विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

EPFO का नया नियम: अब पीएफ से निकाल सकेंगे 90 प्रतिशत पैसा, रिटायरमेंट वालों को भी मिली गुड न्यूज

Published: Thu, 19 Nov 2026 07:39 PM (IST)

कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) ने 'सिस्टमैटिक विड्रॉल प्लान' (SWP) को मंजूरी दी है, जिससे सदस्य रिटायरमेंट बचत को किश्तों में निकाल सकेंगे।

EPFO के लिए नए नियम जारी (जागरण)

EPFO के लिए नए नियम जारी (जागरण)

HighLights

  1. ईपीएफओ ने 'सिस्टमैटिक विड्रॉल प्लान' (SWP) को दी मंजूरी।

  2. पीएफ से निकासी की प्रतीक्षा अवधि अब केवल दो महीने।

  3. रिटायरमेंट के बाद किश्तों में निकाल सकेंगे पीएफ की राशि।

जागरण ब्यूरो, नई दिल्ली। कर्मचारी भविष्य निधि संगठन इपीएफओ ने अपने सदस्यों को भविष्य निधि खाते से समय-समय पर रकम निकालने की 'सिस्टमैटिक विड्रॉल प्लान' (एसडब्लूपी) को मंजूरी दे दी है।

इस नए प्लान के तहत इपीएफ खाताधारकों को अपने रिटायरमेंट बचत को एकमुश्त निकालने की बजाय जरूरत के हिसाब से किश्तों में निकालने का विकल्प मिलेगा।

PF अकाउंट से पैसे निकालने की लिमिट बढ़ी

इपीएफओ ने अब पीएफ खाते में सदस्यों के लिए न्यूनतम बैलेंस की पिछले साल तय की गई 25 प्रतिशत की न्यूनतम राशि की सीमा घटाकर 10 प्रतिशत कर दी है।

साथ ही नौकरी छूट जाने के बाद भविष्य निधि खाते से रकम निकालने की पिछले वर्ष बढ़ाई गई एक वर्ष की प्रतीक्षा अवधि को भी वापस लेकर पूर्व तरह घटाकर इसे दो महीने कर दिया गया है। यानि अब दो महीने तक बेरोजगार रहने के बाद इपीएफ खाताधारक अपने भविष्य निधि के अंतिम सेटलमेंट का दावा कर सकेंगे।

हालांकि पेंशन फंड से अंतिम पेंशन निकासी के लिए न्यूनतम 36 महीने की वेटिंग पीरियड में कोई बदलाव नहीं हुआ है।

कर्मचारी भविष्य निधि संगठन न्यासी बोर्ड की 240वीं बोर्ड की गुरूवार को यहां हुई बैठक में इपीएफसदस्यों की सुविधा बढ़ाने के संबंध में यह निर्णय लिया गया।

केंद्रीय श्रम और रोजगार मंत्री मनसुख मांडविया की अध्यक्षता में हुई बैठक में नए 'सिस्टमैटिक विड्रॉल प्लान' को शीघ्र लागू किए जाने पर जोर दिया गया।

उम्मीद है कि यह अगले दो महीने में लागू हो जाएगा। न्यासी बोर्ड के सामने पेंशन सुधार, भविष्य निधि में लचीलापन, निवेश प्रबंधन, प्रशासन, छूट नीति और ईपीएफओ के डिजिटल बदलाव से जुड़े मसलों पर चर्चा हुई।

एसडब्लूपी से रिटायर होने वाले सदस्य अपनी जमा भविष्य निधि की बचत को अपनी पसंद के अनुसार नियमित अंतराल जैसे मासिक, त्रैमासिक या छमाही निकाल सकेंगे। जबकि खाते में बाकी बची हुई राशि पर इपीएफ का ब्याज मिलता रहेगा। हालांकि यह सुविधा पूरी तरह से स्वैच्छिक होगी और पैसे निकालने का कोई दबाव नहीं होगा।

बोर्ड के अनुसार इसका उद्देश्य रिटायरमेंट के बाद एक स्थिर आय सुनिश्चित करना, दोबारा निवेश करने के जोखिम को कम करना, फंड को लंबे समय तक टिकाऊ बनाना और गिग तथा प्लेटफॉर्म वर्करों तक सामाजिक सुरक्षा का दायरा बढ़ाना है।

शुरुआती चरण में 55 वर्ष से अधिक उम्र के लगभग 6.32 लाख इपीएफ सदस्य जिनके प्रोविडेंट फंड में पांच लाख रुपये से अधिक की राशि जमा है इस नए ढांचे का मुख्य लाभ उठा सकेंगे।

यदि भुगतान की अवधि के दौरान सदस्य की मृत्यु हो जाती है तो उनके नॉमिनी या आश्रित बची हुई राशि निकाल सकते हैं या समय-समय पर मिलने वाले भुगतान को प्राप्त करना जारी रख सकते हैं।

इपीएफओ ने इस पर भी विचार किया था कि सदस्य अपने नियोक्ता के पेरोल सिस्टम से अलग सीधे डिजिटल माध्यमों से अपने भविष्य निधि खाते में स्वैच्छिक योगदान कर सकें।

बोर्ड द्वारा चर्चा किए गए एक अलग प्रस्ताव में यह व्यवस्था करने का सुझाव दिया गया है कि छोटे थर्ड-पार्टी योगदान जैसे टिप्स, उपहार और ईनाम को यूएएन से जुड़े प्रॉविडेंट फंड खातों में जमा किया जा सके। इससे गिग वर्कर्स, प्लेटफॉर्म वर्कर्स, घरेलू कामगारों और असंगठित क्षेत्र के अन्य लोगों के लिए रिटायरमेंट बचत के विकल्प बढ़ सकते हैं।

न्यासी बोर्ड ने इपीएफओ द्वारा वैकल्पिक निवेश फंड में निवेश को सैद्धांतिक रूप से इस शर्त के साथ मंजूरी दी है कि मौजूदा कुल निवेश सीमा के भीतर ही नए निवेश का तीन प्रतिशत इसमें लगाया जा सकता है।

शुरुआत में यह निवेश सरकारी समर्थित संस्थाओं के माध्यम से किया जाएगा। इसका उद्देश्य इपीएफओ के निवेश पोर्टफोलियो में विविधता लाना तथा निवेश की निगरानी सुनिश्चित करना है।

यह भी पढ़ें- इंदिरा गांधी से पहली मुलाकात से पहले घबरा गई थीं सोनिया, 'पैनिक अटैक' के बाद रद की फर्स्ट मीटिंग

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।