बेंगलुरु में NATGRID की सुरक्षा करेंगे CISF जवान, केंद्र सरकार ने दी मंजूरी
केंद्र सरकार ने बेंगलुरु स्थित नेटग्रिड परिसर की सुरक्षा के लिए सीआइएसएफ कर्मियों की तैनाती को मंजूरी दे दी है।


समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। केंद्र सरकार ने बेंगलुरु स्थित नेटग्रिड परिसर की सुरक्षा के लिए सीआइएसएफ के कर्मियों की तैनाती के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है।
केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआइएसएफ) के प्रवक्ता ने रविवार को कहा कि गृह मंत्रालय ने इस कार्य के लिए कुल 76 पदों को मंजूरी दी है।
नेटग्रिड या राष्ट्रीय खुफिया ग्रिड महत्वपूर्ण राष्ट्रीय सुरक्षा इन्फ्रास्ट्रक्चर है जो आतंकवाद रोधी अभियानों का सहयोग करने के लिए कई खुफिया डाटाबेस से डाटा जुटाता है।
दिल्ली में भी CISF कर रही सुरक्षा
बेंगलुरु के येलाहांका में इसका परिसर है। दिल्ली स्थित इसके मुख्यालय की सुरक्षा का जिम्मा पहले से ही सीआइएसएफ के पास है।
गृह मंत्रालय के अधीन काम करने वाला सीआइएसएफ सरकारी और निजी दोनों क्षेत्रों के संवेदनशील और महत्वपूर्ण स्थानों की सुरक्षा करता है। पिछले हफ्ते भी इसी तरह का एक कदम उठाया गया था।
सीआइएसएफ ने दिल्ली के चाणक्यपुरी इलाके में स्थित सुषमा स्वराज भवन की सुरक्षा की जिम्मेदारी संभाली थी। वहां सुरक्षा के लिए 90 जवानों को तैनात किया गया है।
सुषमा स्वराज भवन विदेश मंत्रालय के तहत सांस्कृतिक केंद्र है। यहां भारतीय प्रवासियों के साथ संपर्क बढ़ाने के लिए कई तरह के कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं। इसे पहले प्रवासी भारतीय केंद्र के नाम से जाना जाता था।
(समाचार एजेंसी पीटीआई के इनपुट के साथ)
यह भी पढ़ें- खेती में नैनो क्रांति की दस्तक: खाद से घटेगी आयात निर्भरता, किसानों का भरोसा सबसे बड़ी कसौटी
