परिसीमन विधेयक पर सरकार की नई रणनीति, शीतकालीन सत्र के बजाय छोटी बैठक क्यों?
केंद्र सरकार महिला आरक्षण के लिए परिसीमन विधेयक को संसद में फिर से लाने की तैयारी में है। इसके लिए शीतकालीन सत्र के बजाय मानसून सत्र की स्थगित बैठकों को फिर से बुलाने का फैसला किया गया है।
-1795801454727_m.webp)
शीतकालीन सत्र बुलाने के बजाय छोटी बैठक (फाइल फोटो)
HighLights
महिला आरक्षण के लिए परिसीमन विधेयक लाने की तैयारी।
शीतकालीन सत्र के बजाय मानसून सत्र की बैठकें बुलाईं।
कम समय में विधायी एजेंडा पूरा करने की रणनीति।
जागरण न्यूज नेटवर्क, नई दिल्ली। महिला आरक्षण को जल्द लागू करने की कोशिश में नाकाम रही केंद्र सरकार अब परिसीमन विधेयक को नए सिरे से संसद में लाने की तैयारी कर रही है। इसके लिए सरकार ने संसद की बैठक बुलाने का तरीका भी सोच-समझकर चुना है।
आम तौर पर नवंबर या दिसंबर में होने वाला शीतकालीन सत्र बुलाने के बजाय सरकार ने मानसून सत्र की स्थगित बैठकें फिर शुरू करने का फैसला किया है।
शीतकालीन सत्र बुलाने के बजाय छोटी बैठक
मानसून सत्र की बैठकें 13 अगस्त को अनिश्चितकाल के लिए स्थगित हुई थीं, लेकिन सत्र का सत्रावसान नहीं किया गया था। ऐसे में सरकार के पास उसी सत्र को आगे बढ़ाने का विकल्प मौजूद था। सवाल है कि नियमित शीतकालीन सत्र बुलाने के बजाय यह रास्ता क्यों चुना गया?
कम समय में संसद बुलाने की सुविधाइसका पहला कारण प्रक्रियागत सुविधा हो सकता है। नियमित सत्र बुलाने के लिए आम तौर पर पहले से तैयारी और सूचना की जरूरत होती है। इसके उलट, जिस सत्र का औपचारिक सत्रावसान नहीं हुआ हो, उसकी स्थगित बैठकें दोबारा बुलाना अपेक्षाकृत आसान होता है।
लोकसभा की प्रक्रिया तथा कार्य संचालन नियमावली का नियम 15 अध्यक्ष को अनिश्चितकाल के लिए स्थगित बैठक फिर बुलाने का अधिकार देता है। इससे सरकार कम समय में संसद की कार्यवाही शुरू कर सकती है।
सरकार के एजेंडे पर रहेगा जोरदूसरा कारण संसद के सीमित समय में अपने विधायी एजेंडे को प्राथमिकता देना हो सकता है। छोटी बैठक में सरकार किसी खास विधेयक पर चर्चा और मतदान के लिए समय तय कर सकती है।
नियमित सत्र में विपक्ष को सरकार से कई मुद्दों पर जवाब मांगने का अवसर मिलता है। इस बार विपक्ष मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआइआर) और निर्वाचन आयोग के कामकाज जैसे मुद्दों पर सरकार को घेरना चाहता है। ऐसे में संक्षिप्त बैठक के दौरान इन मुद्दों पर चर्चा के लिए समय सीमित रह सकता है।
हालांकि, बैठक का एजेंडा और चर्चा का समय तय करने की प्रक्रिया के तहत ही यह स्पष्ट होगा कि किन विषयों को कितनी जगह मिलती है।
समर्थन के मौजूदा समीकरण का लाभतीसरी वजह राजनीतिक हो सकती है। संविधान संशोधन विधेयक पारित कराने के लिए दोनों सदनों में विशेष बहुमत जरूरी है। सरकार को इसके लिए कुछ क्षेत्रीय दलों के समर्थन की दरकार है। ऐसे दलों के साथ बातचीत और सहमति किसी खास मुद्दे तक सीमित हो सकती है।
राजनीतिक परिस्थितियां बदलने पर समर्थन के ये समीकरण भी बदल सकते हैं। इसलिए सरकार की कोशिश हो सकती है कि मौजूदा सहमति का लाभ उठाते हुए विधेयक पर जल्द मतदान करा लिया जाए।
लोकसभा और राज्यसभा की बैठकें अलग-अलग तारीखों पर बुलाना भी इसी रणनीति का हिस्सा माना जा रहा है। लोकसभा की बैठक 30 नवंबर को होगी, जबकि राज्यसभा दो दिसंबर को बैठेगी। इस तरह सरकार को पहले लोकसभा में विधेयक पर आगे बढ़ने और उसके बाद राज्यसभा में उसे पेश करने का अवसर मिलेगा।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।