यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Dec 24, 2022 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
हिमंता बिस्वा शर्मा ने बताया- नवंबर में मुकरोह और मेघालय के सीमावर्ती इलाकों में पुलिस ने क्यों की थी फायरिंग?
मुकरोह और मेघालय के सीमावर्ती इलाकों में पुलिस द्वारा की गई फायरिंग में 6 लोगों की मौत हो गई थी। इस घटना पर असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा शर्मा ने कहा कि आत्मरक्षा और सरकारी संपत्ति की रक्षा के पुलिस ने फायरिंग की थी।

गुवाहाटी, एजेंसी। असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा शर्मा ने शनिवार को सदन में दावा किया कि मुकरोह और मेघालय के सीमावर्ती इलाकों में पुलिस द्वारा की गई फायरिंग आत्मरक्षा और सरकारी संपत्ति की रक्षा के लिए की गई थी।
सरकारी संपत्ती की सुरक्षा करना था लक्ष्य
22 नवंबर को हुई इस घटना में पांच मेघालय के नागरीक और आसाम के एक वन रक्षक समेत छह लोगों की मौत हो गई थी। एक तारांकित प्रश्न का उत्तर देते हुए शर्मा ने कहा कि मेघालय के बदमाशों द्वारा असम के वन अधिकारियों पर हमला कर उनकी हत्या की गई। उसके बाद आत्मरक्षा और सरकारी संपत्ती की सुरक्षा की खातिर की गई फायरिंग में पांच लोगों की मौत हो गई।
हथियार छीनने की हुई कोशिश
पश्चिमी कार्बी एंगलॉग जिले के सुपरिटेंडेंट ऑफ पुलिस की रिपोर्ट का हवाला देते हुए शर्मा ने कहा कि पड़ोसी राज्य लोगों ने गिरफ्तार किए गए पेड़ों के तीन तस्करों को छोड़ने की मांग करते हुए असम के कर्मचारियों को घेर लिया और उनपर हमला किया। जिसके कारण उन्हें हवा में फायरिंग करनी पड़ी। उन्होंने आगे कहा कि वे लोग हमला करने और हथियार छीनने की कोशिश के साथ-साथ असम की पुलिस और वन कर्मियों को उनके आधिकारिक कार्य करने से रोक रहे थे। उन्होंने कहा की इस मामले की न्यायिक जांच के आदेश भी दे दिए गए हैं।
.jpg)
शांति बरकरार रहेगी
मुख्यमंत्री ने कहा कि मेघालय के साथ-साथ असम से लगने वाली सभी अंतरराज्यीय सीमाओं की शांति बनाए रखने के लिए ठोस कदम उठाए गए हैं। असम के पुलिसकर्मी आवश्यकता के अनुसार लगातार असम-मेघालय की अंतरराज्यीय सीमा पर पेट्रोलिंग, जांच और अन्य कार्यवाही कर रहे हैं। शर्मा ने आगे कहा कि मेघालय से लगने वाली सीमा पर 10 चौकियां है।
इसके साथ क्रमश: दो-दो बीएसएफ की कंपनियां असम और मेघालय को गृह मंत्रालय द्वारा मुहैया करवाई गई हैं। असम की सरकार गृह मंत्रालय और मेघालय सरकार के साथ संपर्क में है ताकि क्षेत्र में शांति बरकरार रहे। घटना के बाद उत्पन्न हुई परिस्थियों पर अब नियंत्रण पा लिया गया है और सीमा पर शांति बहाल हो चुकी है।