92% लोगों को जीवन में एक बार होगा कैंसर, WHO की रिपोर्ट में खुलासा
डब्ल्यूएचओ और आईएआरसी की रिपोर्ट के अनुसार, दुनिया के 92% लोग अपने जीवन में कैंसर से प्रभावित होंगे और हर पांच में से एक व्यक्ति इस बीमारी का शिकार होगा।
-1783605680890_m.webp)
92% लोगों को जीवन में एक बार होगा कैंसर
HighLights
92% लोग जीवन में कम से कम एक बार कैंसर से प्रभावित होंगे।
कैंसर हृदय रोगों के बाद मृत्यु का दूसरा सबसे बड़ा कारण।
कैंसर नियंत्रण को सार्वभौमिक स्वास्थ्य कवरेज में शामिल करने का आह्वान।
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) और उसकी कैंसर एजेंसी इंटरनेशनल एजेंसी फार रिसर्च आन कैंसर (आइएआरसी) की संयुक्त रिपोर्ट के अनुसार, दुनिया के लगभग 92 प्रतिशत लोग अपने जीवन में कम से कम एक बार कैंसर से प्रभावित होंगे, जबकि हर पांच में से एक व्यक्ति इस बीमारी का शिकार होगा।
रिपोर्ट में कहा गया है कि कैंसर केवल मरीज ही नहीं, बल्कि उसके परिवार पर भी गहरा शारीरिक, मानसिक और आर्थिक असर डालता है।
रिपोर्ट के अनुसार, कैंसर की रोकथाम, समय पर जांच, उपचार और सहायक देखभाल तक पहुंच में देशों के बीच बड़ी असमानता बनी हुई है।
92% लोगों को जीवन में एक बार होगा कैंसर
उच्च आय वाले देशों में स्तन कैंसर से पीड़ित 87 प्रतिशत महिलाएं निदान के पांच वर्ष बाद तक जीवित रहती हैं, जबकि निम्न आय वाले देशों में यह आंकड़ा केवल 42 प्रतिशत है। तीन में से एक से भी कम देशों ने कैंसर उपचार को सार्वभौमिक स्वास्थ्य कवरेज (यूएचसी) में शामिल किया है।
रिपोर्ट में बताया गया है कि दुनिया में हर वर्ष करीब 2.06 करोड़ नए कैंसर मरीज सामने आते हैं और लगभग एक करोड़ लोगों की मौत इस बीमारी से होती है। प्रतिदिन 26 हजार से अधिक लोगों की जान जाने के कारण कैंसर, हृदय रोगों के बाद दुनिया में मृत्यु का दूसरा सबसे बड़ा कारण बना हुआ है।
रिपोर्ट के अनुसार, 82 प्रतिशत देशों के पास राष्ट्रीय कैंसर नियंत्रण योजना है, लेकिन इनका लाभ अपेक्षित गति से लोगों तक नहीं पहुंच रहा है।
निम्न और निम्न-मध्यम आय वाले देशों में कैंसर की 20 प्रमुख आवश्यक दवाओं की उपलब्धता केवल नौ से 54 प्रतिशत तक है, जबकि उच्च आय वाले देशों में यह 68 से 94 प्रतिशत के बीच है।
रिपोर्ट में सरकारों, अंतरराष्ट्रीय संगठनों और निजी क्षेत्र से कैंसर नियंत्रण को सार्वभौमिक स्वास्थ्य कवरेज का हिस्सा बनाने, सामाजिक सुरक्षा मजबूत करने और मरीज-केंद्रित स्वास्थ्य व्यवस्था विकसित करने का आह्वान किया गया है।
(समाचार एजेंसी पीटीआई के इनपुट के साथ)
यह भी पढ़ें- ऑस्ट्रेलिया से भारत आएंगी भद्रकाली, नंदी और कार्तिकेय की 11वीं सदी की मूर्तियां, क्या है इनका महत्व?