Congress President Election Nomination: मल्लिकार्जुन खड़गे, शशि थरूर और केएन त्रिपाठी ने कांग्रेस अध्यक्ष पद के चुनाव के लिए भरा नामांकन
Congress President Election 2022 Nomination: अध्यक्ष पद के लिए अब मल्लिकार्जुन खड़गे भी चुनाव लड़ेंगे। खड़गे, शशि थरूर और केएन त्रिपाठी ने कांग्रेस अध्यक्ष पद के लिए नामांकन दाखिल कर दिया है।
नई दिल्ली, एजेंसी। कांग्रेस के अध्यक्ष पद को लेकर चल रही राजनीति के बीच आज मल्लिकार्जुन खड़गे, शशि थरूर ने नामांकन दाखिल कर दिया है। इस बीच एक और कांग्रेस नेता ने पर्चा भरा है। झारखंड के पूर्व मंत्री केएन त्रिपाठी ने चुनाव के लिए नामांकन दाखिल कर दिया है। कांग्रेस अध्यक्ष पद के लिए यह मुकाबला अब एकतर्फा लग रहा है। ऐसा इसलिए क्योंकि कांग्रेस नेता खड़गे को कांग्रेस के कई नेताओं ने समर्थन जताया है। इस बीच पार्टी से नाराज माने जाने वाले जी-23 गुट ने भी खड़गे की उम्मीदवारी को अपना समर्थन दिया है।
Congress President Election Nomination
खड़गे ने 14 फार्म किए जमा
कांग्रेस अध्यक्ष चुनाव के नामांकन की प्रक्रिया खत्म होने के बाद मधुसूदन मिस्त्री ने कहा कि मल्लिकार्जुन खड़गे द्वारा 14 फार्म, शशि थरूर द्वारा 5 और केएन त्रिपाठी द्वारा 1 फार्म जमा किए गए हैं। उन्होंने कहा कि हम फार्मों की जांच करेंगे और उन फार्मों की घोषणा करेंगे जो वैध हैं।
थरूरू के घोषणापत्र में सुधार किया गया
कांग्रेस के अध्यक्ष पद के उम्मीदवार शशि थरूर के कार्यालय ने चुनाव के लिए अपने घोषणापत्र में सुधार किया है। पहले उनके घोषणापत्र में भारत का गलत नक्शा दिखाया गया था। नक्शे में जम्मू-कश्मीर, लद्दाख के कुछ हिस्सों को हटा दिया गया था।
थरूर के घोषणापत्र में दिखाया गया गलत नक्शा
कांग्रेस अध्यक्ष पद के चुनाव के उम्मीदवार शशि थरूर ने आज घोषणापत्र जारी किया है। इस बीच उन्होंने एक बड़े विवाद को जन्म दे दिया है। थरूर के घोषणापत्र में भारत का गलत नक्शा दिखाया गया है।
कांग्रेस में ही होता है अध्यक्ष का लोकतांत्रिक चुनावः जयराम
जयराम रमेश ने कहा कि कांग्रेस देश में एकमात्र ऐसी पार्टी है जो अपने अध्यक्ष के चुनाव के लिए एक तय प्रणाली के तहत जाती है। उन्होंने कहा कि भारतीय राजनीति में कांग्रेस हमेशा से ही सर्वसम्मति से चली है और जब भी यह संभव नहीं होता, तो हम चुनाव कराते हैं। जयराम ने आगे बताया कि प्रत्येक मतदाता के पास क्यूआर कोड आधारित मतदाता पहचान पत्र होगा जो इस चुनाव को और लोकतांत्रिक रूप देगा।
भारत जोड़ो यात्रा से राजनीति में आएगा परिवर्तनः जयराम
कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने कहा कि भारत जोड़ो यात्रा से भारतीय राजनीति में कांग्रेस परिवर्तन लाने वाली है।
खड़गे बोले- गांधी, नेहरू विचारधारा को आगे बढ़ाउंगा
मल्लिकार्जुन खड़गे ने कांग्रेस के अध्यक्ष पद के लिए नामांकन दाखिल कर कहा कि मैं बचपन से ही कांग्रेस की विचारधारा से जुड़ा रहा हूं और अब आगे भी इसको आगे बढ़ाउंगा। उन्होंने कहा कि मैं गांधी, नेहरू विचारधारा के लिए 8वीं, 9वीं कक्षा से प्रचार करता आया हूं।
खड़गे को कुल 30 कांग्रेस नेताओं ने किया समर्थन
मल्लिकार्जुन खड़गे को कांग्रेस के कुल 30 नेताओं ने समर्थन दिया है। सभी नेता नामांकन के दौरान प्रस्तावक के रूप में शामिल हुए।
खड़गे के नामांकन में कांग्रेस के 10 नेता बने प्रस्तावक
मल्लिकार्जुन खड़गे के नामांकन का कांग्रेस के दस नेताओं ने समर्थन दिया है। उनमें अशोक गहलोत, दिग्विजय सिंह, एके एंटनी, अंबिका सोनी, मुकुल वासनिक, आनंद शर्मा, अभिषेक मनु सिंघवी, अजय माकन, भूपेंद्र सिंह हुड्डा और तारिक अंवर प्रस्तावक रहे हैं।
देश ऐतिहासिक बेरोजगारी और महंगाई से गुजर रहाः थरूर
कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने पार्टी के अध्यक्ष पद के लिए नामांकन दाखिल कर कहा कि देश ऐतिहासिक बेरोजगारी और महंगाई से गुजर रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को ही अब बदलाव लाने वाली पार्टी बनना होगा।
मल्लिकार्जुन खड़गे ने भी दाखिल किया नामांकन
मल्लिकार्जुन खड़गे ने भी कांग्रेस के अध्यक्ष पद के चुनाव के लिए नामांकन दाखिल कर दिया है। उनके साथ दिग्विजय सिंह और अशोक गहलोत प्रस्तावक के तौर पर पहुंचे।
खड़गे को जी-23 का भी साथ मिला
कांग्रेस मुख्यालय अपना नामांकन दाखिल करने पहुंचे खड़गे को कांग्रेस के जी-23 खेमे के नेताओं का भी साथ मिला है। कांग्रेस नेता मनीष तिवारी और आनंद शर्मा खड़गे का साथ देने पहुंचे हैं।
खड़गे भी नामांकन दाखिल करने कांग्रेस मुख्यालय पहुंचे
मल्लिकार्जुन खड़गे भी नामांकन दाखिल करने कांग्रेस मुख्यालय पहुंच गए हैं। उनके साथ कांग्रेस नेता अशोक गहलोत और दिग्विजय सिंह पहुंचे हैं।
दीपेंद्र सिंह हुड्डा भी खड़गे के प्रस्तावक बने
कांग्रेस सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा ने कांग्रेस अध्यक्ष पद के लिए मल्लिकार्जुन खड़गे के नामांकन का स्वागत किया है। उन्होंने कहा कि वे भी खड़गे के प्रस्तावक बने हैं।
मल्लिकार्जुन खड़गे थोड़ी देर में पर्चा दाखिल करेंगे
कांग्रेस नेता मल्लिकार्जुन खड़गे अध्यक्ष पद के नामांकन के लिए कांग्रेस मुख्यालय जा रहे हैं। वे थोड़ी देर में पर्चा दाखिल करेंगे।
केएन त्रिपाठी ने भी नामांकन दाखिल किया
झारखंड के कांग्रेस नेता केएन त्रिपाठी ने भी आज कांग्रेस अध्यक्ष पद के लिए नामांकन दाखिल कर दिया है।
शशि थरूर ने नामांकन दाखिल किया
कांग्रेस अध्यक्ष पद का चुनाव लड़ने के लिए आज शशि थरूर ने नामांकन दाखिल कर दिया है। नामांकन के दौरान अरविंदर सिंह लवली समेत कई कांग्रेस नेता उनके साथ दिखे।
कांग्रेस मुख्यालय के बाहर पायलट समर्थकों का प्रदर्शन, पार्टी अध्यक्ष बनाने की मांग
राजस्थान कांग्रेस नेता सचिन पायलट के समर्थकों ने आज कांग्रेस मुख्यालय के बाहर एकत्र होकर प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं का कहना है कि पायलट जमीनी स्तर के नेता हैं और उन्हें आने वाली समस्याओं के बारे में पता है। कार्यकर्ताओं ने पायलट को पार्टी अध्यक्ष बनाने की मांग की है।
अशोक गहलोत होंगे खड़गे के प्रस्तावक
कांग्रेस अध्यक्ष पद के चुनाव के लिए थोड़ी देर में अशोक गहलोत नामांकन का पर्चा दाखिल करेंगे। इस बीच अशोक गहलोत ने कहा है कि वे भी खड़गे के प्रस्तावक होंगे। इससे पहले दिग्विजय सिंह, प्रमोद तिवारी और पीएल पुनिया का प्रस्तावक होने की बात सामने आई थी।
खड़गे के तीन प्रस्तावक होंगे
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता मल्लिकार्जुन खड़गे आज थोड़ी देर में कांग्रेस अध्यक्ष पद के लिए नामांकन दाखिल करेंगे। जानकारी के अनुसार दिग्विजय सिंह, प्रमोदी तिवारी और पीएल पुनिया उनके प्रस्तावक होंगे।
दिग्विजय सिंह नहीं लड़ेंगे कांग्रेस अध्यक्ष पद का चुनाव
कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह ने कहा कि मल्लिकार्जुन खड़गे के कांग्रेस अध्यक्ष पद के लिए चुनाव लड़ने के कारण अब वे पर्चा नहीं भरेंगे। उन्होंने कहा कि वे खड़गे के प्रस्तावक बनेंगे।
G-23 से नहीं लड़ेगा कोई चुनाव
कांग्रेस के जी-23 खेमे से कोई भी सदस्य चुनाव नहीं लड़ने वाला है। समाचार एजेंसी एएनआइ के अनुसार जी-23 नेताओं ने एक बैठक के बाद यह फैसला लिया है।
प्रमोद तिवारी होंगे खड़गे के प्रस्तावक
कांग्रेस नेता प्रमोद तिवारी के अनुसार वे कांग्रेस अध्यक्ष चुनाव के लिए मल्लिकार्जुन खड़गे के प्रस्तावक होंगे।
झारखंड के पूर्व मंत्री के एन त्रिपाठी भी रेस में
कांग्रेस नेता और झारखंड के पूर्व मंत्री केएन त्रिपाठी भी कांग्रेस अध्यक्ष पद का चुनाव लड़ेंगे। वे आज दोपहर 1 बजे नामांकन दाखिल करेंगे।
मल्लिकार्जुन खड़गे आज 12 बजे के करीब नामांकन दाखिल करेंगे
कांग्रेस अध्यक्ष पद का चुनाव अब रोचक होता जा रहा है। कांग्रेस के दिग्गज नेता मल्लिकार्जुन खड़गे आज 12 बजे के करीब नामांकन दाखिल कर सकते हैं।
11 से 3 बजे तक होंगे नामांकन
कांग्रेस अध्यक्ष पद के चुनाव के लिए आज नामांकन का आखिरी दिन है। इस बीच चुनाव के निर्वाचन अधिकारी मदुसूदन मिस्त्री ने बताया कि चुनाव के लिए नामांकन का समय सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक होगा।