बेंगलुरु में पत्नी के अफेयर पर खूनी खेल, सौतेले बेटे की हत्या; वाइफ पर चाकू और हथौड़े से किया हमला
बेंगलुरु में एक घरेलू झगड़े ने खूनी रूप ले लिया, जहां एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी के कथित अफेयर को लेकर अपने सौतेले बेटे की चाकू और हथौड़े से हत्या कर दी।

बेंगलुरु में पिता ने सौतेले बेटे की कर दी हत्या (फोटो-सोशल मीडिया)
HighLights
पति ने पत्नी के अफेयर पर सौतेले बेटे की हत्या की।
चाकू-हथौड़े से हमला कर पत्नी को भी गंभीर रूप से घायल किया।
बेंगलुरु में तीन दिन बाद आरोपी सुदीप को पुलिस ने पकड़ा।
डिजिटल डेस्क, बेंगलुरु। बेंगलुरु में पति-पत्नी के बीच घरेलू झगड़ा खूनी खेल में बदल गया। पुलिस ने शुक्रवार को बताया कि 44 वर्षीय व्यक्ति ने अपनी पत्नी और उसके 18 साल के बेटे पर चाकू और हथौड़े से हमला कर दिया।
पिता के चाकू और हथौड़े से हमला करने की वजह से सौतेले बेटे की मौत हो गई और उसकी पत्नी घायल हो गई। आरोपी महिला को एक कमरे में बंद करके मौके से फरार हो गया।
मामला सामने आने पर घटना के करीब तीन दिन बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी की पहचान सुदीप के रूप में हुई है, जो पहले प्राइवेट बैंकिंग सेक्टर में काम करता था।
पिता ने की सौतेले बेटे की हत्या
सुदीप ने 16 नवंबर को बनशंकरी पुलिस स्टेशन के अंतर्गत पद्मनाभनगर स्थित अपार्टमेंट में अपनी पत्नी सीमा (43) और उसके बेटे सोहम (18) पर हमला किया था। सीमा एक इंश्योरेंस कंपनी में काम करती थी।
शुरुआती जांच के हवाले से एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि सुदीप, सीमा का दूसरा पति था, जबकि सोहम सीमा की पहली शादी से हुआ बेटा था। सुदीप को शक था कि सीमा का किसी और के साथ अवैध संबंध है, जिसे लेकर उनके बीच झगड़ा हुआ।
पुलिस के मुताबिक, यह हमला 16 नवंबर को रात 9 बजे से 11 बजे के बीच हुआ, जिसके बाद सुदीप वहां से भाग गया। इस घटना का पता तब चला जब मकान मालिक बी. मल्लैया ने शिकायत दर्ज कराई।
मल्लैया ने 3 अक्टूबर 2024 को पद्मनाभनगर में अपना फ्लैट सीमा को किराए पर दिया था, जहां वह अपने पति और बेटे के साथ रह रही थी।
सीमा की शिकायत के आधार पर, पुलिस ने सुदीप के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) (हत्या) और 109(1) (हत्या का प्रयास) के तहत मामला दर्ज किया। पुलिस ने बताया कि बाद में उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
यह भी पढ़ें- जमीन के बंटवारे ने बना दिया था दुश्मन, 6 महीने बाद थाने में गले लगकर फूट-फूटकर रोए दो भाई; VIDEO