यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Dec 22, 2022 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
शहर में अवैध शहर: मेरठ के खेतों में बसाई जा रहीं अवैध बस्तियां, बिना पुलिस वेरिफिकेशन रखे जा रहे किरायेदार
शहर में अवैध शहर जागरण की मुहिम शहर में अवैध शहर के तहत मेरठ में कई अवैध बस्तियों का खुलासा हुआ है। यहां खेतों के मालिकों ने अपनी जमीनों पर अस्थाई रूप से रहने का इंतजाम करवाकर लोगों को किराए बसा दिया है। वो भी बिना पुलिस वेरिफिकेशन के।

संजीव तोमर, मोदीपुरम: मेरठ के कंकरखेड़ा की खिर्वा रोड पर तीन किसानों ने अपने खेत के एक हिस्से में चार दीवारी खड़ा कर उसमें कबाड़ बीनने वालों की बस्ती बसा दी है। एक झुग्गी के लिए 15 गज की जगह दी गई है, जिससे प्रतिमाह किराया 15 सौ रुपये का किराया वसूला जाता है। इसकी देखा देखी तीन खेतों पर दर्जनों झुग्गियां बस गई हैं, जिनसे लाखों रुपये की कमाई हो रही है। यहां किसी का पुलिस सत्यापन भी नहीं है।
मंगलवार को जब दैनिक जागरण की टीम कंकरखेड़ा की खिर्वा रोड पर एक खेत के अहाते में पहुंची तो मुख्य गेट बंद था। अंदर कुछ पुरुष-महिलाएं बोरों में भरे कबाड़ को अलग-अलग कर रहे थे। जब गेट खोलने को कहा गया तो हाथ में डायरी और मोबाइल को देख एक दंपती ने कहा कि आप किस विभाग से आए हैं। अपने बारे में बताया तो बातचीत शुरू हो गई। मोफिलदुल इस्लाम ने कहा कि हम तो सभी असम के जिला न्यू बुगंई के रहने वाले हैं। एक हजार गज में छह झुग्गी और कबाड़ रखने की जगह है। पानी के लिए एक हैंडपंप है, लेकिन बिजली नहीं हैं। रात को मोमबत्ती जलाते हैं।
यहां मौजूद छह झुग्गी में छह परिवार रहते हैं, जिनमें मोफिलदुल इस्लाम के अलावा नजरूल इस्लाम, शहनाज अली, सलाम अली, इस्माइल हुसैन और सुमर अली के परिवार हैं। छह परिवार में कुल बीस सदस्य हैं। प्रत्येक झुग्गी का प्रतिमाह किराया 1500 रुपये है, जिसके हिस्से में 15 गज जमीन आती है। उसके बाद हम इस बस्ती से करीब तीन सौ मीटर आगे पहुंचे। यहां पर भी एक खेत के अहाते में छह झुग्गी के अलावा कबाड़ रखने के अस्थायी गोदाम बने थे। खेत स्वामी प्रत्येक झुग्गी से 15 सौ रुपये किराया लेता है।
छह झुग्गी में करीब तीस सदस्य रहते हैं। इस अहाते में असम के न्यू बुंगाई गांव निवासी मोहरअली, तोइमुद्दीन, बिलाल हुसैन, जमुद्दीन, मफीदुल अली, हनन अली, मजर अली का परिवार रहता है। कुछ बच्चे ठंड में भी निवस्त्र खेल रहे थे। अपने पति संग महिलाएं कबाड़ में से कागज, प्लास्टिक, बोतल आदि सामान को अलग-अलग कर रहे थे। यहां भी पता चला कि बिजली नहीं है, सिर्फ एक हैंडपंप है।
झुग्गी में रहने वालों का कहना था कि यहां पर वह छह महीने से रह रहे हैं, उससे पहले वह हापुड़ रोड की बस्ती में रहते थे। जहां पर उनके रिश्तेदार रहते हैं। उसके बाद तीसरे खेत के हाते में 13 झुग्गी बनी थी। यहां पर भी बाकी बस्ती की तरह झुग्गी का किराया और जगह निर्धारित थी। इसी तरह सरधना तक करीब आधा दर्जन जगहों पर असम के रहने वाले लोगों की बस्ती है, जो कबाड़ बीनने का काम करते हैं।
पढ़ाई से क्या मिलेगा, हर सदस्य रोजाना पांच सौ रुपये कमाता है
झुग्गी में रहने वाले लोगों से जब हमने पूछा कि तुम अपने छोटे व बड़े बच्चों को स्कूल नहीं भेजते। इस पर तपाक से उन्होंने कहा कि बचपन से ही हम कबाड़ बीनने का हुनर बच्चे को सिखाते हैं। पढ़ाई से क्या मिलेगा। मोटी रकम पढ़ाई में खर्च करो, कामयाब न हुए तो घर में बैठकर कोई काम भी नहीं करेंगे। मगर, हम बच्चों को बचपन से ही कबाड़ बीनना सिखाते हैं। थोड़ा बड़ा होने पर हर रोज पांच सौ रुपये का कबाड़ हर सदस्य बीनता है। गंवाने को कुछ नहीं, सिर्फ कमाने की आदत रहती है।