बेंगलुरु: पत्नी को बेवफा मानता था पति, हत्या कर नाले में फेंक दी लाश; पुलिस ने किया गिरफ्तार
बेंगलुरु पुलिस ने एक प्रवासी मजदूर मोहम्मद इरफाज को अपनी पत्नी रुखसाना की हत्या के आरोप में गिरफ्तार किया है।

प्रवासी मजदूर ने बेवफाई के शक में पत्नी की हत्या की

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
डिजिटल डेस्क, बेंगलुरु। बेंगलुरु पुलिस ने गुरुवार को बिहार के 22 साल के प्रवासी मजदूर को अपनी 25 साल की पत्नी की हत्या के आरोप में गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को पत्नी के बेवफा होने का शक था, जिसके चलते उसने उसकी हत्या कर दी और शव को बारिश के पानी की नाली में फेंक दिया।
समाचार एजेंसी ANI के अनुसार, आरोपी की पहचान मोहम्मद इरफाज के रूप में हुई है, जबकि मृतक महिला का नाम रुखसाना था। दोनों बिहार के रहने वाले थे। पुलिस के मुताबिक, इस कपल की शादी लगभग एक साल पहले हुई थी।
बेवफाई के शक में पति ने पत्नी की हत्या की
रुखसाना की यह दूसरी शादी थी और पहली शादी से उसका एक बच्चा भी है। बताया जा रहा है कि बिहार में गुब्बारे बेचते समय दोनों को एक-दूसरे से प्यार हो गया था। करीब छह महीने पहले दोनों बेंगलुरु आए थे, जहां इरफाज को एक कपड़े की फैक्ट्री में कम मिल गया।
पुलिस ने बताया कि पिछले कुछ महीनों से उनके रिश्ते में खटास आ गई थी। इरफाज को शक था कि रुखसाना का किसी और के साथ अफेयर है, क्योंकि वह अक्सर फोन पर किसी से बात करती थी।
इस बात को लेकर दोनों के बीच अक्सर झगड़ा हुआ करता था। पुलिस के मुताबिक 10 अक्टूबर को यह झगड़ा हाथापाई में बदल गया, जब इरफाज ने पत्थर से रुखसाना पर हमला कर दिया जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद उसने कथित तौर पर उसके मुंह में कपड़ा ठूंस दिया।
बेंगलुरु पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया
अपराध को छिपाने के लिए, इरफाज ने कथित तौर पर पास में खड़ी एक लावारिस मोटरसाइकिल का हैंडल लॉक तोड़ दिया। उसने रुखसाना के शव को एक बैग में भरा और उसे हैंडल के बीच रखा गाड़ी को धक्का देकर गोपालपुरा के नाले के पास ले गया और शव को नाले में फेंक दिया। 13 अक्टूबर को, प्लास्टिक कवर में लिपटा हुआ शव नाले से मिला।
शुरुआत में पुलिस पीड़िता की पहचान नहीं कर पाई। बाद में मगदी रोड पुलिस ने 10 से अधिक टीमें बनाईं, जिन्होंने घर-घर जाकर जांच की और इलाके में हाल ही में दर्ज की गई गुमशुदगी की शिकायतों का मिलान किया।
जांच के दौरान, स्थानीय लोगों ने पुलिस को बताया कि गोपालपुरा में रहने वाली एक महिला कई दिनों से लापता है। इसके बाद इरफाज से पूछताछ की गई। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने पूछताछ के दौरान अपना जुर्म कबूल कर लिया है। मामले की आगे की जांच चल रही है।
