'संविधान से सत्ता चुनने का अधिकार', संविधान गौरव दिवस पर बोले अमित शाह
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने संविधान गौरव दिवस पर दिल्ली में कहा कि संविधान का सम्मान करना हमारा दायित्व है।

संविधान गौरव दिवस पर अमित शाह का संबोधन। (X- @BJP4India)
HighLights
संविधान का सम्मान करना हमारा दायित्व, बोले अमित शाह।
26 नवंबर 1949 को देश की नई यात्रा हुई शुरू।
स्वतंत्रता संग्राम के बलिदानों से देश को आजादी मिली।
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। संविधान गौरव दिवस पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह में दिल्ली में एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि संविधान का सम्मान करना हमारा दायित्व है। 26 नवंबर 1949 को हमारे देश की एक नई यात्रा शुरू हुई। 1857 से 1947 तक चले 90 वर्षों के लंबे स्वतंत्रता संग्राम में अनगिनत बलिदान हुए। कई स्वतंत्रता सेनानियों ने हंसते-हंसते मां भारती को आजाद कराने के लिए यज्ञ की वेदी पर अपना सर्वोच्च बलिदान दिया।
कई लोगों ने अपना घर-बार, व्यापार, करियर, पढ़ाई-लिखाई सब कुछ छोड़कर इस महान राष्ट्र को आजाद कराने के लिए अथक प्रयास किए।
संविधान से ही सत्ता मिलेगी और संविधान से ही सत्ता जाएगी- शाह
गृह मंत्री ने कहा कि देश का संविधान लोगों के सत्ता चुनने का अधिकार देता है। आज जो लोग हाथ में संविधान लेकर घूमते हैं, उनको संविधान पढ़ना चाहिए। संविधान से ही सत्ता मिलेगी और संविधान से ही सत्ता जाएगी। इस देश में कई बार सत्ता परिवर्तन हुए लेकिन कभी हिंसा नहीं हुई, यह सब संविधान की देन है।
अमित शाह ने कहा संविधान का सम्मान करना हम सभी भारतीयों के लिए एक बहुत ही महत्वपूर्ण और गर्व की जिम्मेदारी है। लेकिन, यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि आजादी के बाद, संविधान को केवल सरकार चलाने की एक गाइडबुक के रूप में देखने की कोशिश की गई, और देश के किशोरों, युवाओं और नागरिकों के बीच इसकी भावना को जगाने और मजबूत करने की प्रक्रिया को भुला दिया गया।
हमारी सरकार ने 'संविधान गौरव दिवस' मनाना शुरू किया- शाह
जब 2014 में नरेंद्र मोदी देश के प्रधानमंत्री बने, तो 2015 में उन्होंने यह तय किया कि हर साल 26 नवंबर को 'संविधान गौरव दिवस' के रूप में मनाया जाएगा, ताकि हमारे संविधान के सर्वोच्च मूल्यों को हर स्कूल, कॉलेज और सभी नागरिकों तक पहुंचाया जा सके।
संविधान को हाथ में लेकर घूमने वालों को इसे पढ़ना चाहिए- शाह
गृह मंत्री ने कहा कि जो लोग हमारी सभ्यता का विरोध कर रहे हैं, उनसे मैं कहना चाहता हूं कि अगर आपके पास अपने जीवन में संविधान के लिए 10 से 15 मिनट का समय है, तो कृपया एक बार संविधान की मूल प्रति को देखें।
संविधान की मूल प्रति के अध्यायों की शुरुआत उन चित्रों से होती है, जिनमें भगवान श्री राम का अयोध्या आगमन, भगवान बुद्ध, भगवान महावीर, दशम पिता गुरु गोबिंद सिंह जी, रानी लक्ष्मीबाई, दांडी मार्च और नेताजी सुभाष चंद्र बोस को दर्शाया गया है।
उन्होंने कहा कि जो लोग अपने हाथों में संविधान लेकर घूमते हैं, उनसे मेरी विनम्र प्रार्थना है कि वे संसद की लाइब्रेरी में जाएं, संविधान के लिए 15 मिनट का समय निकालें और संविधान की मूल भावना को समझने के लिए नंदलाल बोस द्वारा बनाए गए चित्रों को देखें।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।