विदेशी नागरिकों पर कार्रवाई बढ़ा सकती है संकट
डेनिश महिला से सामूहिक दुष्कर्म की घटना के बाद युगांडा की महिलाओं के खिलाफ कार्रवाई को लेकर दिल्ली सरकार और केंद्र की तकरार ने विदेश नीति की परेशानी बढ़ा दी है। राजधानी में विदेशी नागरिकों पर नशीली दवाओं और सेक्स रैकेट संबंधी कथित आरोपों को लेकर पुलिस कार्रवाई का दबाव बना रह
नई दिल्ली [प्रणय उपाध्याय]। डेनिश महिला से सामूहिक दुष्कर्म की घटना के बाद युगांडा की महिलाओं के खिलाफ कार्रवाई को लेकर दिल्ली सरकार और केंद्र की तकरार ने विदेश नीति की परेशानी बढ़ा दी है। राजधानी में विदेशी नागरिकों पर नशीली दवाओं और सेक्स रैकेट संबंधी कथित आरोपों को लेकर पुलिस कार्रवाई का दबाव बना रही दिल्ली सरकार के रवैये के बीच विदेश मंत्रालय की चिंता विदेशों में बसे भारतीयों की हिफाजत को लेकर है। खासतौर पर अफ्रीकी मुल्कों में बसे भारतीयों पर किसी प्रतिक्रिया की आशंका को लेकर।
विदेश मंत्री सलमान खुर्शीद ने मामले पर चिंता जताते हुए कहा कि यह बेहद दुखद है कि एक मित्र देश के साथ भारत के रिश्तों को दांव पर लगाने का प्रयास किया जा रहा है। खुर्शीद ने सोमवार को दिल्ली में मौजूद सभी विदेशी राजदूतों व उच्चायुक्तों से भी मुलाकात की। दोपहर भोज की इस भेंट में खुर्शीद ने विदेशी राजनयिकों को आश्वासन दिया कि केंद्र सरकार भारत में रहने वाले सभी नागरिकों (विदेशियों समेत) की सुरक्षा को प्रतिबद्ध है। कूटनीतिक खेमे का मानना है कि किसी देश विशेष या खास मूल के विदेशी नागरिकों को निशाना बनाकर की गई किसी भी तरह की कार्रवाई के दूरगामी दुष्परिणाम होंगे।
आधिकारिक सूत्रों के अनुसार कानून-व्यवस्था के नाम पर जिस तरह नाइजीरिया या युगांडा के नागरिकों को चिह्नित कर कार्रवाई का प्रयास किया गया, वह नुकसानदेह साबित होगा। इसकी प्रतिक्रिया में संबंधित मुल्कों में बसे भारतीयों के लिए भी सुरक्षा की चिंताएं खड़ी हो सकती हैं।
गौरतलब है कि गत सप्ताह एक डेनिश महिला के साथ सामूहिक दुष्कर्म की घटना के बाद रात्रि-गश्त पर निकले दिल्ली सरकार के कानून मंत्री सोमनाथ भारती ने पुलिस अधिकारियों को देह व्यापार व नशीली दवाओं के अवैध कारोबार की आशंका जताते यूगांडा की चार महिलाओं समेत अफ्रीकी मूल के कुछ नागरिकों पर कार्रवाई को कहा था।
विदेश मंत्रालय के अनुसार भारतीयों के लिहाज से यूगांडा काफी अनुकूल साबित हुई है, जहां भारतीय मूल के करीब 22 हजार लोग बसे हैं। वहीं इस अफ्रीकी देश में भारतीय लोग आर्थिक रूप से काफी अहम भूमिका निभाते हैं। साथ ही बीते दो दशकों में भारतीयों ने एक अरब डॉलर से अधिक का निवेश किया है।
अलबत्ता गोवा में गत नवंबर में एक नाइजीरियाई नागरिक की मौत के बाद हुई तोड़फोड़ व पुलिस कार्रवाई ने रिश्तों में तनाव जरूर बढ़ा था। उस दौरान नाइजीरियाई राजदूत ने आगाह भी किया था कि यदि उनके नागरिकों को निशाना बनाकर कार्रवाई की गई तो उनके मुल्क में भी इसकी प्रतिक्रिया संभव है। नाइजीरिया में भी भारतीय समुदाय के लोगों की संख्या 35 हजार है।
विदेश मंत्रालय के मुताबिक इनमें भारतीय पासपोर्ट धारक लोगों की आबादी 25 हजार के करीब है। हालांकि आंकड़े बताते हैं कि नाइजीरिया में भी भारतीय नागरिक हिंसक हमलों का शिकार बनते रहे हैं।
पढ़ें: डेनिश महिला से दुष्कर्म में नाबालिग भी था शामिल
मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर