विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'चाहे टुकड़े-टुकड़े कर दो, हम अपनी जमीन नहीं छोड़ेंगे'; अरुणाचल में सियांग बांध परियोजना के खिलाफ ग्रामीणों का एलान

Published: Thu, 26 Nov 2026 08:55 AM (IST)

अरुणाचल प्रदेश में प्रस्तावित सियांग बांध परियोजना का स्थानीय लोग कड़ा विरोध कर रहे हैं, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के आश्वासन के बावजूद ग्रामीण अपनी पैतृक जमीन छोड़ने को तैयार नहीं हैं। 

(प्रतीकात्मक फाइल फोटो)

(प्रतीकात्मक फाइल फोटो)

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

डिजिटल डेस्क, ईटानगर। अरुणाचल प्रदेश में प्रस्तावित सियांग बांध परियोजना के खिलाफ स्थानीय लोगों का विरोध थमने का नाम नहीं ले रहा है।

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह द्वारा विकास और देश के सबसे आकर्षक पुनर्वास पैकेज के आश्वासन के बावजूद, प्रभावित ग्रामीणों ने इस परियोजना को मानने से साफ इनकार कर दिया है।

मंगलवार को ऊपरी सियांग जिले में राज्य सरकार और केंद्रीय ऊर्जा मंत्रालय के अधिकारियों के साथ हुई एक बैठक में सिमोंग गांव के प्रधान तान्यो लिपिर ने कड़ा रुख अपनाया।

टीओआई के अनुसार, 11200 मेगावाट की प्रस्तावित सियांग अपर मल्टीपर्पज प्रोजेक्ट के लिए अपने पुश्तैनी घर छोड़ने से इनकार करते हुए उन्होंने कहा कि अपनी इस खूबसूरत जगह और घरों को छोड़कर हम पानी के किनारे भालू और बंदरों के साथ कैसे रहेंगे? हम क्या खाएंगे? अगर सरकार हमें पैसे दे भी दे, तो हम उन पैसों का क्या करेंगे?

इसलिए हम सियांग बांध के लिए सहमत नहीं हो सकते। आप हमें टुकड़ों में काटकर फेंक सकते हैं, लेकिन हम सियांग बांध का निर्माण नहीं होने देंगे। उनका यह बयान सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

सरकारी बैठकों का बहिष्कार

सरकार द्वारा प्री-फिजिबिलिटी रिपोर्ट के लिए ड्रिलिंग स्थलों के आसपास ग्रामीण स्तर पर बैठकें कर समर्थन जुटाने की कोशिशों के बावजूद कई गांवों के प्रधानों ने इस परियोजना को खारिज कर दिया है। सोमवार और मंगलवार को ये बैठकें आयोजित की गई थीं।

वहीं, बांध विरोधी आंदोलन के मुख्य केंद्र गेकू के निवासियों ने बुधवार को संभागीय आयुक्त अमजद टाक और ऊर्जा मंत्रालय के निदेशक सागर सिंह कलसी के साथ होने वाली बैठक का बहिष्कार किया। प्रस्तावित जलाशय यिंगकियोंग से लगभग 35 किलोमीटर नीचे की ओर गेकू के पास ही बनाया जाना है।

आदिवासी संगठनों ने बातचीत की पेशकश ठुकराई

इस मुद्दे पर विरोध और तेज हो गया है, क्योंकि आदि बाने केबांग यूनाइटेड ने गृह मंत्री अमित शाह की बातचीत की पेशकश को ठुकरा दिया है।

संगठन ने उन पर आदि-विरोधी और आदिवासी-विरोधी होने का आरोप लगाते हुए स्पष्ट किया है कि जब तक केंद्रीय सुरक्षा बलों को वापस नहीं बुलाया जाता और हिरासत में लिए गए व गिरफ्तार किए गए सभी प्रदर्शनकारियों को रिहा नहीं किया जाता, तब तक कोई बातचीत नहीं होगी।

ABKU के प्रवक्ता दातिक रतन ने कहा कि अमित शाह जी ने हाल ही में ईटानगर में जो कुछ भी कहा और वे जो भी कर रहे हैं, वह आदिवासी विरोधी है।

वे कहते हैं कि सीमा पार चीन द्वारा बनाए जा रहे बड़े बांध से हमें सुरक्षा देने के लिए सियांग बांध बनाया जा रहा है। लेकिन अगर यहां के लोगों को ही उजाड़ दिया जाएगा, तो फिर ऐसी सुरक्षा की जरूरत किसके लिए होगी?

क्या था गृह मंत्री का आश्वासन?

गौरतलब है कि 21 नवंबर को ईटानगर दौरे के दौरान गृह मंत्री अमित शाह ने कहा था कि यह परियोजना भारत की ऊर्जा सुरक्षा और रणनीतिक हितों के लिए बेहद जरूरी है, लेकिन केंद्र सरकार प्रभावित समुदायों को विश्वास में लिए बिना आगे नहीं बढ़ेगी।

उन्होंने वादा किया था कि उनकी संस्कृति और धार्मिक पहचान से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। बता दें कि 23-24 अक्टूबर को पासीघाट में बांध विरोधी प्रदर्शनों के हिंसक होने के बाद से सियांग के तीन जिलों में केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल (CAPF) की 30 कंपनियां तैनात की गई हैं।

यह भी पढ़ें- अरूणाचल प्रदेश सीमा पर चीन के साथ अभी भी जारी टकराव, ITBP चीफ के दावे से विदेश मंत्रालय ने नहीं किया इनकार

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।