विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे May 10, 2014 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

मामूली विवाद पर मेरठ में फैली सांप्रदायिक हिंसा, 50 घायल

By Edited By:
Published: Sat, 10 May 2014 05:51 PM (IST)Updated: Sun, 11 May 2014 07:40 AM (IST)

मेरठ में प्याऊ बनाने के मामूली विवाद ने पुराने शहर को सांप्रदायिक हिंसा की आग में झोंक दिया। तीरगरान और गुदड़ी बाजार में दो समुदायों के बीच दो घंटे तक जमकर पथराव, फायरिंग और आगजनी हुई। दुकानों में लूटपाट भी की गई। पांच लोगों को गोली लगी है और पथराव में 45 से ज्यादा लोग घायल हुए हैं। प्रभावित क्षेत्र में कई थानों की फोर्स और सुरक्षा बलों को तैनात कर हिंसा पर काबू पाया जा सका। पूरे शहर में क‌र्फ्यू जैसा सन्नाटा पसर गया है और तनाव पूर्ण हालात के चलते बाजार

News Article Hero Image

मेरठ [जागरण संवाददाता]। मेरठ में प्याऊ बनाने के मामूली विवाद ने पुराने शहर को सांप्रदायिक हिंसा की आग में झोंक दिया। तीरगरान और गुदड़ी बाजार में दो समुदायों के बीच दो घंटे तक जमकर पथराव, फायरिंग और आगजनी हुई। दुकानों में लूटपाट भी की गई। पांच लोगों को गोली लगी है और पथराव में 45 से ज्यादा लोग घायल हुए हैं। प्रभावित क्षेत्र में कई थानों की फोर्स और सुरक्षा बलों को तैनात कर हिंसा पर काबू पाया जा सका। पूरे शहर में क‌र्फ्यू जैसा सन्नाटा पसर गया है और तनाव पूर्ण हालात के चलते बाजार बंद हो गए हैं।

पुराने शहर के कोतवाली थाने के तीरगरान में रंगरेजान मस्जिद के पास मुस्लिम समुदाय के लोग प्याऊ बना रहे थे। दूसरे समुदाय के लोगों ने इसका विरोध किया। प्याऊ के निर्माण को लगाए गए गेट को तोड़ने पर मामला इस कदर गरमा गया कि दोनों समुदायों के लोग आमने-सामने आ गए। देखते ही देखते हिंसा का दौर शुरू हो गया। जमकर पथराव होने लगा। एक बाइक भी फूंक दी गई।

अभी पुलिस मामले को संभाल ही रही थी कि गुदड़ी बाजार में फायरिंग शुरू हो गई। दोनों पक्ष पुलिस के सामने ही एक- दूसरे से भिड़ गए और खुलेआम फायरिंग होने लगी। पूरे इलाके में चींख-पुकार और अफरा-तफरी का माहौल बन गया। पुलिस भी हमले का शिकार हुई। डीएम और एसएसपी के साथ भी धक्का-मुक्की हुई और देखते ही देखते हालत बेकाबू हो गए।

उपद्रवी युवकों ने गुदड़ी बाजार क्षेत्र में एक बाइक और हलवाई ज्ञान सिंह की दुकान में आग लगा दी। संजय की सर्राफा और मोबाइल की दुकानों में लूटपाट की गई। दंगाइयों ने घरों में घुसकर महिलाओं से मारपीट करते हुए लूटपाट की। पथराव में 45 और फायरिंग में पांच लोग घायल हो गए है। पथराव में घायल डीएसपी रुपेश को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। काफी देर बाद आइजी के साथ पहुंचे पुलिस और सुरक्षा बलों ने गुदड़ी बाजार में मोर्चा संभाल कर दंगाइयों को काबू किया।

दंगाइयों से सख्ती से निपटेंगे

आई जी आलोक शर्मा ने बताया कि दंगाइयों से सख्ती से निपटेंगे। पांच कंपनी आरएएफ, पांच कंपनी पीएसी और दिल्ली से आरआरएफ बुला ली गई है। जोन के सभी जिलों से सुरक्षा बलों को बुलाया गया है।

मेरठ में कहां से आया हथियारों का जखीरा

शहर में बलवे के दौरान हथियारों का खुलकर प्रदर्शन हुआ। सवाल है कि यकायक आखिर कहां से हथियार व कारतूस आ गए? एक संप्रदाय ने तो दूसरे संप्रदाय पर ए-47 और पेट्रोल बम का इस्तेमाल करने का आरोप लगाया है। बहुसंख्यक समुदाय के लोगों का आरोप है कि दूसरे पक्ष से कुछ हमलावर नकाब लगाए हुए थे। चुनाव के चलते अधिकांश लाइसेंसी हथियार जमा करा दिए थे, मगर शनिवार को जैसे ही बवाल हुआ, एकाएक बड़ी संख्या में हथियार निकल आए। चोरों और से गोलियां बरसने लगी। खुलकर तमंचे व पिस्टल, बंदूकों को इस्तेमाल हुआ। पुलिस के सामने ही असलहों का प्रयोग हुआ। एक संप्रदाय के लोगों ने संप्रदाय विशेष के लोगों पर ए-47 से हमला करने की आरोप भी लगाया है। उनका कहना है कि उन्होंने पहले से घरों में हथियार छिपा रखे थे। विवाद होने के बाद नकाब पहनकर गोलियां बरसाने लगे। पूरे मंजर को देखकर लोग इस खूनखराबे के पीछे बड़ी साजिश का अनुमान लगा रहे हैं।

एंबुलेंस न फायर ब्रिगेड पहुंची

सांप्रदायिक संघर्ष में पुलिस-प्रशासन के हाथ-पांव किस तरह से फूल गए थे, इसका अंदाजा ग्राउंड जीरो पर देखने को मिला। घायलों को ले जाने के लिए सरकारी एंबुलेंस 108 और आग बुझाने के लिए फायर ब्रिगेड को प्रशासन समय नहीं बुला सका। गोलीबारी और पथराव के बीच दर्जनों लोगों के घायल होने की सूचना पुलिस-प्रशासन को मिलती रही, लेकिन पूरे जिले में से एक भी एंबुलेंस मौके पर नहीं पहुंची। सवा दो बजे की घटना में घायलों को लोग अपने-अपने वाहन या पुलिस जीप से अस्पताल ले जाते देखे गए। तब तक भी कोई एंबुलेंस मौका-ए-वारदात के आसपास नहीं पहुंचा था।

तस्वीरों में देखिए, मेरठ में सांप्रदायिक हिंसा

पढ़ें: कानपुर में फिर पथराव, आगजनी और बमबारी

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।