Move to Jagran APP

टॉप न्यूज : 10 बड़ी खबरें, आज जिन पर बनी हुई है नज़र

यहां पर दस बड़ी खबरें दी गई हैं, जिन पर आज हमारी नजर बनी हुई है।

By Manoj YadavEdited By: Published: Sat, 14 Apr 2018 08:29 AM (IST)Updated: Sat, 14 Apr 2018 09:45 AM (IST)
टॉप न्यूज : 10 बड़ी खबरें,  आज जिन पर बनी हुई है नज़र
टॉप न्यूज : 10 बड़ी खबरें, आज जिन पर बनी हुई है नज़र

1- ताजा खबरः CWG 2018: बॉक्‍सर गौरव सोलंकी ने दिलाया भारत को 20वां गोल्‍ड मेडल

loksabha election banner

गोल्‍ड कोस्‍ट। 21वें राष्‍ट्रमंडल खेल में आज भारत के लिए सुनहरा दिन है। पहले मैरीकॉम फिर शूटर संजीव राजपूत और अब मुक्‍केबाज गौरव सोलंकी ने स्‍वर्ण पदक जीत लिया है। भारत को 19वां स्‍वर्ण पदक शूटर राजपूत और 20वां मुक्‍केबाज गौरव सोलंकी ने दिलाया है। भारत के स्टार रायफल शूटर संजीव राजपूत ने गोल्‍ड 50 मीटर राइफल स्‍पर्धा में जीत हासिल की वहीं गौरव सोलंकी ने 52 किग्रा स्‍पर्धा में देश का नाम रोशन किया। ऑस्ट्रेलिया के गोल्ड कोस्ट में आयोजित 21वें राष्ट्रमंडल खेल के दसवें दिन मुक्केबाजी स्‍पर्धा में भारत की मैरी कॉम ने स्‍वर्ण पदक जीत लिया। पांच बार विश्‍वविजेता रहीं मैरी कॉम ने फाइनल के 45-48 किलोग्राम भारवर्ग स्‍पर्धा में इंग्‍लैंड की क्रिस्‍टिना ओ हारा को 5-0 से हराया।

पूरी खबर पढ़ने के लिए यहां पर क्लिक करें

2- सीरिया पर अमेरिका का हवाई हमला, सैन्य कार्रवाई में ब्रिटेन और फ्रांस भी शामिल

वॉशिंगटन। सीरिया पर हुए रासायनिक हमले पर अमेरिका ने बड़ी कार्रवाई की है। अमेरिका ने सीरिया पर हवाइ हमला किया है। इस अमेरिकी कार्रवाई में फ्रांस और इंग्लैड भी शामिल हैं। बता दें कि अमेरिका के राष्‍ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सीरिया पर एयर स्ट्राइक का आदेश दिया। सीरिया के पूर्वी गोता के डौमा में हाल में सीरिया द्वारा रसायनिक हथियारों के इस्तेमाल को लेकर अमेरिका ने पहले ही असद सरकार को चेतावनी दी थी। इस हमले में बच्चों सहित 75 लोग मारे गए थे। रासायनिक हमले को लेकर गुस्साए ट्रंप ने सीरिया के राष्ट्रपति असद को 'जानवर' कहकर संबोधित किया था। हालांकि 12 अप्रैल को सीरिया के राष्ट्रपति बशर अल असद ने सीरिया पर हमले को लेकर पश्चिमी देशों को चेतावनी देते हुए कहा कि डौमा पर संदिग्ध रासायनिक हमले के आरोप गलत और झूठे हैं।

पूरी खबर पढ़ने के लिए यहां पर क्लिक करें 

3- कर्नाटक में त्रिशंकु विधानसभा के आसार, किसी को बहुमत नहीं; सबसे बड़ी पार्टी बनी रहेगी कांग्रेस

नई दिल्ली। कर्नाटक में इस बार त्रिशंकु विधानसभा बनने के आसार हैं। इंडिया टुडे- कार्वी इनसाइट्स के एक सर्वेक्षण के मुताबिक राज्य में सत्तारूढ़ कांग्रेस सबसे बड़ी पार्टी के रूप में कायम तो रह सकती है, लेकिन बहुमत से पिछड़ती नजर आ रही है। जबकि भाजपा 2013 के मुकाबले अपना प्रदर्शन बेहतर करने वाली है। 17 मार्च से 15 अप्रैल के बीच कर्नाटक की सभी 224 सीटों पर कराए गए ओपनियन पोल के मुताबिक कांग्रेस 90-101 सीटें जीत सकती है। कांग्रेस ने 2013 में 122 सीटें हासिल कर राज्य में पूर्ण बहुमत की सरकार बनाई थी। भाजपा कड़ी टक्कर तो देने वाली है लेकिन उसके खाते में 78-86 सीटें आती दिख रही हैं। पार्टी को 2013 में 40 सीटें मिली थीं। उस समय बीएस येदियुरप्पा ने अपनी अलग पार्टी, केजेपी (कर्नाटक जनता पार्टी) बनाकर चुनाव लड़ा था। लेकिन इस बार वह भाजपा की ओर से मुख्यमंत्री पद के दावेदार हैं।

पूरी खबर पढ़ने के लिए यहां पर क्लिक करें 

4- छोटी बच्चियों से दुष्कर्म में फांसी की सजा पर विचार, सरकार ला सकती है कानून

नई दिल्ली। जम्मू के कठुआ में बच्ची के साथ दुष्कर्म की घटना से उबल रहे देश की भावनाओं को परखते हुए सरकार ने 12 साल से कम उम्र की बच्चियों से दुष्कर्म के दोषियों को फांसी की सजा का कानून ला सकती है। खुद केंद्रीय महिला कल्याण मंत्री मेनका गांधी ने स्पष्ट किया कि सरकार बाल यौन उत्पीड़न संरक्षण कानून (पोक्सो) में संशोधन लाएगी। इसके प्रति गंभीरता का अंदाजा इससे लगाया जा सकता है कि जरूरत हुई तो अध्यादेश भी आ सकता है। बताते चलें कि हरियाणा, मध्यप्रदेश और राजस्थान सरकार पहले ही कानून पास कर 12 साल से कम उम्र की बच्चियों से दुष्कर्म के जुर्म में फांसी की सजा का प्रावधान कर चुकी हैं। लेकिन पोक्सो केन्द्रीय कानून है और केन्द्रीय कानून मे संशोधन होने के बाद यह व्यवस्था पूरे देश में लागू हो जाएगी।

पूरी खबर पढ़ने के लिए यहां पर क्लिक करें 

5- विराट को मिली पहली जीत, घरेलू मैदान पर पंजाब को 4 विकेट से हराया

नई दिल्ली। आइपीएल 2018 का 8वां मैच रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर और किंग्स इलेवन पंजाब के बीच खेला गया और इस मैच को आरसीबी ने चार विकेट से जीत लिया। इस मैच में बैंगलोर के कप्तान विराट कोहली ने टॉस जीतकर पंजाब को पहले बल्लेबाजी करने का न्यौता दिया। पहले बल्लेबाजी करते हुए पंजाब ने निर्धारित 20 ओवर में 155 रन पर ऑल आउट हो गई। बैंगलोर को जीत के लिए 156 रन का लक्ष्य मिला जिसे इस टीम ने एबी के धमाकेदार अर्धशतक के दम पर 19.3 ओवर में 6 विकेट के नुकसान पर हासिल कर लिया। बैंगलोर की इस सीजन में ये पहली जीत थी।

पूरी खबर पढ़ने के लिए यहां पर क्लिक करें 

6- विधानसभा चुनाव से पहले सांसत में छत्तीसगढ़ की सरकार, सर्वे में आए चौंकाने वाले रिजल्ट

रायपुर। छत्तीसगढ़ में विधानसभा चुनाव से पहले राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के सर्वे ने प्रदेश की भाजपा सरकार और संगठन के माथे पर बल ला दिया है। संघ के पदाधिकारियों ने बस्तर से लेकर सरगुजा तक प्रदेश की 90 विधानसभा सीटों का एक महीने तक गहन सर्वे किया। संघ के उच्च पदस्थ सूत्रों की मानें तो सर्वे रिपोर्ट में प्रदेश की 37 सीटों पर भाजपा क्लीन स्वीप कर रही है। इनमें पांच से सात नई सीटें पार्टी के खाते में आ रही हैं, जहां पिछले चुनाव में हार का सामना करना पड़ा था। सर्वे में यह भी सामने आया है कि तीन मंत्रियों सहित 20 विधायकों की सीट खतरे में बताई जा रही है। संघ के आला पदाधिकारियों ने बताया कि कई विधानसभा क्षेत्रों में सड़क, पुल, पुलिया और पेयजल की व्यवस्था होने के बाद भी विधायकों के प्रति नाराजगी है। संघ ने ऐसे विधायकों को टिकट न देने का सुझाव दिया है। सर्वे में बस्तर और सरगुजा में भाजपा की सीट पर बढ़त बताई जा रही है, लेकिन मैदानी इलाकों में 12 सीटों पर वर्तमान विधायकों की स्थिति बेहद चिंताजनक है।

पूरी खबर पढ़ने के लिए यहां पर क्लिक करें 

7- पीएम मोदी ने दिया सख्त संदेश, नहीं बचेंगे बेटियों के गुनहगार, मिलेगी सजा

नई दिल्ली। उन्नाव और कठुआ की घटनाओं को लेकर उग्र देश और गर्म राजनीतिक माहौल के बीच खुद प्रधानमंत्री ने आश्वस्त किया है कि कोई भी अपराधी नहीं बचेगा, न्याय होगा और पूरा होगा। उन्होंने हर किसी से अपील की इस बुराई को खत्म करने के लिए संगठित हों। यूं तो उन्नाव और कठुआ में हुई दुष्कर्म की घटनाओं पर कार्रवाई शुरू हो चुकी है लेकिन पिछले दिनों में यह राजनीतिक रंग भी ले चुका है। सीबीआई ने काम शुरू कर दिया लेकिन एक दिन पहले ही कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने इंडिया गेट पर कैंडल प्रदर्शन भी किया था। उन्नाव में आरोपी भाजपा विधायक और कठुआ में कुछ हिंदू संगठनों के खिलाफ कार्रवाई में सुस्ती का आरोप भी बढ़ता जा रहा है। ऐसे में शुक्रवार को प्रधानमंत्री ने सख्त लहजे में ऐसी घटनाओं की निंदा की तो भरोसा भी दिलाया कि कोई भी दोषी नहीं बचेगा।

पूरी खबर पढ़ने के लिए यहां पर क्लिक करें

8- आज का दिन बीजापुर के लिए होगा खास, नक्सलियों के गढ़ में मोदी लगाएंगे सौगातों की झड़ी

जगदलपुर/बीजापुर, (नईदुनिया)। छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले की ग्राम पंचायत जांगला के लिए डॉ. भीमराव आंबेडकर जयंती के मौके पर शनिवार का दिन ऐतिहासिक होगा। दरअसल, नक्सल प्रभावित इस क्षेत्र से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी स्वास्थ्य बीमा योजना 'आयुष्मान भारत' देश को समर्पित करेंगे। मोदी इसके अलावा कई सौगात भी देंगे।कार्यक्रम धुर नक्सल प्रभावित इलाके में है इसलिए जमीन से आसमान तक सर्वोच्च स्तर की सुरक्षा व्यवस्था की गई है। प्रधानमंत्री छत्तीसगढ़ में लगभग तीन घंटे चालीस मिनट तक विभिन्न कार्यक्रमों में भाग लेंगे।

पूरी खबर पढ़ने के लिए यहां पर क्लिक करें

9- 'समाज के नाम पर हम असफल हुए हैं', कठुआ केस पर बोले अक्षय कुमार

मुंबई। बॉलीवुड एक बार फिर गुस्से से उबल रहा है। सेलेब्रिटीज़ आहत और अफ़सोसज़दा होकर ट्वीट कर रहे हैं। वजह है देश के विभिन्न हिस्सों में मासूमों पर हो रहे ज़ुल्मो-सितम। बच्चियों और महिलाओं के साथ हुई दुष्कर्म की घटनाओं पर सेलेब्रिटीज़ ने रोष जताते हुए पीड़ितों को न्याय दिलाने की मांग की है। जम्मू के कठुआ इलाक़े में 8 साल की मासूम बच्ची के साथ दुष्कर्म के बाद हत्या और उत्तर प्रदेश के उन्नाव में 18 साल की लड़की द्वारा विधायक पर लगाये गये दुष्कर्म के आरोपों ने जहां सियासत में भूचाल ला दिया है, वहीं बॉलीवुड में भी इसकी प्रतिध्वनि सुनाई दे रही है। अक्षय कुमार ने ट्वीट करके लिखा है- ''एक समाज के नाम पर हम एक बार फिर असफल हुए हैं। मर्डर केस का रौंगटे खड़े कर देने वाला विवरण जैसे-जैसे बाहर आ रहा है, कुछ सोच नहीं पा रहा। उसका मासूम चेहरा छोड़ने बार-बार याद आ रहा है। न्याय होना चाहिए, त्वरित और कड़ा।''

पूरी खबर पढ़ने के लिए यहां पर क्लिक करें

10- उन्नाव कांड में सीबीआइ को अहम सबूत मिले, 17 घंटे पूछताछ के बाद विधायक गिरफ्तार

लखनऊ। बहुचर्चित उन्नाव कांड में शुक्रवार रात सीबीआइ ने बांगरमऊ क्षेत्र से भाजपा विधायक कुलदीप सिंह सेंगर को गिरफ्तार कर लिया। इससे पहले शुक्रवार तड़के ही उन्हें उनके आवास से हिरासत में लेकर लगभग 17 घंटे तक पूछताछ की गई। रात साढ़े नौ बजे उनकी गिरफ्तारी घोषित की गई। शनिवार सुबह उन्हें कोर्ट में पेश किया जाएगा। सीबीआइ लखनऊ के संयुक्त निदेशक डॉ.जीके गोस्वामी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में आरोपित विधायक के खिलाफ पर्याप्त साक्ष्य मिले हैं।

पूरी खबर पढ़ने के लिए यहां पर क्लिक करें


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.