विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'गांधी, नेहरू और अंबेडकर भारत की आत्मा-दिमाग और रीढ़ की हड्डी'; दीपके का केंद्र पर तंज

Published: Sun, 04 Oct 2026 12:17 PM (IST)

कॉकरोच जनता पार्टी के संस्थापक अभिजीत दिपके ने महात्मा गांधी, डॉ. बाबासाहेब अंबेडकर और पंडित जवाहरलाल नेहरू को भारत की आत्मा, रीढ़ और दिमाग बताया।

सीजेपी संस्थापक अभिजीत दिपके। (फाइल फोटो।)

सीजेपी संस्थापक अभिजीत दिपके। (फाइल फोटो।)

HighLights

  1. दिपके ने गांधी, अंबेडकर, नेहरू को भारत के स्तंभ बताया।

  2. सीजेपी ने मतदाता सूची गड़बड़ी पर CEC के इस्तीफे की मांग की।

  3. मुंबई में प्रदर्शन के बाद 500 अज्ञात लोगों पर FIR दर्ज।

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संस्थापक अभिजीत दिपके ने रविवार को कहा कि महात्मा गांधी, डॉ. बाबासाहेब अंबेडकर और पंडित जवाहरलाल नेहरू भारत की राजनीतिक और सामाजिक विरासत के तीन अलग-अलग स्तंभ थे।

सोशल मीडिया पर पोस्ट किए गए एक वीडियो में दिपके ने गांधी को भारत की आत्मा, अंबेडकर को भारत की रीढ़ और नेहरू को भारत का दिमाग बताया और कहा, "आप कभी भी उनके जैसे नहीं बन सकते।"

गांधी जयंती पर किया गया प्रदर्शन

यह घटनाक्रम तब हुआ है जब सीजेपी ने शुक्रवार को मुंबई के शिवाजी पार्क में विरोध प्रदर्शन किया। इस प्रदर्शन में मतदाता सूची के स्पेशल इंटेंसिव रिविजन (एसआईआर) में गड़बड़ियों को लेकर मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग की गई।

महात्मा गांधी की जयंती के मौके पर आयोजित इस प्रदर्शन के मंच पर अहिंसा और सादगी से जुड़े विचार प्रदर्शित किए गए और साथ ही बाबासाहेब अंबेडकर को श्रद्धांजलि भी दी गई।

500 अज्ञात लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज

मुंबई पुलिस ने शिवाजी पार्क में हुए इस विरोध प्रदर्शन के सिलसिले में आयोजकों और 400-500 अज्ञात लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। शिवाजी पार्क पुलिस स्टेशन के एक अधिकारी ने बताया कि यह मामला भारतीय न्याय संहिता और महाराष्ट्र पुलिस अधिनियम की धाराओं के तहत दर्ज किया गया है। इसमें गैर-कानूनी तरीके से इकट्ठा होने, सरकारी अधिकारी के वैध आदेश की जानबूझकर अवहेलना करने और अन्य अपराधों के आरोप शामिल हैं।

दिपके ने फिर दी प्रदर्शन करने की चेतावनी

अधिकारी ने आगे बताया कि यह एफआईआर शिवाजी पार्क इलाके के एक निवासी की शिकायत के आधार पर दर्ज की गई है। दिपके ने शुक्रवार रात यह भी घोषणा की कि अगर मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार इस्तीफा नहीं देते हैं तो दिल्ली के जंतर-मंतर पर एक और विरोध प्रदर्शन किया जाएगा।

उन्होंने एक्स पर एक पोस्ट में कहा, "अगर ज्ञानेश कुमार इस्तीफा नहीं देते हैं तो पूरे भारत से कॉकरोच दिल्ली आएंगे और 10 अक्टूबर को जंतर-मंतर पर विरोध प्रदर्शन करेंगे।" उन्होंने कहा कि यह प्रदर्शन शांतिपूर्ण होगा और स्वतंत्र व निष्पक्ष चुनाव चाहने वाले हर नागरिक से इसमें शामिल होने की अपील की।

यह भी पढ़ें: दिल्ली का जंतर-मंतर छोड़ CJP ने मुंबई से क्यों शुरू किया आंदोलन? अभिजीत दीपके ने बताया पूरा प्लान