विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jul 14, 2014 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

महाराष्ट्र के चार लापता युवकों के आइएसआइएस से जुड़ने की जांच

By Edited By:
Published: Mon, 14 Jul 2014 11:58 AM (IST)Updated: Mon, 14 Jul 2014 10:22 PM (IST)

उप नगरीय इलाके ठाणे के कल्याण से गायब चार युवकों के इराकी आतंकी गुट आइएसआइएस में शामिल होने की आशंका जताई जा रही है। चारों परिवार को बताए बिना घर छोड़कर चले गए। जांच में इनका लोकेशन फालुजा और मोसुल में मिला है।

News Article Hero Image

केतन रंगा (मिड डे), मुंबई। उप नगरीय इलाके ठाणे के कल्याण से गायब चार युवकों के इराकी आतंकी गुट आइएसआइएस में शामिल होने की आशंका जताई जा रही है। चारों परिवार को बताए बिना घर छोड़कर चले गए। जांच में इनका लोकेशन फालुजा और मोसुल में मिला है।

जानकारी के मुताबिक, आरिफ एजाज माजिद (22), निवासी अंसारी चौक, कल्याण, शाहीन फारूकी टांकी (24), निवासी दूधखाना, कल्याण, फहद तनवीर शेख (25) और अमन नईम टंडेल (24), निवासी गोविंद नगर, कल्याण 23 मई को घर से चले गए। तीन ने परिजनों के लिए पत्र भी छोड़े। एक ने बेहतर जीवन तो दूसरे ने खुदा के काम के लिए और तीसरे ने अच्छी नौकरी की तलाश में घर छोड़ने की बात कही है। इनमें से तीन इंजीनियर हैं, जबकि एक पढ़ाई कर रहा था। पुलिस ने पत्रों की जानकारी केंद्रीय एजेंसियों को दी। इस बाबत 28 मई को बाजारपेठ थाने (कल्याण) में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज की गई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए महाराष्ट्र का आतंक रोधी दस्ता (एटीएस), राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआइए) और खुफिया एजेंसियां जांच में जुट गई। एजेंसियों ने आरिफ माजिद के फोन कॉल का पता लगाया। उसने 24 मई को अपने घर फोन किया था। जांच एजेंसियों के मुताबिक, आरिफ के अंतिम बार 26 मई को मोसुल में होने का पता चला है। इसके बाद उसका परिजनों से कोई संपर्क नहीं है। तीन अन्य युवाओं ने कोई फोन नहीं किया।

जांच से जुड़े एक अधिकारी ने बताया कि हवाई अड्डे से सीसीटीवी फुटेज मिल चुकी है, जिसमें चारों को इराक की यात्रा करते हुए पाया गया है। अभी तक की जांच के आधार पर एजेंसियों ने चारों के इराक के संघर्ष में शामिल होने की आशंका जताई है। एक अधिकारी ने देश भर से युवाओं के धार्मिक यात्रा के नाम पर इराक जाने और फिर आइएसआइएस में शामिल होने की आशंका जाहिर की है। युवाओं के घर का दौरा करने वाले जांच अधिकारियों का कहना है कि इनका परिवार काफी सम्मानित है।

इंजीनियरिंग की पढ़ाई कर चुके फहद की बहन ने कहा, 'हम चिंतित हैं। हमें यह भी पता नहीं कि फहद कहां है। हम उसके जल्द घर वापस आने की कामना करते हैं।' बेटे की गुमशुदगी की खबर सुनकर नईम टंडेल की मां बीमार पड़ गई हैं। टंडेल के पिता ने टिप्पणी करने से इन्कार कर दिया।

पढ़ें: पाकिस्तानी आतंकी समूह की बगदादी में निष्ठा

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।