विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'खुद को सपा से बड़ा हिंदू विरोधी साबित करने की कोशिश कर रही कांग्रेस', भाजपा का हमला

Published: Wed, 25 Nov 2026 09:02 PM (IST)

भाजपा ने तमिलनाडु में कार्तिक पूर्णिमा पर कार्तिकेय दीपम न जलाने देने पर कांग्रेस समर्थित सरकार की आलोचना की है।

सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बावजूद तमिलनाडु में दीपम नहीं जलाया गया

सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बावजूद तमिलनाडु में दीपम नहीं जलाया गया

HighLights

  1. सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बावजूद तमिलनाडु में दीपम नहीं जलाया गया

  2. भाजपा ने कांग्रेस समर्थित तमिलनाडु सरकार पर सनातन विरोधी होने का आरोप लगाया

  3. राहुल गांधी की चुप्पी पर सवाल उठाते हुए गठबंधन को घेरा

जागरण ब्यूरो, नई दिल्ली। सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बावजूद तमिलनाडु में कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर कार्तिकेय दीपम न जलाए जाने पर राज्य की कांग्रेस समर्थित सरकार को भाजपा ने आड़े हाथों लिया है।

इसे संविधार और न्यायालय का अपमान बताने के साथ ही सारे घटनाक्रम को विपक्षी गठबंधन के सनातन विरोधी और हिंदू विरोधी सोच से प्रेरित बताया।

भाजपा सांसद डॉ. सुधांशु त्रिवेदी ने इस मामले पर विशेष तौर पर नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी की चुप्पी पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि आईएनडीआई गठबंधन में कांग्रेस अपने आप को सपा से बड़ा हिंदू विरोधी साबित करने की कोशिश कर रही है।

साथ ही सवाल उठाया कि क्या कांग्रेस या उसके गठबंधन के साथियों में हिम्मत है कि किसी दूसरे मजहब के धार्मिक आयोजन को वे रोक सकें?

SC के आदेश के बावजूद दीपम नहीं जलाया गया: भाजपा

भाजपा प्रवक्ता सुधांशु त्रिवेदी ने कहा कि कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर कार्तिकेय दीपम प्रज्वलित करने के मामले में सर्वोच्च न्यायालय ने कुछ शर्तों के साथ इसे केवल एक दिन के लिए प्रज्वलित करने का निर्णय दिया था, लेकिन तमिलनाडु सरकार ने सर्वोच्च न्यायालय के इस निर्णय का पालन नहीं किया।

कहा कि आईएनडीआईए, कांग्रेस और राहुल गांधी हमेशा संविधान को अपनी जेब में रखने का प्रयास करते हैं, लेकिन अब जब सर्वोच्च न्यायालय ने संविधान के संरक्षक के रूप में अपना निर्णय दिया है तो उसका सम्मान करने और उसे लागू करने के लिए तैयार नहीं हैं।

स्वयं को संविधान की रक्षा का अग्रदूत बताने वालों द्वारा संविधान के प्रति अवमानना का यह एक गंभीर और निंदनीय उदाहरण है। भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता ने कहा कि यह पूरा घटनाक्रम आइएनडीआइए की उस खतरनाक सोच और मंशा से प्रेरित है, जिसे सनातन धर्म के उन्मूलन से जोड़ा जा सकता है।

भाजपा ने कांग्रेस पर सनातन विरोधी होने का आरोप लगाया

तमिलनाडु में 'सनातन धर्म का उन्मूलन' जैसे विषयों पर सम्मेलन आयोजित हो रहे हैं और यह सोच 'डिसमेंटलिंग ग्लोबल हिंदुत्व' जैसे अंतरराष्ट्रीय षड्यंत्र से जुड़ी हुई है।

कटाक्ष किया कि चाहे यह कदम केरल में मुस्लिम लीग के साथ गठबंधन के कारण उसके प्रभाव में उठाया गया हो या उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी पर दबाव बनाने के लिए स्वयं को उससे बड़ा हिंदू विरोधी और कट्टरपंथी मुसलमानों का लंबरदार साबित करने की कोशिश हो, कांग्रेस ने इसके लिए एक बड़ा राजनीतिक जोखिम उठाया है।

उन्होंने दीपावली से एक दिन पहले कांची के शंकराचार्य को गिरफ्तार किए जाने से लेकर राज्य के कई पुराने मामलों का उल्लेख किया और कहा कि इनके लिए सेकुलरिज्म की परिभाषा इस बात से तय होती है कि आप हिंदू भावनाओं को कितनी गहरी चोट पहुंचा सकते हैं।

इससे अधिक संवैधानिक व्यवस्था के लिए हास्यास्पद स्थिति क्या हो सकती है कि तमिलनाडु का हिंदू धार्मिक एवं धर्मार्थ बंदोबस्ती विभाग मंदिर के खिलाफ मुकदमा लड़ने के लिए वकीलों की फीस का भुगतान कर रहा है।

इसके विपरीत तमिलनाडु सरकार ऐसी मस्जिदों और दरगाहों को भी नियमित करके आधिकारिक भूमि अधिकार देने की बात कर रही है, जिनके पास वैध भूमि दस्तावेज नहीं हैं।

यह भी पढ़ें- कार्तिगई दीपम विवाद: तमिलनाडु में दीपक जलाने को लेकर क्यों छिड़ी जंग

यह भी पढ़ें- तमिलनाडु सरकार ने की सुप्रीम कोर्ट के आदेश की अवहेलना, दीपथून पर नहीं जला कार्तिगई दीपम

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।