यह एक आर्काइव लेख है, जिसे May 07, 2014 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
इशरत मुठभेड़ में अमित शाह को क्लीन चिट
गुजरात के चर्चित इशरत जहां मुठभेड़ मामले में सीबीआइ ने राज्य के पूर्व गृह राज्यमंत्री व भाजपा महासचिव अमित शाह को क्लीन चिट दे दी है। सीबीआइ ने शाह के खिलाफ पर्याप्त सुबूत नहीं होने तथा एफआइआर में उनका नाम नहीं होने का तर्क देते हुए उनके खिलाफ दायर शिकायत रद करने की सिफारिश की है।

अहमदाबाद, [शत्रुघ्न शर्मा]। गुजरात के चर्चित इशरत जहां मुठभेड़ मामले में सीबीआइ ने राज्य के पूर्व गृह राज्यमंत्री व भाजपा महासचिव अमित शाह को क्लीन चिट दे दी है। सीबीआइ ने शाह के खिलाफ पर्याप्त सुबूत नहीं होने तथा एफआइआर में उनका नाम नहीं होने का तर्क देते हुए उनके खिलाफ दायर शिकायत रद करने की सिफारिश की है।
मुंबई की 19 वर्षीय कॉलेज छात्रा इशरत जहां व उसके तीन साथियों प्रणेश पिल्लै उर्फ जावेद शेख, अमजद अली राणा तथा जिशान जौहर को 15 जून 2004 को अहमदाबाद में एक कथित मुठभेड़ में मार दिया गया था। हाईकोर्ट के आदेश पर विशेष जांच दल ने इस मुठभेड़ की जांच कर इसे फर्जी करार दिया था। इसके बाद प्रणेश पिल्लै के पिता गोपीनाथ पिल्ले ने सीबीआइ कोर्ट के समक्ष याचिका दायर कर अमित शाह तथा तत्कालीन अहमदाबाद पुलिस आयुक्त केआर कौशिक को आरोपी बनाने की मांग की थी।
सीबीआइ के पुलिस निरीक्षक विश्वास कुमार मीणा ने सीबीआइ की विशेष अदालत के समक्ष बुधवार को हलफनामा पेश किया, जिसमें अमित शाह व कौशिक को क्लीन चिट दी गई है। जांच अधिकारी ने बताया कि शाह व कौशिक के खिलाफ पर्याप्त सुबूत नहीं हैं तथा उनका साजिश में शामिल होना किसी भी तरह साबित नहीं होता है इसलिए गोपीनाथ की याचिका को भी रद कर दिया जाए। सीबीआइ का कहना है कि इस मुठभेड़ में कोई भी राजनीतिक व्यक्ति शामिल नहीं है। जांच एजेंसी ने इस फर्जी मुठभेड़ को गुजरात पुलिस व आइबी का संयुक्त ऑपरेशन बताते हुए निलंबित आइपीएस डीजी वणजारा, आइबी के तत्कालीन निदेशक राजेंद्र कुमार समेत अन्य पुलिसकर्मियों को आरोपी माना है। सीबीआइ की ओर से इस मामले में जुलाई 2013 में पहला आरोप पत्र दाखिल किया था, जिसमें इसे फर्जी मुठभेड़ करार दिया गया था। उसके बाद फरवरी 2014 में पेश पूरक आरोपपत्र में अमित शाह का नाम शामिल नहीं किया गया था।
केंद्रीय मंत्री कपिल सिब्बल ने गुजरात में लोकसभा चुनाव से पहले 28 अप्रैल को कहा था कि इशरत जहां मुठभेड़ मामले में भाजपा के पीएम प्रत्याशी नरेंद्र मोदी व उनके करीबी अमित शाह के खिलाफ पर्याप्त सुबूत हैं। सिब्बल का दावा था कि शाह मुठभेड़ को अंजाम देने वाले आइपीएस वणजारा के संपर्क में थे तथा गुजरात कैडर के ही एक आइपीएस जीएल सिंघल के स्टिंग ऑपरेशन में वणजारा ने मुठभेड़ के लिए काली दाढ़ी व सफेद दाढ़ी से हरी झंडी मिलने का जिक्र किया था।
*****
'अमित शाह के खिलाफ पर्याप्त सुबूत नहीं होने के कारण चार्जशीट में उनका नाम नहीं है। न ही उनका नाम एफआइआर में था।' -सीबीआइ कोर्ट में जांच एजेंसी का हलफनामा
*****
'यह सीबीआइ का पेशेवर फैसला है। यह इस बात का एक और उदाहरण है कि सीबीआइ के कामकाज में स्वतंत्रता रहती है, जिसे भाजपा और अमित शाह कांग्रेस जांच ब्यूरो कहते रहे हैं।' -शशि थरूर, कांग्रेस नेता
।