विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'धमकी देनेवाले का नाम बताएं', अभिजीत दीपके के आरोपों पर भाजपा का पलटवार

Published: Thu, 30 Jul 2026 07:05 PM (IST)Updated: Thu, 30 Jul 2026 07:10 PM (IST)

कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संस्थापक अभिजीत दीपके के भाजपा पर लगाए गए धमकी के आरोपों पर पार्टी ने जोरदार पलटवार किया है।

चंद्रशेखर बावनकुले और अभिजीत दीपके।

चंद्रशेखर बावनकुले और अभिजीत दीपके।

HighLights

  1. भाजपा ने CJP संस्थापक दीपके के आरोपों को नकारा।

  2. मंत्री बावनकुले ने धमकी देने वाले का नाम पूछा।

  3. भाजपा ने आरोपों को राजनीति से प्रेरित बताया।

राज्य ब्यूरो, मुंबई। कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संस्थापक अभिजीत दिपके की तरफ से गंभीर आरोप लगाए जाने के बाद अब भाजपा ने जोरदार पलटवार किया है। पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं राज्य सरकार में मंत्री चंद्रशेखर बावनकुले ने दीपके को आड़ेहाथ लेते हुए कहा कि दीपके भाजपा को बदनाम करने के बजाय उस व्यक्ति का नाम सार्वजनिक करें, जिसने उन्हें धमकी दी है।

बता दें कि इससे पहले अभिजीत दीपके ने भाजपा पर आरोप लगाया था कि उन्हें भाजपा में शामिल होने का प्रस्ताव दिया गया है और बात न मानने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी गई है। इस पर कड़ा रुख अपनाते हुए भाजपा के वरिष्ठ नेता ने दीपके को खुली चुनौती दी है।

धमकी देने वाले का नाम बताए दीपके- बावनकुले

बावनकुले ने साफ शब्दों में कहा कि दीपके हवा में तीर चलाने और भाजपा को बदनाम करने के बजाय उस व्यक्ति का नाम सार्वजनिक तौर पर बताएं, जिसने उन्हें धमकी दी है। ठाणे में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान पत्रकारों से बातचीत करते हुए चंद्रशेखर बावनकुले ने दीपके के आरोपों को पूरी तरह निराधार और राजनीति से प्रेरित बताया।

बावनकुले ने आगे बताया कि महाराष्ट्र में भारतीय जनता पार्टी के एक करोड़ 51 लाख से अधिक प्राथमिक सदस्य हैं, जबकि पूरे देश में यह संख्या 13 करोड़ के पार है। यदि पार्टी के किसी भी एक कार्यकर्ता या नेता ने दीपके को दल में शामिल होने का ऑफर दिया है या उन्हें डराने-धमकाने का प्रयास किया है, तो वे बिना डरे उसका नाम उजागर करें। भाजपा उस व्यक्ति के खिलाफ तत्काल और सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई करेगी।

पार्टी की छवि धूमिक करने का प्रयास- बावनकुले

फडणवीस सरकार में मंत्री बावनकुले ने तंज कसते हुए कहा कि केवल चर्चा में रहने और राजनीतिक सहानुभूति बटोरने के लिए देश की सबसे बड़ी पार्टी पर इस तरह के मनगढ़ंत आरोप लगाना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने कहा कि बिना किसी तथ्य और नाम के पार्टी की छवि को धूमिल करने का प्रयास बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

गौरतलब है कि दिल्ली में हुए एक आंदोलन के दौरान दीपके के शरद पवार गुट (राकांपा) के कार्यकर्ताओं के साथ ठहरने को लेकर भी सवाल उठे थे। इस पर बावनकुले ने कहा कि वे किसके घर ठहरते हैं, यह उनका व्यक्तिगत अधिकार है, लेकिन इसका मतलब यह नहीं कि वे भाजपा पर झूठे आरोप मढ़ें।

निष्पक्ष जांच करा सकती है भाजपा

इसके अलावा दैनिक जागरण से बातचीत में भाजपा सूत्रों ने बताया कि पार्टी नेतृत्व इस मामले को हल्के में नहीं ले रहा है। यदि अभिजीत दीपके कथित धमकी देने वाले व्यक्ति का नाम और साक्ष्य सामने लाते हैं, तो संगठन स्तर के साथ-साथ कानूनी तौर पर भी मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाएगी। क्योंकि विपक्षी खेमे और छात्र संगठनों द्वारा सत्तापक्ष को घेरने की यह एक सोची-समझी रणनीति हो सकती है, जिसका जवाब भाजपा आक्रामक रूप से देगी।

यह भी पढ़ें- 'BJP में शामिल हो जाओ, या फिर...', CJP संस्थापक दीपके का बड़ा दावा; बोले- प्रदर्शन के दौरान मिल रही थी धमकियां