विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

गादी आइसेनकोट के इजरायल के अगले प्रधानमंत्री बनने की प्रबल संभावना, नेतन्याहू रोटेशन सरकार चलाने पर सहमत

Published: Sat, 28 Nov 2026 10:33 PM (IST)

इजरायल में नई सरकार के गठन की गतिविधियां तेज हो गई हैं, जिसमें पूर्व सेना प्रमुख गादी आइसेनकोट के प्रधानमंत्री बनने की प्रबल संभावना है।

पूर्व सेना प्रमुख गादी आइसेनकोट के प्रधानमंत्री बनने की प्रबल संभावना (फोटो-रॉयटर्स)

पूर्व सेना प्रमुख गादी आइसेनकोट के प्रधानमंत्री बनने की प्रबल संभावना (फोटो-रॉयटर्स)

HighLights

  1. गादी आइसेनकोट के इजरायल के अगले पीएम बनने की संभावना।

  2. नेतन्याहू रोटेशन सरकार के लिए आइसेनकोट को पहला मौका देंगे।

  3. आइसेनकोट ने लिकुड पार्टी पर समझौते में मतभेद का आरोप लगाया।

जागरण न्यूज नेटवर्क, नई दिल्ली। इजरायल में नई सरकार के गठन के लिए गतिविधियां तेज हैं, जो तस्वीर बन रही है उसमें याशर पार्टी के नेता और पूर्व सेना प्रमुख गादी आइसेनकोट के प्रधानमंत्री बनने की संभावना बलवती हो रही है।

सूत्रों के अनुसार कार्यवाहक प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू आइसेनकोट के साथ मिलकर रोटेशन वाली सरकार चलाने के लिए तैयार हैं। इसके लिए वह आइसेनकोट को पहले मौका देने के लिए तैयार हो गए हैं।

नेतन्याहू और आइसेनकोट चलाएंगे रोटेशन सरकार

इजरायली मीडिया एजेंसी कान के अनुसार आइसेनकोट के पास इस आशय का अनाधिकारिक संदेश भेज दिया गया है। इस बीच आइसेनकोट ने आठ दिन में नई सरकार के गठन का विश्वास जताया है।

इजरायल की संवैधानिक व्यवस्था के अनुसार छह दिसंबर तक वहां पर नई सरकार का गठन होना है। इजरायल में आइसेनकोट का अगला प्रधानमंत्री बनना लगभग तय है। वह नेतन्याहू के नेतृत्व वाले दक्षिणपंथी गठबंधन के सहयोग से प्रधानमंत्री बन सकते हैं और अरब पार्टियों के सहयोग से भी सत्ता का शीर्ष पद संभाल सकते हैं।

इजरायली न्यूज चैनल 13 की रिपोर्ट के अनुसार नेतन्याहू किसी भी सूरत में सत्ता से दूर होना नहीं चाहते हैं। इसलिए उन्होंने रोटेशन पर सरकार चलाने और पहले खुद प्रधानमंत्री बनने का दावा छोड़ने का फैसला किया है। अब वह पहले आइसेनकोट को प्रधानमंत्री पद देने के लिए तैयार हो गए हैं और एक निश्चित समय के बाद खुद सत्ता संभालेंगे।

अरब पार्टियों के साथ मिलकर सरकार बनाने से हिचक रहे आइसेनकोट दो हफ्ते से यही चाह रहे थे और अब उनकी यह मांग पूरी होती लग रही है। एएनआइ ने भी इस संभावना की पुष्टि की है।

6 दिसंबर से पहले इजरायल में बनेगी सरकार

आइएएनएस के अनुसार मनोनीत प्रधानमंत्री आइसेनकोट ने छह दिसंबर से पहले सरकार बनाने का भरोसा दिया है। लेकिन यह नहीं बताया कि वह किन दलों के समर्थन से सरकार बनाएंगे। लेकिन नेतन्याहू की लिकुड पार्टी पर आरोप लगाया है कि वह समझौते के लिए कोई तार्किक मसौदा पेश नहीं कर रही है।

एक इंटरनेट मीडिया पोस्ट में आइसेनकोट ने बताया है कि पिछले दो हफ्तों में उन्होंने लिकुड पार्टी के नेताओं के साथ पांच बैठकें की हैं। लेकिन लिकुड पार्टी समझौते का कोई ठोस मसौदा लेकर नहीं आई।

वह सात अक्टूबर, 2023 की घटना के लिए जांच आयोग के गठन पर कुछ नहीं बोली और न ही अति दक्षिणपंथी दलों को सरकार से दूर रखने के लिए तैयार होने पर कुछ कहा।

आइसेनकोट ने आरोप लगाया है कि लिकुड पार्टी ने वार्ता को लंबा खींचकर विपक्ष में गलतफहमी पैदा करने और उसकी एकजुटता को तोड़ने की कोशिश की। जबकि लिकुड पार्टी ने पलटवार में आइसेनकोट पर दोहरा राजनीतिक खेल खेलने का आरोप लगाया है। कहा, इस खेल के जरिये आइसेनकोट इजरायल विरोधी अरब पार्टियों को सरकार में शामिल करने की जमीन तैयार कर रहे हैं।

यह भी पढ़ें- इराक बना भारत का दूसरा सबसे बड़ा तेल सप्लायर, नंबर 1 पर कौन?

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।