यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Sep 17, 2016 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
गुजरात: 29 वर्षीय व्यक्ति की संदिग्ध गो-रक्षकों ने की पिटाई, 4 दिन बाद हुई मौत
गुजरात में कथित गोरक्षा के नाम पर एक व्यक्ति पर हमला किया गया जिससे व्यक्ति की मौत हो गयी।

अहमदाबाद। गुजरात के अहमदाबाद में चार दिन पहले कथित गो-रक्षकों ने एक 29 वर्षीय व्यक्ति की जमकर पिटाई कर दी थी जिसके बाद उसे गंभीर चोटों के साथ शहर के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया था जहां शुक्रवार को उसकी मौत हो गयी।
पुलिस ने बताया कि मोहम्मद अयूब नाम के व्यक्ति पर मंगलवार को कथित गोरक्षकों ने उस समय हमला कर दिया जब वह समीर शेख नाम के एक अन्य साथी के साथ गाय और एक बछड़ा ले जा रहा था। मंगलवार तड़के 3 बजे हाइवे पर अयूब की कार की एक अन्य कार से टक्कर हो गयी और इस हादसे में बछड़े की मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि इस दुर्घटना के बाद अयूब ने मौके से भागने की कोशिश भी की, लेकिन कुछ लोगों ने उसका पीछा कर पकड़ लिया और जमकर पिटाई की।
पढ़ें- जिनके घर में गाय नहीं, वह गोरक्षा की बात न करें: गोयल
हालांकि अयूब के साथी समीर शेख भाग्यशाली रहा जिसे वहीं पास में ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मी ने बचा लिया। बाद में तीन गोरक्षकों ने मोहम्मद अयूब और समीर शेख के खिलाफ जानवरों की गैरकानूनी तस्करी के लिए पुलिस में शिकायत भी दर्ज कराई। वहीं अयूब के परिवार ने आरोप लगाया है कि कि गो-तस्करी की शिकायत दर्ज कराने वाले लोग भी उन लोगों में शामिल थे जिन्होंने अयूब की पिटाई की थी। वहीं पुलिस का कहना है कि इस बात के कोई सबूत नहीं हैं कि कौन-कौन लोग वारदात के समय वहां मौजूद थे।
वरिष्ठ पुलिस अधिकारी आर.आर भगत ने बताया, 'हमने उन्हें भी हिरासत में लिया, लेकिन समीर भी उनकी पहचान करने में कामयाब नहीं रहा। इसके अलवा हमारे पास फिलहाल कोई और सबूत नहीं हैं जिनसे ये पता चल सके कि वो घटना के समय वहां मौजूद थे।' वहीं अयूब के परिवार का आरोप है कि समीर ने किसी के दवाब में आकर गोरक्षकों की पहचान करने से इनकार कर दिया है।