विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

कांग्रेस संगठन में बड़ा फेरबदल: 81 राष्ट्रीय सचिवों की नियुक्ति, 50% पद SC, ST और OBC वर्ग को मिले

Published: Fri, 20 Nov 2026 03:28 PM (IST)

कांग्रेस ने बड़े संगठनात्मक फेरबदल के तहत 81 राष्ट्रीय सचिव नियुक्त किए हैं, जिनमें 43 नए चेहरे हैं। इन नियुक्तियों में सामाजिक प्रतिनिधित्व पर विशेष जोर दिया गया है।

कांग्रेस ने नए राष्ट्रीय सचिव किए नियुक्त (फोटो-पीटीआई)

कांग्रेस ने नए राष्ट्रीय सचिव किए नियुक्त (फोटो-पीटीआई)

HighLights

  1. कांग्रेस ने 81 राष्ट्रीय सचिव नियुक्त किए, 43 नए चेहरे।

  2. 50% राष्ट्रीय सचिव SC, ST और OBC वर्गों से।

  3. राहुल गांधी के सामाजिक न्याय फॉर्मूले का असर दिखा।

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। कांग्रेस पार्टी ने बड़े स्तर पर संगठनात्मक फेरबदल किया है। इसके तहत विभिन्न राज्यों और विभागों के लिए 81 राष्ट्रीय सचिव नियुक्त किए हैं। इन 81 लोगों की लिस्ट में 43 नए चेहरे हैं।

कांग्रेस ने ये बदलाव 2029 के लोकसभा चुनावों को ध्यान में रखते हुए किया है। इन नियुक्तियों में पार्टी ने सामाजिक प्रतिनिधित्व पर विशेष जोर दिया है।

राष्ट्रीय सचिवों में 50% SC/ST और OBC

आधिकारिक सूत्रों के मुताबिक, नए नियुक्त राष्ट्रीय सचिवों में से 50 प्रतिशत अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC), अनुसूचित जाति (SC) और अनुसूचित जनजाति (ST) वर्गों से आते हैं।

81 नियुक्तियों में से 29 सामान्य वर्ग से, 20 OBC वर्ग से, 5 अत्यंत पिछड़ा वर्ग (EBC) से, 11 SC वर्ग से और 5 ST वर्ग से हैं। इसके अलावा, 11 लोग अल्पसंख्यक समुदायों से हैं। इस तरह, लगभग दो-तिहाई सचिव SC, ST, OBC/EBC या अल्पसंख्यक पृष्ठभूमि से आते हैं।

  • सामान्य वर्ग- 29
  • OBC- 20
  • EBC- 05
  • SC- 11
  • ST- 05
  • अल्पसंख्यक- 11

राष्ट्रीय सचिव के रूप में 12 महिलाओं को नियुक्त किया गया है, जो कुल नई नियुक्तियों का लगभग 15% है। कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिवों की औसत उम्र 49 वर्ष है, और इनमें से दो-तिहाई 50 वर्ष से कम उम्र के हैं।

राहुल गांधी ने लिया था इंटरव्यू

राहुल गांधी ने राष्ट्रीय सचिवों के चुनाव से पहले सितंबर में पार्टी के करीब 200 नेताओं का इंटरव्यू लिया था। इस प्रक्रिया में संगठन महासचिव के.सी. वेणुगोपाल और सांसद प्रियंका गांधी भी शामिल थीं।

तब से ही इसके नतीजों का बेसब्री से इंतजार किया जा रहा था। इन नियुक्तियों में राहुल गांधी के सामाजिक न्याय फॉर्मूले का असर साफ तौर पर देखा जा सकता है।

किसे मिला क्या काम?

  • डॉ. विनीत पुनिया और रुचिरा चतुर्वेदी को संचार, प्रचार, मीडिया, सोशल मीडिया और डिजिटल मीडिया के लिए सचिव के पद पर बरकरार रखा है।
  • प्रणव झा और गौरव पांधी को एक बार फिर कांग्रेस अध्यक्ष कार्यालय में जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
  • उत्तर प्रदेश में अभिषेक दत्त, वरुण चौधरी, कुणाल चौधरी, जगदीश चंद्र जांगिड़, अब्दुल हन्नान और संजीव आर्य की जिम्मेदारियों में कोई बदलाव नहीं किया गया है।
  • राजस्थान के लिए विश्व विजय सिंह, पोरलाक खार्ते, डॉ. पलक वर्मा और मनोज बागरी को सचिव नियुक्त किया गया है।

25 नेताओं की हो गई छुट्टी

कांग्रेस ने जिन 25 नेताओं को उनकी जिम्मेदारियों से मुक्त किया गया है, उनमें अंबा प्रसाद, बी. एम. संदीप, चेतन चौहान, चिरंजीव राव, क्रिस्टोफर तिलक, देवेंद्र यादव, दिव्या मदेरणा और मंसूर अली खान शामिल हैं।

नवीन शर्मा, पी. गोपी, पी. विश्वनाथन, पृथ्वीराज साठे, पूनम पासवान, रोजी एम. जॉन, रुत्विक मकवाना, एस. ए. संपत कुमार, संजना जाटव, शाहनवाज आलम, टी. एन. प्रथापन, उषा नायडू और विजय जांगिड़ को भी उनके दायित्वों से मुक्त कर दिया गया है।

यह भी पढ़ें- 'शिकायत कहां दर्ज होगी ये आरोपी तय नहीं कर सकता', वर्चुअल क्लाउड स्पेस घोटाले पर SC की टिप्पणी

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।