पंजाब से राजस्थान तक सब पानी-पानी, बारिश और बाढ़ से बिगड़े हालात; आगे भी नहीं मिलेगी राहत
उत्तर भारत में मानसूनी बारिश के बाद बाढ़ से कई राज्य प्रभावित हैं। पंजाब में हालात गंभीर हैं जहां 46 लोगों की जान चली गई और फसलें बर्बाद हो गईं। प्रधानमंत्री मोदी 9 सितंबर को बाढ़ग्रस्त क्षेत्रों का दौरा करेंगे। मौसम विभाग ने उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में बारिश का अलर्ट जारी किया है। राजस्थान में भी भारी बारिश की संभावना जताई गई है। बाढ़ से बचाव कार्य जारी है।

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। उत्तर भारत के कई राज्यों में मानसूनी बारिश के बाद बाढ़ का सितम देखने को मिल रहा है। पंजाब बाढ़ से बुरी तरीके से प्रभावित है। हिमाचल, उत्तराखंड और राजस्थान में भी बाढ़ से हालात बेहद खराब है।
उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, बिहार जैसे राज्य इन दिनों इंद्र देव के प्रकोप को झेल रहे हैं। वहीं, भारत मौसम विज्ञान विभाग ने इस बीच बारिश को लेकर चेतावनी जारी की है।
बाढ़ से बिगड़े हालात
पंजाब इस समय बाढ़ के कारण बुरी तरीके से प्रभावित है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 9 सितंबर को बाढ़ग्रस्त इलाकों का दौरा करेंगे। जानकारी के अनुसार, इस आपदा में मृतकों की संख्या 46 हो गई है। वहीं. 1.75 लाख हेक्टेयर से अधिक खड़ी फसल पूरी तरीके से बर्बाद हो गई है। बताया जा रहा है कि पंजाब में 23 जिलों के 1,996 गांव बाढ़ के पानी में पूरी तरह से डूब गए हैं। राहत और बचाव कार्य काफी दिनों से चल रहा है।
आज के लिए मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट
इस बीच आईएमडी ने उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में आज के लिए बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार, हिमाचल और उत्तराखंड के अधिकांश जिलों में बारिश से राहत रहेगी।
राजस्थान में भारी बारिश की चेतावनी
आईएमडी ने बताया कि 7 सितंबर को गुजरात, पूर्वी राजस्थान और दक्षिण-पश्चिम राजस्थान में भारी वर्षा होने की संभावना है। शनिवार को जारी एक बयान में मौसम विभाग ने बताया कि 7 सितंबर को गुजरात क्षेत्र, सौराष्ट्र और कच्छ में छिटपुट स्थानों पर अत्यधिक भारी वर्षा होने की संभावना है, जबकि 6 सितंबर को गुजरात क्षेत्र, 6 सितंबर को पूर्वी राजस्थान और 7 सितंबर, 2025 को दक्षिण-पश्चिम राजस्थान में असाधारण रूप से भारी वर्षा (30 सेमी) होने की संभावना है।
इन राज्यों के लिए भी जारी किया गया अलर्ट
भारत मौसम विज्ञान विभाग द्वारा जारी बयान में कहा गया कि 8 सितंबर को पश्चिमी राजस्थान, 6 और 7 सितंबर को उत्तराखंड, 8 और 9 सितंबर को हिमाचल प्रदेश, 8 से 10 सितंबर के दौरान हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली, 10 सितंबर को पंजाब, 10 और 11 सितंबर को पूर्वी उत्तर प्रदेश, 8 सितंबर को पूर्वी राजस्थान, 7 सितंबर को कोंकण और गोवा, मध्य महाराष्ट्र, 8 सितंबर को गुजरात राज्य में भारी बारिश की संभावना है। (समाचार एजेंसी एएनआई के इनपुट के साथ)
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।