विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

डायबिटीज मरीजों के लिए विशेषज्ञों की चेतावनी, सिर्फ HBA1C से नतीजे नहीं हो सकते तय

Published: Sun, 15 Feb 2026 08:40 PM (IST)

भारत में डायबिटीज के लिए HBA1C टेस्ट पर पूरी तरह भरोसा करना जोखिम भरा हो सकता है। एक अध्ययन के अनुसार, एनीमिया और आनुवंशिक रक्त रोगों के कारण यह परीक्षण गलत परिणाम दे सकता है, जिससे डायबिटीज का पता लगने में चार साल तक की देरी हो सकती है। खासकर महिलाओं और ग्रामीण आबादी को इसका खामियाजा भुगतना पड़ सकता है। विशेषज्ञों ने सटीक निदान के लिए अन्य परीक्षणों के साथ HBA1C के उपयोग की सलाह दी है।

डायबिटीज मरीजों के लिए विशेषज्ञों की चेतावनी सिर्फ HBA1C से नतीजे नहीं हो सकते तय (फाइल फोटो)

डायबिटीज मरीजों के लिए विशेषज्ञों की चेतावनी सिर्फ HBA1C से नतीजे नहीं हो सकते तय (फाइल फोटो)

HighLights

  1. HBA1C टेस्ट भारत में अविश्वसनीय हो सकता है।

  2. एनीमिया और रक्त रोग परिणाम प्रभावित करते हैं।

  3. सटीक निदान हेतु अन्य परीक्षण भी आवश्यक हैं।

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। अगर आप डायबिटीज के लिए एचबीए1सी टेस्ट पर आंख मूंदकर भरोसा करते हैं, तो सावधान हो जाएं क्योंकि भारत जैसे देश में ये परीक्षण हर बार सही नतीजा देगा, ये तय नहीं है।

द लैंसेट रीजनल हेल्थ साउथईस्ट एशिया जर्नल में प्रकाशित अध्ययन में कहा गया है कि भारत जैसे देश में, जहां खून की कमी (एनीमिया) और कुछ अनुवांशिक रक्त बीमारियां ज्यादा पाई जाती हैं, वे इस टेस्ट की रिपोर्ट में उतार-चढ़ाव कर सकती हैं। इसके चलते कभी-कभी डायबिटीज का पता लगाने में चार साल तक की देरी हो सकती है।

इसका खामियाजा खासकर महिलाओं और ग्रामीण आबादी को भुगतना पड़ सकता है। गौरतलब है कि एचबीए1सी टेस्ट से पता चलता है कि पिछले 2-3 महीनों में व्यक्ति का औसत ब्लड शुगर कितना रहा। आमतौर पर 5.7 प्रतिशत से कम सामान्य, 5.7 से 6.4 प्री-डायबिटीज और 6.5 प्रतिशत या उससे ज्यादा डायबिटीज माना जाता है।

विशेषज्ञों ने दी चेतावनी

लेकिन जिन लोगों को एनीमिया या खून से जुड़ी जन्मजात बीमारियां हैं, उनमें यह टेस्ट असली शुगर लेवल से अलग नतीजा दे सकता है। प्रोफेसर अनूप मिश्रा और उनके सहयोगियों के नेतृत्व में किए गए इस शोध में दक्षिण एशिया में टाइप 2 डायबिटीज के निदान या निगरानी के लिए एचबीए1सी पर एकमात्र निर्भरता पर सवाल उठाया गया है।

शोधकर्ताओं का कहना है कि अगर डीक्टर केवल इसी एक टेस्ट पर भरोसा करें तो कई मरीजों में डायबिटीज की पहचान देर से हो सकती है या गलत भी हो सकती है। लाल रक्त कणिकाओं की उम्र और संख्या में बदलाव भी रिपोर्ट को प्रभावित करते हैं।

विशेषज्ञों ने चेतावनी दी है कि भारत के कई इलाकों में आयरन की कमी बहुत आम है, जिससे एचबीए1सी का स्तर असल से ज्यादा दिख सकता है। साथ ही कुछ एंजाइम की कमी वाले लोगों में डायबिटीज की पहचान कई साल टल सकती है। अलग-अलग लैब में टेस्ट की गुणवत्ता भी एक जैसी नहीं होती, जिससे भ्रम बढ़ सकता है।

सिर्फ एक टेस्ट पर निर्भर न रहें

शोध में सलाह दी गई है कि डायबिटीज की जांच के लिए सिर्फ एक टेस्ट पर निर्भर न रहें। जरूरत के हिसाब से ओरल ग्लूकोज टालरेंस टेस्ट, घर पर शुगर चेक करना और दूसरे ब्लड टेस्ट भी साथ में किए जाएं।

बड़े अस्पतालों में लगातार शुगर मानिटर करने वाली मशीन जैसे विकल्प भी उपयोगी हो सकते हैं।निष्कर्ष यह है कि जहां एनीमिया और खून से जुड़ी समस्याएं ज्यादा हैं, वहां डायबिटीज की सही पहचान के लिए कई तरह की जांचों को मिलाकर देखना ज्यादा सुरक्षित और भरोसेमंद तरीका है।

'चल रहा है क्लाउन शो', ट्रंप पर बरसे ओबामा; नस्लभेदी वीडियो पर दी तीखी प्रतिक्रिया

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।