गुवाहाटी मर्डर मिस्ट्री: 'बिना ID के दिया कमरा', महीने में 5 बार प्रेमी के साथ रुकी थी छात्रा, होमस्टे सील
गुवाहाटी में एक होमस्टे में गुवाहाटी यूनिवर्सिटी की छात्रा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। होमस्टे प्रबंधन द्वारा पहचान ...और पढ़ें

गुवाहाटी के होमस्टे में महीने में 5 बार प्रेमी के साथ रुकी थी छात्रा(फोटो: सोशल मीडिया)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
डिजिटल डेस्क, दिसपुर। असम में गुवाहाटी के बाहरी इलाके में स्थित होमस्टे में गुवाहाटी यूनिवर्सिटी की छात्रा के संदिग्ध हालात में बेहोश मिलने और बाद में उसकी मौत होने के बाद पुलिस ने रविवार को उस होमस्टे को सील कर दिया।
जांच में सामने आया कि होमस्टे प्रबंधन ने छात्रा और उसके साथी से जरूरी पहचान पत्र (आईडी) तक नहीं लिए थे। मृतक छात्रा की पहचान निमिषा ठाकुरिया के रूप में हुई है। शनिवार तड़के धारापुर-गरल इलाके में स्थित रुद्राज किचन होमस्टे में वह गंभीर हालत में मिली थी।
उसे तुरंत गरल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से गंभीर स्थिति को देखते हुए गुवाहाटी मेडिकल कॉलेज और अस्पताल रेफर कर दिया गया। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पहचान पत्र न लेने पर होमस्टे सील
पुलिस जांच में पता चला है कि निमिषा और आशिक अली पिछले एक महीने में करीब पांच बार इस होमस्टे में आ चुके थे। जांच में होमस्टे के रिकॉर्ड और संचालन में बड़ी लापरवाही सामने आई।
नियमों के तहत मेहमानों के पहचान पत्र जमा करना अनिवार्य होता है, लेकिन होमस्टे प्रबंधन ने दोनों से कोई वैध दस्तावेज नहीं लिए थे। नियमों के उल्लंघन और जांच के सिलसिले में पुलिस ने होमस्टे को सील कर उसके पुराने रिकॉर्ड खंगालने शुरू कर दिए हैं।
आत्महत्या के दावे की जांच
पुलिस ने निमिषा के साथ मौजूद 26 वर्षीय आशिक अली को हिरासत में ले लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है। अली ने पुलिस को बताया कि निमिषा ने फंदे से लटककर आत्महत्या की है। हालांकि, पुलिस का कहना है कि अली के इस दावे की अभी पुष्टि नहीं हुई है और मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है।
डीसीपी (पश्चिम) बलिन देउरी ने कहा कि आरोपी की बात सच है या झूठ, यह विस्तृत जांच के बाद ही साफ होगा। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और रिपोर्ट का इंतजार है।
यह भी पढ़ें- 'सामूहिक दुष्कर्म के बाद हुई हत्या', गुवाहाटी होमस्टे में मृत पाई गई छात्रा के पिता का आरोप
यह भी पढ़ें- गुवाहाटी के होमस्टे में 22 की छात्रा की संदिग्ध मौत पर बवाल, सड़क जाम कर हुआ विरोध प्रदर्शन
