विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पेट्रोल बम, जलती गाड़ियां और हत्या की कोशिश... आंध्र प्रदेश में नेताओं पर हमले के आरोप पर YSRCP ने TDP को घेरा

Published: Fri, 20 Nov 2026 04:29 PM (IST)

आंध्र प्रदेश में वाईएसआरसीपी ने टीडीपी समर्थकों पर अपने नेताओं के घरों और काफिलों पर हमले का आरोप लगाया है, जिससे राज्य में तनाव बढ़ गया है।

आंध्र प्रदेश में राजनीतिक हिंसा (तस्वीर- सोशल मीडिया)

आंध्र प्रदेश में राजनीतिक हिंसा (तस्वीर- सोशल मीडिया)

डिजिटल डेस्क, अमरावती। आंध्र प्रदेश के कई हिस्सों में शुक्रवार को उस समय तनाव फैल गया, जब वाईएसआरसीपी (YSRCP) ने सत्ताधारी टीडीपी (TDP) गठबंधन के समर्थकों पर अपने बड़े नेताओं के घरों और काफिलों पर हमले करने के गंभीर आरोप लगाए।

बता दें कि वाईएसआरसीपी का आरोप है कि ताड़ीपत्री में टीडीपी नेता जेसी प्रभाकर रेड्डी के समर्थकों ने पूर्व विधायक केथिरेड्डी पेड्डारेड्डी के घर पर हमला किया और उन्हें जान से मारने की कोशिश की।

पेट्रोल बम फेंकने का आरोप

पार्टी के मुताबिक, हमलावरों ने पेट्रोल बम फेंके, पेड्डारेड्डी के काफिले की गाड़ियों को नुकसान पहुंचाया और उनमें आग लगा दी। समाचार एजेंसी एएनआई (ANI) की रिपोर्ट के अनुसार, घर के निचले हिस्से में रखे एक जनरेटर को भी आग के हवाले कर दिया गया।

वाईएसआरसीपी ने पुलिस पर भी देरी से पहुंचने का आरोप लगाया। साथ ही कहा कि पुलिस काफी देर बाद मौके पर पहुंची और इकट्ठा हुए टीडीपी समर्थकों को वहां से हटाया।

नामांकन के दौरान सांसद के काफिले पर हमला

दूसरी तरफ, वाईएसआर कडपा जिले के सिम्हाद्रीपुरम में अंकालम्मा गुदूर के पास उस वक्त तनाव बढ़ गया, जब वाईएसआरसीपी सांसद वाईएस अविनाश रेड्डी का काफिला कथित तौर पर निशाने पर आया। वे नामांकन भरने की प्रक्रिया के दौरान पार्टी उम्मीदवारों का हौसला बढ़ाने जा रहे थे।

वाईएसआरसीपी के प्रदेश कार्यालय के अनुसार, टीडीपी एमएलसी रवि के समर्थकों ने सांसद के काफिले पर पत्थर और डंडों से हमला किया तथा गाड़ियों पर पेट्रोल बम फेंके। पार्टी ने इस घटना की कड़ी निंदा करते हुए चुनाव प्रक्रिया में हिस्सा ले रहे जनप्रतिनिधियों और उम्मीदवारों की सुरक्षा को लेकर चिंता जताई।

लोकतंत्र पर हमला का आरोप

वाईएसआरसीपी के राष्ट्रीय प्रवक्ता महबूब शरीफ ने टीडीपी के आधिकारिक प्रवक्ता रवि और उनके समर्थकों पर अविनाश रेड्डी के काफिले पर पत्थर, पेट्रोल बम, हथियार और डंडों से हमला करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि यह सांसद को मारने की सोची-समझी कोशिश थी।

शरीफ ने इस घटना को लोकतांत्रिक व्यवस्था पर हमला बताते हुए कहा कि यह सिर्फ सांसद अविनाश रेड्डी पर हमला नहीं है, बल्कि पूरे लोकतंत्र पर हमला है। ऐसी हरकतें बिल्कुल गलत हैं। गठबंधन सरकार जो कुछ भी कर रही है, वह पूरी तरह अनुचित है।

वाईएसआरसीपी प्रवक्ता ने पुलिस की भूमिका पर उठाए सवाल

वाईएसआरसीपी के राष्ट्रीय प्रवक्ता ने आगे पुलिस की भूमिका पर भी सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि गंभीर हालात के बावजूद पुलिस मूकदर्शक बनी रही और समय पर सही कदम नहीं उठा पाई। शरीफ का आरोप है कि गठबंधन सरकार चुनाव के दौरान राजनीतिक हिंसा और डराने-धमकाने की घटनाओं को बढ़ावा दे रही है।

चुनाव आयोग पर भी साधा निशाना

इतना ही नहीं हाईकोर्ट और सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों का हवाला देते हुए वाईएसआरसीपी प्रवक्ता ने कहा कि शीर्ष अदालत ने चुनाव आयोग को उम्मीदवारों की सुरक्षा पक्की करने का आदेश दिया था, लेकिन आयोग इन निर्देशों को लागू करने में नाकाम रहा है।

उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग भी गठबंधन सरकार की कठपुतली बन गया है। यह एक सोची-समझी साजिश लगती है। सांसद अविनाश रेड्डी की हत्या की कोशिश के लिए बड़ी साजिश रची गई है। वाईएसआरसीपी इसे बर्दाश्त नहीं करेगी। पार्टी का कहना है कि उम्मीदवारों और जनप्रतिनिधियों को बिना किसी डर या धमकी के नामांकन प्रक्रिया में भाग लेने का पूरा हक मिलना चाहिए, और सत्ताधारी गठबंधन सुरक्षित माहौल देने में विफल रहा है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।