ईएसआइसी के दायरे में आएंगे घरेलू कामगार
सभी को स्वास्थ्य बीमा उपलब्ध कराने के सपने को साकार करने के लिए सरकार सभी घरेलू कामगारों को ईएसआइसी के दायरे में लाने जा रही है। इस योजना से देश के करीब एक करोड़ घरेलू कामगार
हैदराबाद, प्रेट्र : सभी को स्वास्थ्य बीमा उपलब्ध कराने के सपने को साकार करने के लिए सरकार सभी घरेलू कामगारों को ईएसआइसी के दायरे में लाने जा रही है। इस योजना से देश के करीब एक करोड़ घरेलू कामगार लाभान्वित होंगे।
केंद्रीय श्रम मंत्री बंडारू दत्तात्रेय ने शनिवार को बताया, 'सामाजिक सुरक्षा के रूप में घरेलू कामगारों को ईएसआइसी के तहत लाया जाएगा। इसलिए देश में पहली बार हम दिल्ली और हैदराबाद में दो पायलट परियोजनाएं शुरू करेंगे।
इसके दो भाग हैं। पहला कर्मचारी का अंशदान और दूसरा नियोक्ता का अंशदान। इसके तौर-तरीकों को अंतिम रूप देने के लिए जल्दी ही हम सभी पक्षों के साथ एक कार्यशाला का आयोजन करेंगे।' उन्होंने यह भी बताया कि वित्त मंत्री अरुण जेटली की अध्यक्षता में मंत्रियों का एक समूह पहले ही इस बारे में चर्चा कर चुका है कि कैसे आशा और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को ईएसआइसी के तहत लाया जाए और उन्हें भविष्य निधि कोष की सेवाएं प्रदान की जाएं।
श्रम मंत्री ने बताया, 'एक समिति गठित की जाएगी जिसमें मानव संसाधन विकास मंत्रालय, स्वास्थ्य और महिला व बाल विकास मंत्रालय के संयुक्त सचिव सदस्य होंगे, जबकि श्रम मंत्रालय का एक वरिष्ठ अधिकारी उसका संयोजक होगा। घरेलू कामगारों पर प्रस्तावित कार्यशाला में यह समिति भी हिस्सा लेगी।'
पढ़ें- शरई कानून के तहत सुरक्षित महसूस करती हैं मुस्लिम महिलाएं