Covid Vaccination: पढ़ाई, नौकरी और व्यापार के लिए विदेश जाने वालों को सतर्कता डोज पर लगाने पर विचार कर रही सरकार
सरकार जल्द ही शिक्षा रोजगार खेल और आधिकारिक या व्यावसायिक प्रतिबद्धताओं में भाग लेने के लिए विदेश यात्रा करने वालों के लिए कोविड वैक्सीन की सतर्कता डोज की अनुमति दे सकती है। आधिकारिक सूत्रों ने शनिवार को यह जानकारी दी।
नई दिल्ली, प्रेट्र। सरकार जल्द ही पढ़ाई, नौकरी, खेल और आधिकारिक या व्यापार संबंधी कार्यो के लिए विदेश जाने के इच्छुक लोगों को बूस्टर/सतर्कता डोज लगाने की अनुमति दे सकती है। आधिकारिक सूत्रों ने शनिवार को बताया कि इस पर भी चर्चा की जा रही है कि क्या विदेश जाने वाले यात्रियों को पैसे देकर निजी टीका केंद्रों पर बूस्टर डोज लेनी चाहिए। देश में अभी स्वास्थ्य कर्मियों और फ्रंटलाइन वर्कर के साथ ही साथ 60 साल से अधिक उम्र के लोगों को सतर्कता डोज लगाई जा रही है।
रविवार से नियमित अंतरराष्ट्रीय उड़ानें शुरू हो रही हैं। हाल ही में उड्डयन मंत्रालय ने इस बात का उल्लेख किया था कि कुछ देशों में यात्रा के लिए तीसरी या बूस्टर डोज लेने की बाध्यता और यह आवश्यक कार्यो से बाहर जाने वाले भारतीय यात्रियों को कितना प्रभावित कर रहा है। यह भी पता चला है कि केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय को रोजगार, शिक्षा, या आधिकारिक/ व्यावसायिक प्रतिबद्धताओं इत्यादि के सिलसिले के लिए यात्रा करने के इच्छुक लोगों को एहतियाती डोज लेने की अनुमति देने के अनुरोध मिले हैं।
एक अधिकारी ने प्रेट्र को बताया कि इसको देखते हुए मंत्रालय उपरोक्त कार्यो के सिलसिले में विदेश जाने वालों को बूस्टर/सतर्कता डोज लगवाने की अनुमति देने पर गंभीरता से विचार कर रहा है। हालांकि, मंत्रालय की तरफ से अभी तक इसको लेकर कोई आधिकारिक निर्देश नहीं जारी किए गए हैं।
मौजूदा दिशानिर्देशों के अनुसार, डोज की प्राथमिकता और उसके बाद दूसरी डोज प्रशासन की तारीख से नौ महीने पूरे होने पर आधारित होगा। देश भर में टीकाकरण अभियान 16 जनवरी, 2021 को शुरू किया गया था, जिसमें स्वास्थ्य कर्मियों को पहले चरण में टीका लगाया गया था। फ्रंटलाइन वर्कर्स का टीकाकरण पिछले साल 2 फरवरी से शुरू हुआ था।