यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Apr 07, 2025 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
दादी के मोबाइल से बच्ची ने भेजी अपनी नग्र फोटो, पूछने पर चौंकाने वाला खुलासा; बैडमिंटन कोच कर रहा था दुष्कर्म
तमिलनाडु के रहने वाले बैडमिंटन कोच पर बेंगलुरु में एक 16 वर्षीय छात्रा के यौन शोषण का आरोप लगा है। ...और पढ़ें

HighLights
- बैडमिंटन कोच कई बार कर चुका यौन शोषण।
- मोबाइल में कई अन्य लड़कियों की फोटो मिलीं।
- पॉक्सो एक्ट के तहत पुलिस ने दर्ज किया मामला।
पीटीआई, बेंगलुरु। कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां एक बैडमिंटन कोच पर दुष्कर्म का आरोप लगा है। 16 वर्षीय बच्ची की शिकायत पर पुलिस ने बैडमिंटन कोच को गिरफ्तार कर लिया है। बच्ची आरोपित के पास बैडमिंटन की ट्रेनिंग ले रही थी।
कई बार यौन शोषण कर चुका कोच
पुलिस ने बताया कि नाबालिग लड़की ने अपने दादी के मोबाइल फोन से किसी अनजान नंबर पर अपनी नग्न फोटो भेजी थी। इस बात की भनक दादी को लग गई। उन्होंने तुरंत मामले की जानकारी बच्ची के माता-पिता को दी।
पुलिस ने बताया कि बच्ची की मां ने फोटो भेजने की वजह पूछी तो लड़की ने बताया कि कोच अतिरिक्त प्रशिक्षण देने के बहाने कई बार उसका यौन शोषण कर चुका है। इस बारे में किसी को कुछ भी नहीं बताने की धमकी भी दे चुका है।
घर में भी किया यौन शोषण
पीड़ित लड़की की मां ने तुरंत पुलिस के पास शिकायत दर्ज कराई। पुलिस के मुताबिक अपनी शिकायत में बच्ची की मां ने कहा कि दो साल पहले उनकी बेटी ने एक स्पोर्ट्स सेंटर में बैडमिंटन कोचिंग में दाखिला लिया था। यहां कोच ने कई बार उसका यौन शोषण किया। बच्ची को घर भी ले गया... वहां भी घिनौनी वारदात को अंजाम दिया।
तमिलनाडु का रहने वाला है कोच
मां ने अपनी शिकायत में बताया कि 10वीं की परीक्षा देने के बाद बेटी अपनी दादी के घर चली गई थी। 30 मार्च को अपने बैडमिंटन कोच के कहने पर बच्ची ने अपनी कुछ नग्न तस्वीरें भेजीं। उधर, एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने जानकारी दी है कि शिकायत के आधार पर तमिलनाडु के रहने वाले कोच के खिलाफ पॉक्सो एक्ट में मामला दर्ज कर उसे गुरुवार को गिरफ्तार कर लिया गया है।
कई और लड़कियों की नग्न फोटो मिलीं
पुलिस के मुताबिक पूछताछ के दौरान आरोपी ने कबूल किया कि उसने कई बार लड़की का यौन शोषण किया। उसने बच्ची की नग्न तस्वीरें ली थी। जांच में उसके फोन में फोटो मिलीं। पुलिस अधिकारी ने यह भी बताया कि आरोपित बैडमिंटन कोच के फोन पर अन्य लड़कियों की भी नग्न तस्वीरें मिली हैं।
