गुवाहाटी के होमस्टे में 22 की छात्रा की संदिग्ध मौत पर बवाल, सड़क जाम कर हुआ विरोध प्रदर्शन
गुवाहाटी के धरपुर स्थित एक होमस्टे में 22 वर्षीय छात्रा निमिषा ठाकुरिया मृत पाई गई, जिसके बाद पुलिस ने उसके कथित प्रेमी आशिक अली को हिरासत में लिया है।

गुवाहाटी के होमस्टे में छात्रा की मौत पर बवाल।
HighLights
गुवाहाटी होमस्टे में 22 वर्षीय छात्रा निमिषा ठाकुरिया मृत मिली।
कथित प्रेमी आशिक अली हिरासत में, पुलिस कर रही पूछताछ।
स्थानीय लोगों ने विरोध प्रदर्शन कर गहन जांच की मांग की।
डिजिटल डेस्क, गुवाहाटी। गुवाहाटी यूनिवर्सिटी की सोशियोलॉजी की 22 साल की छात्रा शनिवार को शहर के बाहरी इलाके धरपुर के एक होमस्टे में मृत पाई गई। पुलिस ने उसके कथित प्रेमी को हिरासत में लिया है और मामले के सिलसिले में उससे पूछताछ कर रही है। वहीं, घटना को लेकर इलाके में जबरदस्त आक्रोश फैल गया।
डिप्टी कमिश्नर ऑफ पुलिस (DCP) वेस्ट बालिन देउरी ने बताया कि मृतक की पहचान निमिषा ठाकुरिया के तौर पर हुई है और मुख्य संदिग्ध की पहचान आशिक अली (26) के तौर पर हुई है।
होमस्टे में साथ रहे रहे थे दोनों
देउरी के मुताबिक, पुलिस ने आशिक को गराल प्राइमरी हेल्थ सेंटर से हिरासत में लिया, जहां वह निमिषा को मेडिकल जांच के लिए एक कॉमन दोस्त समेत दो अन्य लोगों के साथ ले गया था। बाद में उसे गुवाहाटी मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल (GMCH) रेफर किया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे अस्पताल पहुंचने पर मृत घोषित कर दिया।
देउरी ने कहा, "घटना के समय निमिषा और आशिक दोनों धरपुर में होमस्टे में साथ रह रहे थे। आशिक का दावा है कि निमिषा ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। हालांकि, यह सच है या झूठ यह जांच के दौरान पता चलेगा। हमने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है और नतीजों का इंतजार कर रहे हैं।" डीसीपी ने बताया कि निमिषा और आशिक इस महीने पांच बार होमस्टे गए थे और उन्हें बिना सही वेरिफिकेशन के रहने की इजाजत दी गई थी।
होमस्टे के एक कर्मचारी बिपुल बाइलुंग ने बताया कि निमिषा और आशिक कमरा नंबर 10 में रह रहे थे। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों ने अली को रोते हुए और निमिषा के बेहोश मिलने के बाद उसे जगाने की कोशिश करते हुए सुना था।
मामले को लेकर विरोध प्रदर्शन
इस बीच, धारापुर के निवासियों ने सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन किया और मामले की गहन जांच की मांग की। कुछ प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि यह घटना लव जिहाद से जुड़ी थी।
एक प्रदर्शनकारी ने कहा, "हम उचित जांच और न्याय की मांग करते हैं ताकि घटना में शामिल कोई भी व्यक्ति जवाबदेही से बच न सके। जिम्मेदार लोगों की पहचान की जानी चाहिए और उन्हें सजा मिलनी चाहिए।"
(न्यूज एजेंसी आईएएनएस और एएनआई के इनपुट के साथ)
यह भी पढ़ें: 'मां, ये मुझे मार डालेंगे', गुवाहाटी के होमस्टे में 22 साल की छात्रा की संदिग्ध मौत; बॉयफ्रेंड आसिफ अली गिरफ्तार
