ऑपरेशन सिंदूर' के बाद बढ़ी ब्रह्मोस की डिमांड, दक्षिण-पूर्व एशिया के कई देशों के साथ अंतिम चरण में डील
भारत की स्वदेशी ब्रह्मोस सुपरसोनिक क्रूज मिसाइल की मांग दक्षिण-पूर्व एशिया में तेजी से बढ़ रही है, जिसमें फिलीपींस और वियतनाम के बाद कई अन्य देश भी शामिल हैं।

ऑपरेशन सिंदूर के बाद बढ़ी भारत की स्वदेशी ब्रह्मोस सुपरसोनिक क्रूज मिसाइल की मांग।
HighLights
ब्रह्मोस की मांग दक्षिण-पूर्व एशिया में तेजी से बढ़ी।
'ऑपरेशन सिंदूर' के बाद अंतरराष्ट्रीय रुचि में वृद्धि।
NDT तकनीक ने मिसाइलों की विश्वसनीयता बनाए रखी।
डिजिटल डेस्क, हैदराबाद। भारत की स्वदेशी सुपरसोनिक क्रूज मिसाइल ब्रह्मोस अब अपनी पहुंच बढ़ा रही है। खासकर दक्षिण-पूर्व एशिया में इसकी पहुंच तेजी से बढ़ रही है।
फिलिपिंस को मिसाइल सिस्टम की आपूर्ति होने और वियतनाम के साथ समझौते पर हस्ताक्षर होने के बाद अब क्षेत्र के कई अन्य देशों की भी इस घातक मिसाइल को खरीदने के लिए भारत के साथ बातचीत अंतिम चरण में है।
न्यूज एजेंसी पीटीआई के अनुसार, ब्रह्मोस एयरोस्पेस के सीईओ और प्रबंध निदेशक जयतीर्थ आर. जोशी ने शुक्रवार को बताया कि अन्य इच्छुक देशों के साथ बातचीत आगे बढ़ रही है और सरकार की मंजूरी मिलने के बाद नए निर्यात सौदे पक्के किए जा सकते हैं।
हैदराबाद में पत्रकारों से बात करते हुए उन्होंने जानकारी देते हुए बताया, 'जैसे ही सरकार इसे मंजूरी देगी, हम उनके साथ समझौते कर लेंगे।'
ऑपरेशन सिंदूर के बाद बढ़ी दिलचस्पी
'ऑपरेशन सिंदूर' के बाद इस मिसाइल को लेकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर दिलचस्पी बढ़ी है। जोशी ने बताया कि जब ये मिसाइलें बनाई गई थीं, तब 'ऑपरेशन सिंदूर' जैसी किसी स्थिति की कल्पना नहीं की गई थी। इनमें से कुछ मिसाइलें तो 10, 15 या 20 साल पुरानी हैं।
उन्होंने बताया कि दशकों पहले निर्मित होने के बावजूद ये मिसाइलें पूरी तरह भरोसेमंद रहीं और जैसे ही इन्हें स्टोरेज से निकालकर दागा गया, इन्होंने बिल्कुल सटीक निशाना लगाया। इसका पूरा श्रेय नॉन-डिस्ट्रक्टिव टेस्टिंग (NDT) तकनीक को जाता है।
उन्होंने कहा, 'किसी भी उत्पाद के लिए NDT बहुत अहम भूमिका निभाती है। 'ऑपरेशन सिंदूर' की कभी उम्मीद नहीं की गई थी। ये मिसाइलें 10, 15, 20 साल पहले बनी थीं। NDT ने इनकी विश्वसनीयता बनाए रखी। जैसे ही हमने मिसाइल को इस्तेमाल के लिए निकाला और दागा, इसने बिल्कुल सटीक काम किया।'
क्या है 'नॉन-डिस्ट्रक्टिव टेस्टिंग'और कैसे रखती है मिसाइल को फिट?
नॉन-डिस्ट्रक्टिव टेस्टिंग' (NDT) में किसी सामग्री, पुर्जे या उपकरण को नुकसान पहुंचाए बिना उसकी जांच की जाती है। इससे कमियों, संरचनात्मक कमजोरियों और टूट-फूट का पता लगाने में मदद मिलती है, साथ ही यह सुनिश्चित होता है कि महत्वपूर्ण सिस्टम इस्तेमाल के लिए पूरी तरह तैयार हैं।
रक्षा और एयरोस्पेस क्षेत्र में NDT बहुत महत्वपूर्ण है, क्योंकि सैन्य उपकरण तैनात किए जाने से पहले कई सालों तक स्टोरेज में रखे जा सकते हैं। नियमित जांच से इनकी स्थिति और विश्वसनीयता का आकलन करने में मदद मिलती है।
क्यों दुनिया की सबसे घातक क्रूब मिसाइलों में गिनी जाती है ब्रह्मोस?
भारत के रक्षा अनुसंधान और विकास संगठन (DRDO) तथा रूस की NPO मशीनोस्ट्रोयेनिया द्वारा संयुक्त रूप से विकसित ब्रह्मोस एक दो-चरण वाली (टू-स्टेज) सुपरसोनिक क्रूज मिसाइल है।
लॉन्च के समय यह मिसाइल सुपरसोनिक गति हासिल करने के लिए सॉलिड प्रोपेलेंट बूस्टर का उपयोग करती है। इसके बाद इसमें लगा लिक्विड-फ्यूल रैमजेट इंजन सक्रिय होता है, जो इसे लगभग 3,400 किलोमीटर प्रति घंटा की प्रचंड रफ्तार से लक्ष्य की ओर उड़ान भरने में सक्षम बनाता है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।