आंध्र प्रदेश: भोगपुरम टोल गेट के पास खड़े ट्रक से भिड़ी कार, मंदिर से लौट रहे पांच श्रद्धालुओं की मौत
आंध्र प्रदेश के विजयनगरम में एक टोल गेट के पास खड़ी लॉरी से कार टकराने से 5 लोगों की मौत हो गई।

टोल पर कार और लॉरी टक्कर में 5 लोगों की मौत। (फोटो-AI जेनरेटेड )
HighLights
विजयनगरम में खड़ी लॉरी से कार टकराने से पांच की मौत।
हादसा ड्राइवर को नींद आने के कारण होने की आशंका।
मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू ने घटना पर दुख व्यक्त किया।
डिजिटल डेस्क, अमरावती। आंध्र-प्रदेश के विजयनगरम में मंगलवार को एक टोल गेट के पास खड़ी लॉरी से कार के टकरा जाने से 5 लोगों की मौत हो गई।
सड़क किनारे खड़ी लॉरी से टकराई कार
न्यूज एजेंसी PTI को जानकारी देते हुए एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि यह हादसा सुबह करीब 7:30 बजे हुआ जब एक SUV सड़क किनारे खड़ी लॉरी से जा टकराई।
विजयनगरम के पुलिस अधीक्षक ए.आर. दामोदर ने बताया, 'आज सुबह भोगपुरम टोल गेट के पास एक एसयूवी के खड़ी लॉरी से टकरा जाने से 5 लोगों की मौत हो गई।'
कार सवार 4 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 5वां व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया था, जिसके बाद में इलाज के दौरान मौत हो गई। जानकारी के मुताबिक ये लोग मंदिर के दर्शन करके लौट रहे थे तभी यह हादसा हुआ।
ड्राइवर को नींद आने के कारण हादसा
शुरुआती जांच में पता चला कि थकान के कारण कार चलाते समय ड्राइवर को झपकी आ गई होगी। हालांकि हादसे के सटीक कारण का अभी पता नहीं चल पाया है।
पुलिस हादसे से जुड़ी सभी स्थितियों की जांच कर रही है। इसमें यह भी देखा जा रहा है कि लॉरी किस तरह से खड़ी थी और क्या इसके ड्राइवर की ओर से कोई लापरवाही बरती गई थी।
कार किस समय टोल प्लाजा से गुजरी, यह जानने के लिए टोल गेट के रिकॉर्ड की भी जांच की जाएगी। फिलहाल शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
सीएम ने घटना पर जताया दुख
इस हादसे के बाद सीएम चंद्रबाबू नायडू ने मंगलवार को विजयनगरम, विशाखापत्तनम और पलनाडु जिलों में हुई तीन अलग-अलग सड़क दुर्घटनाओं में लोगों की मौत पर दुख जताया है। उन्होंने अधिकारियों से बात की और हादसों से जुड़ी परिस्थितियों का जायजा लिया।
मुख्यमंत्री ने संबंधित जिला प्रशासन, पुलिस और परिवहन विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे तीनों दुर्घटनाओं की जांच करें, उनके कारणों का पता लगाएं और बचाव के लिए उचित कदम उठाएं। उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि इन घटनाओं में घायल हुए लोगों को सही इलाज मिलना सुनिश्चित किया जाए।
विशाखापत्तनम और पलनाडु में भी सड़क हादसा
विशाखापत्तनम जिले के भटलाजंगलपालेम टोल गेट पर हुई एक अन्य घटना में, एक लॉरी में आग लग गई, जिससे ड्राइवर और क्लीनर केबिन के अंदर ही फंस गए। अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को बताया कि दोनों लोग जिंदा जल गए।
वहीं, पलनाडु जिले के क्रोसुरु मंडल में अयप्पा भक्तों की एक कार नहर में गिर गई, जिसमें 2 भक्तों की मौत हो गई। 3 भक्त अमरावती में दर्शन करके लौट रहे थे, तभी बताया जा रहा है कि ड्राइवर को झपकी आ गई और उसने गाड़ी से नियंत्रण खो दिया। एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया और उसे अस्पताल ले जाया गया।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।