'राहुल खेमे को असुरक्षा', भाजपा ने कांग्रेस पर प्रियंका को साइडलाइन करने का लगाया आरोप
भाजपा ने कांग्रेस पर प्रियंका गांधी को दरकिनार करने का आरोप लगाया है, दावा है कि राहुल गांधी का खेमा उनके बढ़ते प्रभाव से असुरक्षित महसूस कर रहा है।

BJP ने कांग्रेस नेतृत्व में दरार का आरोप लगाया।
HighLights
भाजपा ने कांग्रेस पर प्रियंका गांधी को दरकिनार करने का आरोप लगाया।
राहुल गांधी खेमा प्रियंका के बढ़ते प्रभाव से असुरक्षित महसूस कर रहा।
प्रियंका को रामलीला रैली में बोलने का मौका नहीं दिया गया।
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। दिल्ली के रामलीला मैदान में इंडिया गठबंधन की महारैली के बीच बीजेपी ने कांग्रेस नेतृत्व पर तीखा हमला बोला है। बीजेपी ने कांग्रेस नेतृत्व के अंदर दरार का आरोप लगाया है।
बीजेपी का दावा है कि राहुल गांधी का खेमा, प्रियंका गांधी वाड्रा के बढ़ते प्रभाव को लेकर असुरक्षित महसूस कर रहा है और जानबूझकर उन्हें पार्टी में किनारे किया जा रहा है।
'महारैली में प्रियंका गांधी को किया दरकिनार'
BJP के राष्ट्रीय प्रवक्ता प्रदीप भंडारी ने कांग्रेस नेतृत्व पर आरोप लगाया कि उन्होंने प्रियंका गांधी को दिल्ली के रामलीला मैदान में इंडिया गठबंधन की रैली में बोलने का मौका नहीं दिया।
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि एक दिन पहले आयोजित पार्टी के मॉक पार्लियामेंट कार्यक्रम के दौरान भी प्रियंका गांधी को किनारे कर दिया गया था।
एक वीडियो बयान में भंडारी ने दावा किया कि कांग्रेस दो सत्ता केंद्रों में बंट गई है, जहां राहुल गांधी का खेमा कथित तौर पर अपनी बहन के राजनीतिक कद को सीमित करने की कोशिश कर रहा है।
भंडारी ने कहा, 'प्रियंका वाड्रा जो कांग्रेस की महासचिव रह चुकी हैं और राहुल गांधी की बहन हैं, उन्हें आज रामलीला मैदान में बोलने नहीं दिया गया। क्या राहुल गांधी ने ही उन्हें आज बोलने से रोका? और सिर्फ आज ही नहीं बल्कि कल मॉक पार्लियामेंट के दौरान भी जब राहुल गांधी को फिर से लॉन्च करने की कवायद चल रही थी। तब प्रियंका वाड्रा की कुर्सी दूसरी पंक्ति में लगाई गई थी और उन्हें वहां भी बोलने का मौका नहीं दिया गया।'
'राहुल vs प्रियंका: दो भागों में बंटी कांग्रेस'
बीजेपी प्रवक्ता ने दावा किया कि कांग्रेस अब दो अलग-अलग सत्ता केंद्रों में बंट चुकी है। राहुल गांधी की राजनीतिक टीम पार्टी के भीतर प्रियंका गांधी के बढ़ते कद को लेकर आशंकित है और उन्हें दबाने की कोशिश कर रही है।
बीजेपी प्रवक्ता ने कहा, 'राहुल का खेमा, प्रियंका के खेमे को लेकर असुरक्षित है और प्रियंका के खेमे को दबाया जा रहा है। राहुल गांधी, जो खुद को सौवीं बार फिर से लॉन्च करने की कोशिश कर रहे हैं, वे आज देश की जनता या कांग्रेस पार्टी के बारे में बात नहीं कर रहे हैं, बल्कि वे सिर्फ प्रियंका गांधी वाड्रा को किनारे करने की कोशिश कर रहे हैं।'
भंडारी ने तंज कसते हुए कहा, 'राहुल बनाम प्रियंका के चक्कर में कांग्रेस दो गुटों में बंट गई है, और जनता मजे से पॉपकॉर्न खाते हुए इस लड़ाई को देख रही है।'
SIR और चुनाव में गड़बड़ी को लेकर INDI गठबंधन की महारैली
भाजपा का यह हमला ऐसे समय में आया है जब इंडिया गठबंधन के शीर्ष नेताओं ने मतदाता सूची के SIR और चुनावी प्रक्रिया में कथित गड़बड़ियों के खिलाफ दिल्ली में चलो दिल्ली मार्च निकाला। यह मार्च मिंटो रोड-कनॉट प्लेस जंक्शन से शुरू होकर रामलीला मैदान पहुंचा।
इस शक्ति प्रदर्शन में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ममता बनर्जी, टीएमसी सांसद अभिषेक बनर्जी, समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव, तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी, नेशनल कॉन्फ्रेंस के अध्यक्ष फारूक अब्दुल्ला, पीडीपी प्रमुख महबूबा मुफ्ती और सीपीआई नेता डी. राजा समेत कई दिग्गज विपक्षी नेता एक मंच पर मौजूद रहे।
भाजपा के आरोप इस बात पर केंद्रित थे कि रैली में वक्ताओं की सूची में प्रियंका गांधी का नाम नहीं था और 'मॉक संसद' कार्यक्रम में उनके बैठने की व्यवस्था अलग थी।
हालांकि भंडारी ने इस बात का कोई स्वतंत्र सबूत नहीं दिया कि राहुल गांधी ने अपनी बहन को किसी भी कार्यक्रम में बोलने से रोका था।
यह भी पढ़ें- 'पूरे 10000 करोड़ रुपये का नुकसान', कांग्रेस की महारैली पर भड़के दिल्ली के व्यापारी
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।