विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

असम ट्रिपल मर्डर केस के दो आरोपी एनकाउंटर में घायल, ऑनलाइन गेमिंग में 4 लाख हारने के बाद दिया था वारदात को अंजाम

Published: Wed, 25 Nov 2026 09:20 AM (IST)

असम के डुलियाजान में ट्रिपल मर्डर के दो आरोपी राजू दास और अमीर दास पुलिस मुठभेड़ में घायल हो गए, जब वे हथियार बरामदगी के दौरान भागने की कोशिश कर रहे थे।

असम में ट्रिपल मर्डर के दो आरोपी पुलिस मुठभेड़ में घायल (फोटो-सोशल मीडिया @aboyobbhuyan, 16, Nov, 2026)

असम में ट्रिपल मर्डर के दो आरोपी पुलिस मुठभेड़ में घायल (फोटो-सोशल मीडिया @aboyobbhuyan, 16, Nov, 2026)

HighLights

  1. डुलियाजान ट्रिपल मर्डर के दो आरोपी मुठभेड़ में घायल हुए।

  2. आरोपियों ने हथियार बरामदगी के दौरान भागने का प्रयास किया।

  3. सेवानिवृत्त कर्मचारी के परिवार की हत्या कर लूटपाट की थी।

डिजिटल डेस्क, गुवाहटी। असम के डुलियाजान में हुए ट्रिपल मर्डर केस के दो आरोपी, राजू दास और अमीर दास बुधवार सुबह डिब्रूगढ़ जिले के बालीजन टी एस्टेट के पास पुलिस मुठभेड़ में घायल हो गये। पुलिस कार्रवाई के दौरान दोनों के पैरों में गोलियां लगीं।

आरोपियों के भागने के दौरान की गोलीबारी

न्यूज एजेंसी ANI के मुताबिक शुरुआती जांच में पता चला है कि जांच टीम आरोपियों को पुलिस वाहन से डुलियाजान के बालीजन टी एस्टेट ले जा रही थी, ताकि हत्या में इस्तेमाल मुख्य हथियार को ढूंढा जा सके। 

पुलिस ने बताया कि रात करीब 11 बजे तलाशी अभियान के दौरान संदिग्धों ने कथित तौर पर पुलिसकर्मियों पर काबू पाने की कोशिश की और अंधेरे का फायदा उठाकर भागने की कोशिश की।

उनके भागने की कोशिश करने पर पुलिस ने कुल पांच राउंड फायरिंग की, जिनमें से चार संदिग्धों के पैरों में लगीं। इस घटना में दो पुलिसकर्मी भी घायल हुए हैं। जिनका डुलियाजान के एक अस्पताल में इलाज कराया गया।

दोनों आरोपियों और घायल पुलिसकर्मियों को इलाज के लिए डुलियाजन ऑयल अस्पताल ले जाया गया है। उनकी मौजूदा मेडिकल स्थिति के बारे में अभी कोई जानकारी नहीं मिली है।

एक ही परिवार के तीन सदस्यों की हत्या

दोनों आरोपी राजू और अमीर पर असम के डुलियाजन इलाके के कमलाबाड़ी में एक परिवार के तीन सदस्यों की हत्या करने का आरोप है।

पुलिस के मुताबिक, परिवार के तीनों सदस्यों पर हथौड़े और लोहे की रॉड से हमला किया गया था। इसके बाद घर से नकदी, सोने के गहने और अन्य कीमती सामान लूट लिया गया।

मृतकों की पहचान ऑयल इंडिया लिमिटेड के रिटायर्ड कर्मचारी चंद्रकांता भुइयां, उनकी पत्नी एलिजा भुइयां और उनकी बेटी निहारिका भुइयां के रूप में हुई है।

16 नवंबर को जब परिवार के सदस्यों की ओर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली, तो पड़ोसियों ने शोर मचाया, जिसके बाद घर से उनके शव बरामद किए गए।

घर में केयर टेकर के तौर पर काम कर चुका था राजू

जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि राजू ऑनलाइन गेमिंग और सट्टेबाजी में करीब 4 लाख रुपये हार गया था और आर्थिक तंगी से जूझ रहा था।

बताया जा रहा है कि उसने अपने पिता से भी पैसे उधार लिए थे। जांचकर्ताओं को शक है कि उसने घर में लूटपाट उन पैसों की भरपाई के लिए ही की थी।

राजू कई सालों तक भुइयां परिवार के यहां केयरटेकर के तौर पर काम कर चुका था, इसलिए उसे उनके घर और रोजमर्रा की दिनचर्या की अच्छी जानकारी थी।

घटना के एक दिन बाद गिरफ्तारी

राजू और अमीर को एक दिन बाद असम के शिवसागर जिले के सिमालुगुरी रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार किया गया। उन्हें 'अवध असम एक्सप्रेस' ट्रेन से यात्रा करते समय पकड़ा गया था। जांचकर्ताओं को शक है कि आरोपी बेंगलुरु भागने से पहले गुवाहाटी पहुंचने की कोशिश कर रहे थे।

बाद में पुलिस ने घर से चोरी हुए सामान को बरामद किया, जिसमें सोने-चांदी के गहने, नकदी और मोबाइल फोन शामिल हैं।

इससे पहले 2020 में, राजू को अपहरण के एक मामले में गिरफ्तार किया गया था। तब वह जमानत मिलने से पहले लगभग तीन महीने जेल में रहा था।

मदद करने वाली महिला की तलाश

पुलिस के मुताबिक जांच के दौरान मजिस्ट्रेट और वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों की मौजूदगी में आरोपियों को क्राइम सीन (घटनास्थल) पर ले जाया गया, ताकि घटनाक्रम को फिर से दोहराया जा सके।

इस प्रक्रिया के दौरान, घटना के क्रम को समझने के लिए डमी शवों का इस्तेमाल किया गया। जांचकर्ताओं ने असम के तिनसुकिया जिले में एक होटल की भी तलाशी ली।

वे एक ऐसी महिला की तलाश कर रहे थे, जिस पर हत्याओं के बाद आरोपियों की मदद करने का शक है। पुलिस इस बात की जांच कर रही थी कि क्या उस महिला ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तारी से बचने में मदद की थी।

यह भी पढ़ें- असम में सेना की जिप्सी रोकने पर विवाद, ट्रैफिक इंस्पेक्टर से हटाई गईं

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।