राजस्थान उपचुनाव: भाजपा- कांग्रेस ने खोले उम्मीदवारों के पत्ते, 29 जनवरी को मतदान
राजस्थान में लोकसभा की दो और विधानसभा की एक सीट के लिए भाजपा और कांग्रेस ने प्रत्याशियों की घोषणा कर दी है।
जयपुर (जागरण संवाददाता)। राजस्थान में लोकसभा की दो और विधानसभा की एक सीट के लिए भाजपा और कांग्रेस ने अपने प्रत्याशियों के नाम के पत्ते खोल दिए हैं। कांग्रेस एक संसदीय सीट के लिए पहले ही प्रत्याशी के नाम की घोषणा कर चुकी है। रविवार को उसने शेष एक लोकसभा सीट और विधानसभा सीट के लिए प्रत्याशियों की घोषणा की। कांग्रेस ने पूर्व विधायक रघु शर्मा को अजमेर लोकसभा सीट के लिए और मांडलगढ़ विधानसभा सीट के लिए विवेक धाकड़ को प्रत्याशी घोषित किया है। जबकि अलवर लोकसभा सीट के लिए पूर्व सांसद कर्ण सिंह यादव का नाम पार्टी पहले ही घोषित कर चुकी है। यादव आज अपना नामांकन पत्र दाखिल करेंगे। मांडलगढ़ विधानसभा सीट के लिए विवेक धाकड़ को कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव डॉ.सीपी जोशी का करीबी माना जाता है।
उधर भाजपा ने अलवर संसदीय क्षेत्र से वसुंधरा राजे सरकार में कैबिनेट मंत्री डॉ. जसवंत यादव और अजमेर संसदीय क्षेत्र से रामस्वरूप लांबा को मैदान में उताने का फैसला किया है। जबकि मांडलगढ़ विधानसभा सीट से शक्ति सिंह को उम्मीदवार बनाया है।
भाजपा का जाति कार्ड
बता दें कि अलवर और अजमेर दोनों संसदीय सीटें भाजपा के पास थी। अलवर के सांसद महंत चांदनाथ और अजमेर के सांसद सांवरलाल जाट के निधन के कारण यह दोनों सीटें खाली थी। जिस पर उपचुनाव होने हैं। माना जा रहा है कि भाजपा ने जाति कार्ड खेलते हुए अलवर और अजमेर सीट पर जसवंत सिंह यादव और रामस्वरूप लांबा को उम्मीदवार बताया है।
अजमेर संसदीय सीट पर पहले कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष सचिन पायलट के नाम की चर्चा थी। लेकिन माना जा रहा है कि कांग्रेस ने ओबीसी दांव खेला है। इस सीट से पार्टी ने पूर्व मंत्री डॉक्टर करण सिंह यादव को अपना प्रत्याशी घोषित किया।
बता दें कि तीनों सीटों पर 29 जनवरी को मतदान होगा और एक फरवरी को परिणाम आएगा। भाजपा केंद्रीय चुनाव समिति के सचिव जेपी नड्डा के हस्ताक्षर के बाद रविवार दोपहर तीनों सीटों पर प्रत्याशियों के नामों की सूची जारी की गई।
यह भी पढ़ें: वोट मांगने पहुंचे भाजपा उम्मीदवार तो जनता ने जूतों की माला पहनाकर किया स्वागत