डायबिटीज मरीजों के लिए बड़ी राहत, हफ्ते में सिर्फ एक बार लगेगा इंसुलिन
डेनमार्क की नोवो नोर्डिस्क ने भारत में टाइप-1 और टाइप-2 डायबिटीज के मरीजों के लिए सप्ताह में एक बार लगने वाला इंसुलिन इंजेक्शन 'अवीकली' लॉन्च किया है।

डायबिटीज मरीजों के लिए बड़ी राहत
HighLights
नोवो नोर्डिस्क ने लॉन्च किया साप्ताहिक इंसुलिन 'अवीकली'।
डायबिटीज मरीजों को सालभर में लगेंगे केवल 52 इंजेक्शन।
बेहतर ब्लड शुगर नियंत्रण और मानसिक बाधाओं में कमी।
जागरण न्यूज नेटवर्क, नई दिल्ली। डायबिटीज के मरीजों के लिए राहत भरी खबर है। डेनमार्क की दवा कंपनी नोवो नोर्डिस्क ने भारत में टाइप-1 और टाइप-2 डायबिटीज से पीड़ित वयस्कों के लिए सप्ताह में एक बार लगने वाला इंसुलिन इंजेक्शन 'अवीकली' लॉन्च किया है।
कंपनी का दावा है कि यह दुनिया का पहला बेसल इंसुलिन है, जिसे रोजाना की बजाय सप्ताह में केवल एक बार लेना होता है।
365 के बजाय केवल 52 इंजेक्शन
इस नई थेरेपी से मरीजों को सालभर में 365 के बजाय केवल 52 इंजेक्शन लगाने पड़ेंगे। कंपनी के अनुसार, वैश्विक आनवर्ड्स-1 क्लीनिकल ट्रायल में अवीकली ने रोजाना दिए जाने वाले इंसुलिन ग्लारजीन-यू100 की तुलना में ब्लड शुगर (एचबीए1सी) को बेहतर ढंग से नियंत्रित करने और ग्लूकोज को सुरक्षित स्तर पर अधिक समय तक बनाए रखने में अच्छे नतीजे दिए।
साथ ही, अधिक मरीज बिना गंभीर हाइपोग्लाइसीमिया (ब्लड शुगर का बहुत कम हो जाना) के लक्ष्य हासिल कर सके।
एएनआइ के अनुसार, नोवो नोर्डिस्क इंडिया के प्रबंध निदेशक विक्रांत श्रोत्रिय ने कहा कि सप्ताह में एक बार इंसुलिन लेने की सुविधा मरीजों में इंजेक्शन का डर, इलाज की जटिलता और नियमित दवा लेने से जुड़ी मानसिक बाधाओं को कम कर सकती है।
कंपनी ने इसके 700 यूनिट पैक की कीमत 2,611 रुपये तय की है, यानी प्रति यूनिट लागत लगभग 3.73 रुपये होगी, जो कई मौजूदा रोजाना इंसुलिन विकल्पों से कम बताई जा रही है।
इंद्रप्रस्थ अपोलो हास्पिटल के वरिष्ठ एंडोक्रिनोलाजिस्ट डॉ. एस.के. वांगनू ने कहा कि रोजाना इंजेक्शन की वजह से कई मरीज इंसुलिन थेरेपी शुरू करने में देरी करते हैं। ऐसे में सप्ताह में एक बार लगने वाला इंजेक्शन समय पर इलाज शुरू करने और बेहतर शुगर नियंत्रण में मददगार हो सकता है।
भारत में डायबिटीज का बढ़ता बोझ
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, भारत में 10 करोड़ से अधिक लोग डायबिटीज से पीड़ित हैं, जबकि करीब 13.6 करोड़ लोग प्री-डायबिटीज की श्रेणी में हैं।
विशेषज्ञों के अनुसार, देश में मरीज औसतन 7 से 9 वर्ष की देरी से इंसुलिन थेरेपी शुरू करते हैं। ऐसे में कम बार दिए जाने वाले और आसान उपचार विकल्प इस देरी को कम करने में अहम भूमिका निभा सकते हैं।
क्या करता है इंसुलिन?
इंसुलिन वह हार्मोन है जो ग्लूकोज को खून से शरीर की कोशिकाओं तक पहुंचाने में मदद करता है। टाइप-1 और एडवांस्ड टाइप-2 डायबिटीज के मरीजों को ब्लड शुगर नियंत्रित रखने के लिए इंसुलिन की जरूरत पड़ती है। अब तक अधिकांश मरीजों को इसे रोजाना लेना पड़ता था, लेकिन नई साप्ताहिक थेरेपी इस प्रक्रिया को काफी आसान बना सकती है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।