मुफ्त एटीएम लेनदेन और चार्ज की जानकारी देंगे बैंक, RBI के निर्देश से ग्राहकों को होगा फायदा
आरबीआई ने एटीएम और पीओएस नकद निकासी से जुड़े निर्देशों को एक मास्टर निर्देश में समेट दिया है, जिससे 2008 से 2022 के बीच जारी 17 परिपत्र वापस ले लिए गए हैं।

ग्राहकों को अपने बैंक के एटीएम पर हर महीने पांच मुफ्त लेनदेन की सुविधा मिलती है। (फोटो- पीटीआई)।
HighLights
आरबीआई ने एटीएम नकद निकासी के मास्टर निर्देश जारी किए।
बैंकों को मुफ्त लेनदेन और शुल्क की जानकारी देनी होगी।
मौजूदा मुफ्त लेनदेन की सीमाएं बरकरार रहेंगी, ग्राहकों को फायदा।
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। आरबीआई ने एटीएम और प्वाइंट आफ सेल (पीओएस) टर्मिनलों के जरिये नकद निकासी से जुड़े निर्देशों को एक मास्टर निर्देश में समेट दिया है। इसके साथ ही 2008 से 2022 के बीच जारी 17 परिपत्र वापस ले लिए गए हैं।
मास्टर निर्देश के मुताबिक, बैंक ग्राहकों को हर महीने इस्तेमाल किए गए मुफ्त एटीएम लेनदेन की संख्या और इसके बाद निकासी पर लगने वाले शुल्क की जानकारी देने की व्यवस्था करेंगे।
एटीएम पर देनी होगी जानकारी
ग्राहकों को लागू मुफ्त लेनदेन सीमा समझने में मदद के लिए एटीएम पर यह भी स्पष्ट करना होगा कि वह मेट्रो या गैर-मेट्रो क्षेत्र में है। नया ढांचा तत्काल प्रभाव से लागू है।
बरकरार रहेगी मुफ्त लेनदेन की सीमा
मुफ्त लेनदेन की मौजूदा सीमाएं बरकरार रहेंगी। बचत खाते के ग्राहकों को अपने बैंक के एटीएम पर हर महीने पांच मुफ्त लेनदेन मिलेंगे। दूसरे बैंकों के एटीएम पर मेट्रो केंद्रों में तीन और गैर-मेट्रो केंद्रों में पांच मुफ्त लेनदेन की सुविधा होगी।
(समाचार एजेंसी आईएएनएस की जानकारी के साथ)