भारत में कोरोना के मामले तोड़ रहे रिकॉर्ड, एक हफ्ते में 1200 फीसदी बढ़ गए मरीज; इन राज्यों में सबसे अधिक केस
Covid-19 भारत में कोरोना के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं सक्रिय मामलों की संख्या 3000 पार कर गई है। केरल महाराष्ट्र और दिल्ली जैसे राज्यों में सबसे अधिक मामले सामने आ रहे हैं। ओमीक्रॉन सबवेरिएंट्स के कारण मामलों में वृद्धि हुई है लेकिन विशेषज्ञों का मानना है कि संक्रमण अभी गंभीर नहीं है।

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। भारत में कोरोना इतनी तेजी से फैल रहा है कि हर रोज मरीजों की संख्या नए रिकॉर्ड बना रही है। इस वक्त देश में कोविड के एक्टिव मामलों की संख्या 3000 को पार कर गई है। शुक्रवार और शनिवार को कोविड से 4 मौतों की पुष्टि भी हुई है।
स्वास्थ्य मंत्रालय की वेबसाइट पर उपलब्ध आंकड़ों के मुताबिक, 1 जून को देश में कोविड के 3758 एक्टिव मामले दर्ज किए गए। पिछले हफ्ते की तुलना में कोरोनावायरस के केस में 1200 फीसदी से अधिक की बढ़ोतरी दर्ज की गई है।
इन राज्यों पर सबसे अधिक असर
भारत में कोरोना के सबसे अधिक मामले केरल से सामने आ रहे हैं। केरल में इस वक्त 1400 एक्टिव केस हैं। सिर्फ एक दिन में यहां 64 नये केस देखने को मिले। इसके बाद महाराष्ट्र, दिल्ली, गुजरात और कर्नाटक में सक्रिय मामलों की संख्या ज्यादा है।
कोविड के कारण कर्नाटक और केरल में एक-एक मौत दर्ज की गई है। इसके साथ ही 1 जनवरी 2025 से अब तक देश में कोविड से होने वाली मौतों की संख्या 28 हो गई है। आईसीएमआर के मुताबिक, ओमीक्रॉन के सब वेरिएंट में होने वाले म्यूटेशन से बने नए वेरिएंट की वजह से मामलों की संख्या बढ़ गई है।
संक्रमण अभी गंभीर नहीं
हालांकि विशेषज्ञों का मानना है कि संक्रमण अभी गंभीर स्थिति पर नहीं है, इसलिए चिंता की कोई बात नहीं है। ICMR प्रमुख डॉ. राजीव बहल ने कहा, 'पहले कोविड-19 के मामले दो दिन में दोगुने हो जाते थे। लेकिन इस बार ऐसा नहीं है। संक्रमण की दर अभी हल्की है।'
बता दें कि विश्व स्वास्थ्य संगठन ने LF.7 और NB.1.8.1 वेरिएंट को संक्रमण के लिए जिम्मेदार माना था। कोविड वैक्सीन के इस वेरिएंट के खिलाफ प्रभावी बने रहने की उम्मीद जताई जा रही है।
इन राज्यों में भी अधिक मामले
- महाराष्ट्र - 485
- दिल्ली - 436
- गुजरात - 320
- पश्चिम बंगाल - 287
- कर्नाटक - 238
- तमिलनाडु - 199
- उत्तर प्रदेश - 149
- राजस्थान - 62
- पुडुचेरी - 45
- हरियाणा - 30
यह भी पढ़ें: गाजियाबाद में कोरोना के दो नए मरीज मिले, एक्टिव मरीजों की इतनी हुई संख्या
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।