विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

एआई को सौंपें कोर्ट के 'नीरस' काम, 5.64 करोड़ लंबित मुकदमों पर चंद्रचूड़ ने जताई चिंता

Published: Sat, 28 Nov 2026 07:58 PM (GMT+05:30)

पूर्व सीजेआई डी.वाई. चंद्रचूड़ ने कहा कि कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) अदालतों के नियमित कार्यों में मदद कर सकती है, लेकिन अंतिम निर्णय और उसके पीछे का तर्क न्यायाधीश का ही होना चाहिए।

5 करोड़ से ज्यादा लंबित मुकदमों पर चंद्रचूड़ ने जताई चिंता (फोटो- पीटीआई)।

5 करोड़ से ज्यादा लंबित मुकदमों पर चंद्रचूड़ ने जताई चिंता (फोटो- पीटीआई)।

HighLights

  1. एआई केवल नियमित कार्यों में मदद करे, अंतिम निर्णय जज का।

  2. मानवीय जांच बिना एआई अनुवाद 'अफवाह' जैसा, फर्जी संदर्भों का खतरा।

  3. 5.64 करोड़ मामले लंबित, जजों पर भारी बोझ, तकनीक की आवश्यकता।

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। भारतीय न्यायपालिका में कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) के बढ़ते दखल के बीच पूर्व प्रधान न्यायाधीश (सीजेआई) डी.वाई. चंद्रचूड़ ने शनिवार को स्पष्ट संदेश दिया कि एआई अदालतों के नीरस और नियमित कामों में मदद कर सकता है, लेकिन अंतिम फैसला सुनाने और उसके पीछे के तर्क देने की जिम्मेदारी जज की ही होनी चाहिए।

ट्रांसक्रिप्शन और अनुवाद में बर्बाद होता है समय

'सभी के लिए एआई: एआई गवर्नेंस और भरोसा, न्यायिक पहुंच और सशक्त भारत' विषय पर आयोजित एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि हर फैसले पर किसी इंसान को ही निर्णय लेना चाहिए और उसी के हस्ताक्षर होने चाहिए।

पूर्व सीजेआइ ने न्यायिक व्यवस्था की विडंबना पर प्रकाश डालते हुए कहा कि जजों का सर्वाधिक समय अनुवाद, प्रतिलेखन (ट्रांसक्रिप्शन) और खामियों की जांच जैसे नीरस कामों में बर्बाद होता है, जबकि उनका ध्यान वास्तविक समय में निर्णय लेने पर होना चाहिए।

आंध्र प्रदेश के ट्रायल कोर्ट का किया जिक्र

उन्होंने चेताया कि समस्या तब शुरू होती है जब तकनीक से 'दिलचस्प' काम यानी फैसला लेने की उम्मीद की जाती है। एआई द्वारा गढ़े गए फर्जी कानूनी संदर्भों का जिक्र करते हुए उन्होंने आंध्र प्रदेश के एक ट्रायल कोर्ट और एक न्यायाधिकरण (ट्रिब्यूनल) के मामलों का उदाहरण दिया, जहां अस्तित्वहीन और मनगढ़ंत न्यायिक उद्धरणों का इस्तेमाल हुआ था।

देश में 5.64 करोड़ मामले लंबित

उन्होंने कहा कि बिना मानवीय जांच के किया गया अनुवाद किसी फैसले के बारे में महज एक 'अफवाह' जैसा है। न्यायिक प्रणाली में तकनीकी सहायता की आवश्यकता को रेखांकित करते हुए उन्होंने राज्यसभा में इस वर्ष जुलाई में कानून मंत्री के बयान का हवाला दिया, जिसके अनुसार देशभर में लगभग 5.64 करोड़ मुकदमे लंबित हैं। भारत में प्रति 10 लाख की आबादी पर केवल 15 जज हैं और एक जिला जज औसतन 2,200 मामलों का बोझ उठा रहा है।

प्रति व्यक्ति सालाना खर्च काफी कम

उन्होंने कानूनी सहायता पर प्रति व्यक्ति सालाना महज 6.46 रुपये खर्च होने पर भी कटाक्ष किया कि इतने में तो एक कप चाय भी नहीं आती। उन्होंने अदालतों में एआई के लिए पांच कसौटियां सुझाईं - मानवीय निर्णय, अनुच्छेद 21 के तहत स्वतंत्रता की रक्षा, पक्षकारों को एआई उपयोग की जानकारी, अंतिम व्यक्ति तक स्थानीय भाषा में न्याय की पहुंच और संप्रभु डाटा सुरक्षा।

वकीलों को नसीहत देते हुए उन्होंने कहा कि वे किसी भी फैसले का हवाला देने से पहले उसे पूरा पढ़ें, क्योंकि गलतियों के लिए तकनीक को दोष नहीं दिया जा सकता।

(समाचार एजेंसी पीटीआई के इनपुट के साथ)

महाराष्ट्र में DRI का एक्शन: कोबरा का 2 लीटर जहर, बाघ-तेंदुए की खाल के साथ 6 गिरफ्तार

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।