विधायकी छोड़ सांसद बनेंगे अमित शाह, गुजरात से लड़ेंगे चुनाव
भाजपा ने शाह और स्मृति ईरानी को राज्यसभा भेजने का किया फैसला...
जागरण ब्यूरो, नई दिल्ली। भाजपा अध्यक्ष अमित शाह अब राज्यसभा में नजर आएंगे। भाजपा की केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक में उन्हें गुजरात से राज्यसभा भेजने का फैसला किया गया। इसके साथ ही समिति ने केंद्रीय मंत्री स्मृति इरानी को भी दोबारा राज्यसभा में भेजने पर मुहर लगा दी है। हालांकि इससे अभी इनकार नहीं है कि गुजरात से ही राज्यसभा में काबिज कांग्रेस के अहमद पटेल को असहज करने के लिए तीसरी सीट पर भी कोई दावेदार उतारा जा सकता है।
गुजरात विधानसभा छोड़कर अमित शाह के राज्यसभा में आने के कारण को लेकर कयास का दौर तेज हो गया है। यह कयास इसलिए भी है क्योंकि अगले महीने केंद्रीय मंत्रिमंडल का विस्तार भी होना है। बहरहाल, कोई यह बताने की स्थिति में नहीं है कि वह मोदी कैबिनेट का हिस्सा बनना चाहेंगे या पार्टी की कमान हाथ में रखना चाहेंगे। वैसे उनके कार्यकाल में जिस तरह भाजपा का विस्तार हुआ है उसे देखते हुए और 2019 का लक्ष्य सामने रखते हुए उनके संगठन में बने रहने की उम्मीद ही ज्यादा है। हां, भविष्य की लंबी दौड़ के लिहाज से राज्यसभा जरूर उन्हें एक नया अनुभव देगा। इस पूरे क्रम में यह जरूर साफ हो गया है कि प्रदेश की दौड़ से उन्होंने खुद को अलग कर लिया है। शाह फिलहाल गुजरात में विधानसभा के सदस्य हैं और अब वहीं से राज्यसभा के सदस्य होंगे।
स्मृति ईरानी पहले से गुजरात से राज्यसभा में सांसद है। उनके छह साल का कार्यकाल पूरा हो रहा है। अब पार्टी ने उन्हें दोबारा गुजरात से ही राज्यसभा में भेजने का फैसला किया है।
गुजरात की तीन सीटें खाली हो रही हैं और भाजपा के पास दो सीटों पर जीत का अंक मौजूद है। लेकिन तीसरे पर भी नजर है। दरअसल, जिस तरह राष्ट्रपति चुनाव में कांग्रेस के कुछ विधायकों ने बगावत की और शंकर सिंह वाघेला ने पार्टी से नाता तोड़ा है उसके बाद कांग्रेस नेता अहमद पटेल के लिए लड़ाई बहुत आसान नहीं होगी।
यह भी पढ़ेंः बिहार में सियासी भूचाल, महागठबंधन टूटा; मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का इस्तीफा