यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jan 16, 2015 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
दिल्ली : हिरासत में लेने पर व्यवसायी ने की खुदकशी
पुलिस हिरासत में लिए जाने से परेशान 32 वर्षीय व्यवसायी भूपेंद्र सिंह ने सल्फास की गोली खाकर जान दे दी। वह प्रेमिका के साथ मॉरीशस गया था। उसके परिजनों ने कीर्ति नगर थाने में व्यवसायी के खिलाफ अपहरण का मुकदमा दर्ज करवाया था। व्यवसायी व उसकी प्रेमिका दोनों शादीशुदा हैं

नई दिल्ली। पुलिस हिरासत में लिए जाने से परेशान 32 वर्षीय व्यवसायी भूपेंद्र सिंह ने सल्फास की गोली खाकर जान दे दी। वह प्रेमिका के साथ मॉरीशस गया था। उसके परिजनों ने कीर्ति नगर थाने में व्यवसायी के खिलाफ अपहरण का मुकदमा दर्ज करवाया था। व्यवसायी व उसकी प्रेमिका दोनों शादीशुदा हैं और उनके बच्चे भी हैं। मुकदमा दर्ज कर पुलिस सर्विलांस से उन पर नजर रख रही थी। पुलिस को पता चला था कि दोनों बृहस्पतिवार सुबह 10 बजे इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर लौटने वाले हैं। बाद में दोनों की दूसरी फ्लाइट से काठमांडू जाने की योजना थी। इसकी जानकारी के बाद पुलिस ने एयरपोर्ट पर व्यवसायी को हिरासत में ले लिया। उसे पूछताछ के लिए थाने लाया गया। इसी बीच उसकी तबीयत बिगड़ गई और उसे कालरा अस्पताल ले जाया गया, जहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। युवती के मुताबिक भूपेंद्र ने एयरपोर्ट पर ही सल्फास की गोली खा ली थी। फिलहाल, पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए डीडीयू अस्पताल भेज दिया है, वहीं मामले की न्यायिक जांच के आदेश दिए गए हैं।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक भूपेंद्र परिवार के साथ वेस्ट पटेल नगर में रह रहा था। उसका पुरानी दिल्ली के अजमेरी गेट इलाके में बाल बेयरिंग का व्यवसाय है। उसकी 28 वर्षीय प्रेमिका रमेश नगर में रहती है। उसके पति का फर्नीचर का कारोबार हैं। 26 दिसंबर को युवती लापता हो गई। बताया जाता है कि वह पति के घर से करीब तीन लाख रुपये के गहने व नकदी भी ले गई थी। उसने परिजनों को बताया था कि वह तीर्थ यात्र पर बनारस जा रही है, लेकिन बाद में परिजनों का उससे संपर्क नहीं हो पाया। इसके बाद युवती के पिता ने कीर्ति नगर थाने में उसकी गुमशुदगी व 5 जनवरी को उसके पति ने भूपेंद्र सिंह पर पत्नी को अगवा करने की शिकायत की थी।