बेंगलुरु: फेविक्विक से चिपकाए हाथ, चाकू से किया हमला... दिनदहाड़े दुकान में घुसकर महिला से लूट की कोशिश
बेंगलुरु के इंदिरा नगर में एक जूते की दुकान में दिनदहाड़े लूट का प्रयास हुआ, जहां एक महिला कर्मचारी पर हथियार से हमला किया गया।
HighLights
इंदिरा नगर में दिनदहाड़े जूते की दुकान में लूट का प्रयास।
महिला कर्मचारी पर चाकू से हमला, फेवीक्विक से हाथ चिपकाए।
आरोपी प्रभुराज गिरफ्तार, लूटी सोने की चेन बरामद।
डिजिटल डेस्क, बेंगलुरु। बेंगलुरु के पॉश इलाके इंदिरा नगर में एक सनसनीखेज लूट की वारदात सामने आई। 100 फीट रोड स्थित एक जूता दुकान में एक लूटेरा घुसा और वहां काम करने वाली एक महिला कर्मचारी से हथियार के बल पर लूट की । हालांकि पुलिस और स्थानीय लोगों ने आरोपी को तुरंत गिरफ्तार कर लिया गया।
हेलमेट और दस्ताने में काउंटर फांदकर दुकान में घुसा
पुलिस में दर्ज शिकायत के मुताबिक डोमलुर की रहने वाली 23 वर्षीय जयश्री पिछले तीन सालों से इंदिरा नगर के 100 फीट रोड पर स्थित इस दुकान में रिसेप्शनिस्ट के तौर पर काम कर रही है। यह दुकान रंजीत कुमार की है।
जयश्री का काम ग्राहकों द्वारा मरम्मत के लिए लाए गए जूतों और बैग को लेना, रसीद देना और सामान को वर्कशॉप तक पहुंचाना है। आमतौर पर वह अकेले ही दुकान का रोजमर्रा का कामकाज संभालती है।
यह घटना 31 अक्टूबर को सुबह करीब 11:45 बजे की है। जयश्री ने बताया कि हेलमेट और दस्ताने पहने एक व्यक्ति अचानक दुकान में घुसा और सीधे रिसेप्शन काउंचर के ऊपर छलांग लगाकर अंदर आ गया। आरोपी ने जयश्री से कहा कि कोई उसे मारने आ रहा है और शोर न मचाने की धमकी दी।
जब महिला ने दुकान के मालिक को फोन करने की कोशिश की, तो आरोपी ने उसे जबरन बैठा दिया। उसने महिला का मुंह दबाया और उसके गले व हाथों पर चाकू से हमला किया।
फेविक्विक से चिपकाए हाथ, मुंह में ठूंसा कपड़ा
लूट की घटना के दौरान आरोपी ने क्रूरता की सारी हदें पार कर दीं। आरोपी ने महिला को धमकी दी कि अगर उसने आवाज उठाई तो वह उसे मार देगा।
इसके बाद उसने महिला के दोनों हाथों पर फेवीक्विक लगाकर उन्हें आपस में चिपका दिया। इसके बाद उसने मेज पर रखा कपड़ा महिला के मुंह में ठूंस दिया ताकि वह चीख न सके।
इसके बाद आरोपी ने महिला कर्मचारी के गले से 35 ग्राम का सोने का मंगलसूत्र जबरन खींचकर अपनी जेब में रख लिया।
महिला ने छुड़ाए हाथ, मदद की लगाई गुहार
लूट के बाद जब आरोपी भागने लगा तो जयश्री ने पूरी ताकत लगाकर चिपके हाथों को डेस्क से छुड़ाया और बाहर की ओर भागते हुए मदद की गुहार लगाई।
चीख सुनकर आसपास के लोग दुकान की तरफ दौड़े। पकड़े जाने के डर से आरोपी ने दोबारा जयश्री के बाल पकड़े उसे अंदर खींच लिया और गर्दन पर चाकू रखकर बाहर मौजूद भीड़ को पास न आने की चेतावनी दी।
इसी बीच दुकान मालिक रंजीत कुमार भी कुछ अन्य लोगों के साथ मौके पर पहुंच गए। आरोपी ने चाकू लहराकर रंजीत पर भी हमला कर दिया। इसके बाद वह पीड़िता को खींचते हुए बाहर निकला और भीड़ को चीरते हुए भागने लगा।
घटना का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है। इसमें आरोपी महिला को चाकू की नोक पर पकड़े हुए दिखाई दे रहा है। वीडियो में आसपास लोग भी मौजूद हैं।
भीड़ और ट्रैफिक पुलिस ने दबोचा, आरोपी गिरफ्तार
आरोपी को भागता देख स्थानीय दुकानदारों, राहगीरों और ड्यूटी पर तैनात ट्रैफिक पुलिसकर्मियों ने तुरंत उसका पीछा किया और कुछ ही दूरी पर उसे धर दबोचा। पकड़े गए आरोपी की पहचान 40 वर्षीय प्रभुराज उर्फ राज के रूप में हुई है।
सूचना मिलते ही मौके पर इंदिरा नगर थाना पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया और लूटी गई सोने की चेन बरामद कर ली। पुलिस ने जयश्री की शिकायत पर BNS की संबंधित धाराओं के तहत लूट का मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस उपायुक्त विक्रम अमाथे ने बताया कि पीड़ित सुरक्षित है। शुरुआती पूछताछ में आरोपी मानसिक रूप से परेशान और डिप्रेशन से ग्रस्त प्रतीत हो रहा है। पुलिस उसके आपराधिक इतिहास और बैकग्राउंड की गहनता से जांच कर रही है।
यह भी पढ़ें- सड़क दुर्घटना में तीन वर्षीय बच्चे का फटा पेट, GMCH में 2 घंटे की सर्जरी के बाद बची जान
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।