा के बाद दूसरे नंबर पर नक्सल समस्या को रखा गया है। इसके बाद केंद्र राज्य संबंध, पूर्वोत्तर राज्यों में अलगाववादी आंदोलन, बांग्लादेशी घुसपैठ और सीमाओं की सुरक्षा जैसे मुद्दे रखे गए हैं। वैसे प्रजेंटेशन में न तो संप्रग सरकार के समय ठंडे बस्ते में डाल दिए गए राष्ट्रीय आतंकवाद रोधी केंद्र [एनसीटीसी] का जिक्र है और न ही गुजरात में लड़की की कथित जासूसी की न्यायिक जांच कराने के कैबिनेट के फैसले का। एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि इन मुद्दों पर अलग से उन्हें ब्रीफ कर दिया जाएगा और उनके निर्देश के मुताबिक आगे की कार्रवाई की जाएगी।