विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

एक और एनकाउंटर: बंगाल में आधी रात क्राइम सीन रीक्रिएशन के दौरान मुठभेड़, नाबालिग से दुष्कर्म और हत्या का आरोपी ढेर

Published: Tue, 27 Oct 2026 08:47 AM (IST)

बंगाल के गायघाटा में किशोरी से दुष्कर्म और हत्या के मुख्य आरोपी प्रह्लाद दास की पुलिस मुठभेड़ में मौत हो गई। यह घटना क्राइम सीन री-क्रिएशन के दौरान हुई।

दुष्कर्म और हत्या के मुख्य आरोपी प्रह्लाद दास

दुष्कर्म और हत्या के मुख्य आरोपी प्रह्लाद दास

HighLights

  1. किशोरी से दुष्कर्म-हत्या का आरोपी प्रह्लाद दास मुठभेड़ में ढेर।

  2. क्राइम सीन री-क्रिएशन के दौरान पुलिस से हुई मुठभेड़।

  3. बंगाल में बारूईपुर के बाद यह दूसरी ऐसी घटना।

राज्य ब्यूरो, कोलकाता। बंगाल के उत्तर 24 परगना जिले के गायघाटा इलाके में मंगलवार तड़के पुलिस एनकाउंटर में किशोरी से दुष्कर्म और नृशंस हत्या के मुख्य आरोपी प्रह्लाद दास की मौत हो गई। बारूईपुर में घटी ऐसी ही घटना के महज साढ़े तीन महीने के भीतर राज्य में पुलिस मुठभेड़ की यह दूसरी घटना है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, बांग्लादेश सीमा से महज चार किलोमीटर दूर स्थित वारदात स्थल पर तड़के पुलिस आरोपित प्रह्लाद को लेकर अपराध का री-क्रिएशन (घटना का पुनर्निर्माण) कराने पहुंची थी। इसी दौरान आरोपित ने अचानक पुलिसकर्मी की सरकारी पिस्तौल छीन ली और फायरिंग कर दी।

इस अप्रत्याशित हमले में एक पुलिसकर्मी घायल हो गया। पुलिस का दावा है कि आत्मरक्षा में चलाई गई जवाबी गोली से आरोपित गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तुरंत चांदपाड़ा ग्रामीण अस्पताल ले जाया गया, जहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

क्या है पूरा मामला?

बताते चलें कि गत शनिवार रात 17 वर्षीया किशोरी अपने गांव में आयोजित एक सांस्कृतिक कार्यक्रम (जलसा) में गई थी। देर रात 11:30 बजे एक संदिग्ध फोन आने के बाद वह अचानक गायब हो गई।

अगली सुबह पड़ोसी के घर के पीछे से उसका नग्न और लहुलुहान शव बरामद हुआ था। परिजनों के आरोपों के आधार पर पुलिस ने रिश्ते में संबंधी लगने वाले आरोपित प्रह्लाद दास को रविवार को ही गिरफ्तार कर लिया था।

ज्ञात हो कि इससे पहले जुलाई में बारूईपुर में भी नाबालिग से सामूहिक दुष्कर्म के आरोपित प्रभास मंडल की इसी तरह आधी रात री-क्रिएशन के दौरान पुलिस गोलीबारी में मौत हुई थी।

बारूईपुर एनकाउंटर की प्रक्रिया, समय और परिस्थितियों पर कलकत्ता उच्च न्यायालय में पहले से ही सुनवाई चल रही है और कोर्ट ने सीसीटीवी फुटेज सुरक्षित रखने के आदेश दिए थे।

यह भी पढ़ें- बंगाल: बीजेपी कार्यकर्ता पर महिला से दुष्कर्म का आरोप, पुलिस ने शुरू की आरोपी की तलाश

यह भी पढ़ें- बंगाल निकाय चुनाव: SIR के बाद ही हों मतदान, विपक्षी दलों ने राज्य चुनाव आयुक्त को सौंपा ज्ञापन